प्रियंका गांधी की सुरक्षा में चूक के बाद अब उनके पति रॉबर्ट वाड्रा ने मोदी सरकार को घेरा है। रॉबर्ट वाड्रा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘यह प्रियंका की सुरक्षा के लिए नहीं है और ना ही मेरी बेटा-बेटी या फिर गांधी परिवार के लिए है। यह हमारे नागरिकों के लिए है विशेषकर देश की महिलाओं को सुरक्षा देने की बात है ताकि वो खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। देश भर में महिलाओं को सही तरीके से सुरक्षा नहीं मिल रही है…लड़कियों से छेड़खानी और दुष्कर्म हो रहा है…किस तरह का समाज हम बना रहे हैं। हर नागरिक की सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की है। अगर हम अपने देश, अपने घर, सड़क पर या फिर दिन या रात के वक्त महफूज नहीं है तो फिर आखिर कहां और कब हम सुरक्षित रह सकते हैं?’

इस ट्वीट के अलावा रॉबर्ट वाड्रा ने मीडिया से बातचीत करते हुए भी महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर बातें कहीं। उन्होंने कहा कि ‘हमें सबसे पहले देश में महिलाओं की सुरक्षा पर सोचना चाहिए। हमें यह देखना होगा कि लोगों के मन में कानून के लिए डर हो और इसमें त्वरित न्याय की व्यवस्था भी हो। हमारी सुरक्षा देश की महिलाओं की सुरक्षा के बाद आती है।

आपको बता दें कि कुछ ही दिनों प्रियंका गांधी के आवास पर कुछ अज्ञात लोग कथित तौर से सेल्फी लेने के लिए घुस आए थे। प्रियंका गांधी की सुरक्षा में हुई इस चूक का मुद्दा सीआरपीएफ के सामने भी उठाया गया था। इससे पहले सरकार ने गांधी परिवार से एसपीजी सुरक्षा हटा ली थी। अब इन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है जिसकी जिम्मेदारी सीआरपीएफ के जवान संभालते हैं।

आपको बता दें कि हाल के दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में महिलाओं के खिलाफ कई भयानक घटनाएं हुई हैं। खासकर तमिलनाडु में महिला डॉक्टर के साथ हुई वीभत्स घटना के बाद से पूरे देश में महिला सुरक्षा को लेकर बहस छिड़ी हुई है। संसद से लेकर सड़क तक लोग महिलाओं की संपूर्ण सुरक्षा की मांग दोहरा रहे हैं।