Jharkhand Elections BJP List: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। अभी राज्य की 81 विधानसभा सीटों में से 52 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। लिस्ट के मुताबिक सीएम रघुबर दास जमशेदपुर ईस्ट सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। वहीं झारखंड भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, चक्रधरपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा की कोर कमेटी की बैठक आज दिल्ली में आयोजित हुई। इस बैठक के बाद ही उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की।

भाजपा ने जिन 52 उम्मीदवारों के नामों की लिस्ट जारी की है, उसमें 13 युवाओं का नाम शामिल है। वहीं 5 महिला उम्मीदवार भी इस लिस्ट में शुमार की गई हैं। जातिगत समीकरणों की बात करें तो इस लिस्ट में 17 उम्मीदवार एसटी कैटेगरी से हैं, वहीं 21 उम्मीदवार ओबीसी वर्ग से आते हैं। खास बात ये है कि भाजपा ने अपने मौजूदा विधायकों पर ही भरोसा दिखाया है और पहली लिस्ट में 52 में से 30 उम्मीदवार मौजूदा विधायक हैं। वहीं 10 सीटों पर पार्टी ने मौजूदा विधायकों का टिकट काट दिया है।

लिस्ट के अनुसार, जामतारा सीट से वीरेंद्र मंडल, दुमका सीट से लुईस मरांडी, देवगढ़ सीट से नारायण राम दास को टिकट दिया गया है। वहीं कोडरमा सीट से नीरा यादव, हजारीबाग सीट से मनीष जायसवाल, सिमरिया सीट से किशन कुमार दास, छतरा सीट से जनार्दन पासवान, गिरडीह सीट से निर्भय शाहबादी को टिकट दिया गया है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने भी झारखंड चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में कांग्रेस ने पांच सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। जिनमें लोहरदगा सीट से रामेश्वर उरांव, मानिका से रामचंद्र सिंह, डाल्टनगंज से केएन त्रिपाठी, बिसरामपुर से चंद्रशेखर दूबे, भावनाथपुर से केपी यादव को टिकट दिया गया है।

वहीं अभी खबर आयी है कि झारखंड में बीजेपी की सहयोगी आजसू के साथ गठबंधन को लेकर पेंच फंसा हुआ है। दोनों पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बन पायी है। आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश महतो भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से इस संबंध में मुलाकात करने वाले हैं।