राजद ने पांच, कांग्रेस ने छह और झामुमो ने की तीन प्रत्याशियों के नाम की घोषणा

4 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिहार विस में प्रतिपक्ष व राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, झामुमो के कार्रकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन और कांग्रेस झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह। (फाइल) - Dainik Bhaskar
बिहार विस में प्रतिपक्ष व राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, झामुमो के कार्रकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन और कांग्रेस झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह। (फाइल)
  • राजद ने की हुसैनाबाद, गोड्डा, देवघर, चतरा और छतरपुर सीट के प्रत्याशियों के नाम की घोषणा
  • कांग्रेस ने की लोहरदगा, मनिका, डाल्टेनगंज, विश्रामपुर, पांकी और भावनाथपुर सीट के उम्मीदवारों के नाम की घोषणा
  • झामुमो ने की विशुनपुर, गढ़वा और गुमला सीट के प्रत्याशियों के नाम की घोषणा

रांची. राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस व झामुमो ने रविवार को अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी। हुसैनाबाद से संजय सिंह यादव, गोड्डा से संजय प्रसाद यादव, देवघर से सुरेश पासवान, चतरा से सत्यानंद भोक्ता और छतरपुर से विजय राम राजद के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। वहीं, लोहरदगा से रामेश्वर उरांव, मनिका से रामचंद्र सिंह, डाल्टेनगंज से केएन त्रिपाठी, विश्रामपुर से चंद्रशेखर दुबे, पांकी से बिट्‌टू सिंह और भावनाथपुर से केपी यादव कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में होंगे। इधर, झामुमो ने गुमला से भूषण तिर्की, गढ़वा से मिथिलेश ठाकुर व विशुनपुर से चमरा लिंडा को अपना प्रतयाशी बनाया है।
 
बताते चलें कि झामुमाे और कांग्रेस ने वामदलाें काे महागठबंधन से बाहर रखते हुए सीटाें का बंटवारा किया है। इस बंटवारे में झामुमाे काे 43, कांग्रेस काे 31 और राजद काे 7 सीटें दी गई हैं। गठबंधन के तहत पहले चरण के चुनाव में झामुमो को चार सीटें मिली है। इसमें बिशुनपुर, गढ़वा, गुमला और लातेहार सीट शामिल है। झामुमो ने फिलहाल लातेहार सीट के प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की है।
 
इधर, राजद की प्रदेश प्रवक्ता अनीता यादव ने बताया कि चतरा से सत्यानंद भोक्ता और हुसैनाबाद से संजय सिंह यादव सोमवार को नामांकन के लिए आवेदन देंगें। इस मौके पर राष्ट्रीय जनता दल झारखंड के प्रभारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव और प्रदेश के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। वहीं, शनिवार को कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के बाद सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों के नाम पर सहमति बन चुकी थी।
 


 

    Top Cities