17 स‍ितंंबर (2019) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 69 साल के हो गए। उनके जन्मदिन को भारतीय जनता पार्टी ने ‘सेवा सप्ताह’ के रुप में मनाया। इस दौरान पार्टी नेता सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा सत्ताधारी पार्टी 14 सितंबर से लेकर 20 सितंबर तक कई सामाजिक कार्यों का भी आयोजन करेगी। पीएम मोदी के सामाजिक कार्यों पर एक प्रदर्शनी का आयोजन भी हो सकता है। पीएम मोदी आज देश के सबसे लोकप्रिय नेता कहे जाएं तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। आज हम आपको देश के 14वें प्रधानमंत्री के बारे में यहां कुछ बातें बता रहे हैं, जो पीएम मोदी को खास बनाती हैं।

1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म 17 सितंबर, 1950 को गुजरात में हुआ। गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी आजाद भारत में पैदा होने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री हैं।

2. नरेंद्र मोदी ने अपनी किशोरावस्था में ही अपना घर छोड़ दिया था। इस दौरान वह देश के अलग-अलग हिस्सों में बने आश्रमों में रहे और हिमालयी इलाकों में भी उन्होंने अपना काफी समय बिताया।

3. साल 1972 को नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सदस्यता ग्रहण की। कुछ ही समय में मोदी जी ने अपनी संगठन क्षमता से लोगों को अपना मुरीद बना लिया।

4. अक्टूबर,2001 में तत्कालीनी प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उन्हें गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया। इसके बाद लगातार तीन कार्यकाल तक नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री रहे।

5. साल 2014 के आम चुनावों में भाजपा ने मोदी जी के नेतृत्व में शानदार जीत दर्ज की और मोदी जी देश के प्रधानमंत्री चुने गए। इसी साल वह टाइम मैग्जीन द्वारा ‘पर्सन ऑफ द ईयर’ चुने गए।

6. पीएम मोदी इजरायल की आधिकारिक यात्रा पर जाने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री हैं। उनसे पहले देश के किसी प्रधानमंत्री ने इजरायल की औपचारिक यात्रा नहीं की थी।

7. पीएम मोदी ने 25 दिसंबर, 2015 में पाकिस्तान का भी दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान के तत्कालीन पीएम नवाज शरीफ से मुलाकात भी की थी। उस समय बीते 12 सालों में पाकिस्तान का दौरा करने वाले मोदी जी देश के पहले पीएम थे।

8. लगातार दो कार्यकाल में जीत दर्ज करने वाले नरेंद्र मोदी देश के पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री हैं।

9. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुजराती खाना बेहद पसंद है और उन्हें हमेशा साफ-सुथरे और अच्छे कपड़े पहनने का शौक रहा है। यही वजह है कि आज पीएम मोदी का स्टाइल युवाओं में भी खासा लोकप्रिय हो रहा है।

10. साल 1975 में देश में लागू हुए आपातकाल के दौरान नरेंद्र मोदी ने भी विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लिया था और फिर बाद में गिरफ्तारी से बचने के लिए भूमिगत हो गए थे।