गिरिराज सिंह ने लगाई पाकिस्तान को फटकार, चांद पर पहुंचा भारत और पाकिस्तान बेच रहा गधे
गिरिराज सिंह ने कहा कि पाकिस्तान को हमारे चंद्रयान 2 मिशन की सफलता या असफलता की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
नई दिल्ली, एएनआइ। चंद्रयान 2 पर पाकिस्तान की तरफ से लगातार हो रही बयानबाजी पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने जमकर लताड़ लगाई है। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि पड़ोसी देश भारत की सफलताओं और विफलताओं के बारे में चिंता छोड़कर अपनी अर्थव्यवस्था की बेहतरी के लिए काम करे तो ज्यादा अच्छा होगा।
मीडिया से बात करते हुए सिंह ने कहा कि हम दोनों को एक साथ आजादी मिली और पाकिस्तान हमारे साथ लड़कर अलग हो गया। उन्हें हमारे चंद्रयान 2 मिशन की सफलता या असफलता की चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि हम चांद तक पहुंच गए हैं और पाकिस्तान अभी भी गधों को बेचने में लगा हुआ है।
गरीबी को खत्म करने के लिए मुकाबला करे
गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि अगर पाकिस्तान हमारे साथ प्रतिस्पर्धा करना चाहता है, तो विकास के क्षेत्र में हमसे प्रतिस्पर्धा करे। अगर भारत के साथ प्रतिस्पर्धा करना चाहता है, तो तकनीक के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा करे। गरीबी, भुखमरी को खत्म करने के लिए हमसे मुकाबला करे।
पाकिस्तान में 5.3 मिलियन गधों की तादात
बता दें कि पाकिस्तान में गधों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। वर्तमान में पाकिस्तान विश्व का ऐसा तीसरा देश बन गया है जहां पर गधों की बड़ी आबादी है। यहां पर इनकी संख्या 5.3 मिलियन को पार कर चुकी है। गधों की बढ़ती तादात को देखते हुए पाकिस्तान में गधों के लिए अस्पताल भी बनाया गया है। जहां पर इनका मुफ्त में इलाज होता है। पाकिस्तान की मीडिया के मुताबिक गधों के व्यापार में लगे लोगों को इससे काफी फायदा हो रहा है। इतना ही नहीं पूरे देश में गधों की कीमत में भी काफी तेजी से इजाफा हुआ है।
हमारे दुश्मन इस मिशन से परेशान हैं
इससे पहले एनडीए के वरिष्ठ मंत्री रामविलास पासवान ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। उन्होंने चंद्रयान 2 पर पाकिस्तान द्वारा की जा रही टिप्पणी पर जवाब देते हुए कहा कि मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि हमारे पड़ोसी, जो हमारे दुश्मन हैं, वो इस मिशन से परेशान हैं। यहां तक कि इमरान खान के मंत्री बौखला गए हैं। ऐसे में उन्हें जो कहना है वो कहते रहें।
ये भी पढ़ें- पाकिस्तानी वैज्ञानिक ने अपने नेताओं को लगाई लताड़, कहा-भारत के चंद्रयान मिशन से सबक सीखे पाक
ये भी पढ़ें- चंद्रयान 2 का मजाक उड़ाना फवाद चौधरी को पड़ा भारी, रामविलास पासवान ने लताड़ा, कही ये बात...