Please enable javascript.Swatantra Dev Singh,बूथ अध्यक्ष भी बन सकता है बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष: स्वतंत्र देव सिंह - booth president may become bjp national president says new up bjp president swatantra dev singh - Navbharat Times

बूथ अध्यक्ष भी बन सकता है बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष: स्वतंत्र देव सिंह

नवभारत टाइम्स | 22 Jul 2019, 5:56 am

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि बूथ स्तर पर जो बीजेपी के सदस्य बन रहे हैं, वे नियमित रूप से बूथ पर बैठक करें। वहीं, सामाजिक सरोकार के कार्यों जैसे स्वच्छता अभियान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पौधरोपण आदि में योगदान देकर जनता को जागरूक करें।

हाइलाइट्स

  • प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने लिया सदस्यता अभियान का जायजा
  • स्वतंत्र देव ने कहा कि बीजेपी में जो बूथ अध्यक्ष था, वह भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बना
  • हाल ही में स्वतंत्र देव सिंह को बीजेपी ने नियुक्त किया है उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष
  • बूथ स्तर पर बीजेपी के सदस्य बन रहे लोगों को नियमित बूथ बैठक के निर्देश
SWATANTRA
स्वतंत्र देव सिंह (फाइल फोटो)
लखनऊ
बीजेपी की ओर से चलाए जा रहे सदस्यता अभियान का जायजा लेने के लिए रविवार को खुद प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि बीजेपी पवित्र संगठन है, सबको इसका सदस्य बनना चाहिए। यह दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। इसके बावजूद यहां जो बूथ अध्यक्ष था, वह भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बना। वह लखनऊ मध्य विधानसभा क्षेत्र के बालू अड्डा स्थित मलिन बस्ती पर आयोजित सदस्यता अभियान में बोल रहे थे।
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष ने यहां लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलवाई। उनके साथ प्रदेश सदस्यता सहप्रभारी गोविन्द नारायण शुक्ला, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, नगर महामंत्री पुष्कर शुक्ला मौजूद थे।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि बूथ स्तर पर जो बीजेपी के सदस्य बन रहे हैं, वे नियमित रूप से बूथ पर बैठक करें। वहीं, सामाजिक सरोकार के कार्यों जैसे स्वच्छता अभियान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पौधरोपण आदि में योगदान देकर जनता को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सदस्यता होती है, तभी सरकार बनती है और जब सरकार बनती है तो समाज के अंतिम व्यक्ति तक गैस, घर और संसाधन पहुंचते हैं।

'सोनभद्र कांड में दोषी तो एसपी का सदस्य'
उन्होंने एक सवाल के जवाब में फिर प्रियंका गांधी पर हमला किया और पूछा कि क्या वह बताएंगी कि सोनभद्र में अब तक कांग्रेस ने जो किया, उसके लिए वह क्या करेंगी? उन्होंने एसपी अध्यक्ष अखिलेश यादव के आने के सवाल पर कहा कि जो व्यक्ति दोषी है, वह तो खुद एसपी का सक्रिय सदस्य है। एसपी-बीएसपी से इससे ज्यादा उम्मीद ही क्या की जा सकती है?

सृष्टि अपार्टमेंट में चला अभियान
विशेष सदस्यता अभियान के तहत रविवार को बीजेपी के युवा नेता नीरज सिंह ने सृष्टि अपार्टमेंट, कुर्सी रोड में लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलवाई। उनके साथ मंडल अध्यक्ष राकेश मिश्रा, क्षेत्रीय नेता कृष्ण प्रताप सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा इंदिरानगर के परिजात पैलेस में चले अभियान में भी वह मौजूद रहे। वहीं, मध्य विधानसभा क्षेत्र के प्रकाश बाल विद्या मंदिर में कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक, इस्लामिया कॉलेज में महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने लोगों को बीजेपी का सदस्य बनवाया।

बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी सुनीता बंसल ने पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के इंदिरा प्रियदर्शिनी वॉर्ड में 47 लोगों को 8980808080 मोबाइल नंबर डायल करवा कर बीजेपी की सदस्यता दिलवाई। राजाजीपुरम में विधायक सुरेश श्रीवास्तव ने लोगों को सदस्य बनवाया। सरोजनीनगर में खुशहालगंज मंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई, जिसमें सदस्यता अभियान की जानकारी दी गई।
कॉमेंट लिखें

अगला लेख

Metroकी ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज, अनकही और सच्ची कहानियां, सिर्फ खबरें नहीं उसका विश्लेषण भी। इन सब की जानकारी, सबसे पहले और सबसे सटीक हिंदी में देश के सबसे लोकप्रिय, सबसे भरोसेमंद Hindi Newsडिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नवभारत टाइम्स पर