भाजपा ने उत्तराखंड से विधायक प्रणव सिंह चैंपियन को बुधवार (17 July) को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया। कुछ दिन पहले विधायक का अपने घर पर एक जश्न के दौरान बंदूक और रिवाल्वर लहराकर नृत्य करता हुआ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उत्तराखंड के भाजपा प्रमुख अजय भट्ट ने पिछले सप्ताह चैंपियन को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा था कि उन्हें पार्टी से क्यों नहीं निष्कासित किया जाए। चैंपियन को पार्टी पहले ही निलंबित कर चुकी थी। चैंपियन को पिछले महीने भाजपा से तीन महीने के लिए निलंबित किया गया था। उन पर नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास पर एक पत्रकार को धमकाने का आरोप था।

भट्ट ने कहा कि पार्टी में अनुशासनहीनता को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जो सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं करती है। किसी की भी अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। भाजपा के मीडिया प्रभारी और राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी ने पत्रकारों को बताया कि पार्टी ने विधायक की सार्वजनिक दुर्व्यवहार संबंधी कई घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

विधायक का विवादों से पुराना नाता रहा है। कुछ महीने पहले ही वह झाबरेडा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा विधायक देशराज कर्णवाल के साथ सार्वजनिक रूप से बहस करने और उन्हें कुश्ती की चुनौती देने को लेकर भी सुर्खियों में थे। चैंपियन उन कांग्रेस विधायकों में शामिल थे, जो 2016 में हरीश रावत के खिलाफ बगावत कर भाजपा में शामिल हुए थे।