विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथ यात्रा को लेकर ओडिशा के पुरी में जमकर तैयारियां चल रही हैं। गुरुवार (4 जुलाई) को होने वाली इस यात्रा से पहले शहर में गजब का उत्साह देखने का मिल रहा है। यहां आम जन और मंदिरों के पुजारी ढोलक की थाप और मजीरों के साथ उल्लास का आनंद ले रहे हैं। रथ यात्रा से एक दिन पहले जगन्नाथ मंदिर का पोर्टल भी शुरू किया गया है। मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने वार्षिक रथयात्रा से पहले मंदिर की परंपराओं, उनके महत्व और कार्यक्रमों की सूचनाओं वाली एक वेबसाइट शुरू की है।

मोबाइल पर भी देखी जा सकेगी वेबसाइटः मंगलवार (2 जुलाई) को एक सादे समारोह में पुरी गजपति (नरेश) महाराजा दिब्यसिंह देब ने एसजेटीए के अधिकारियों, सेवकों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति में यह पोर्टल प्रारंभ किया। एजेटीए के मुख्य प्रशासनक पीके महापात्रा ने बताया कि इस वेबसाइट को मोबाइल फोन पर देखा जा सकता है। उसे आईटी एवं आईटीईएस सेवा प्रदाता सुयोग कंप्यूटेक ने तैयार किया है। महापात्रा ने कहा कि धीरे-धीरे में पोर्टल पर कई नई जानकारियां जोड़ी जाएंगी और उसे त्रिदेव से जुड़ी सभी सूचनाओं का खजाना बनाया जाएगा।

वीडियोः लोगों में यूं दिखा उत्साह, जमकर थिरके

प्राचीन धरोहर-परंपराओं की जानकारी देना है मकसदः गजपति देब ने इस कदम की तारीफ करते हुए कहा कि इस वेबसाइट का लक्ष्य जगन्नाथ मंदिर की प्राचीन धरोहर और परंपराओं के बारे में प्रामाणिक सूचनाएं प्रदान करना है।

सीएम पटनायक ने जताई यह उम्मीदः एक बयान में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने आशा जताई कि इस वेबसाइट से पुरी मंदिर के तीनों देवी-देवताओं- भगवान जगन्नाथ, बालभद्र और देवी सुभद्रा के श्रद्धालुओं को जानकारियों के संदर्भ में लाभ होगा। बता दें कि विश्व प्रसिद्ध इस रथ यात्रा के लिए लाखों की तादाद में लोग जुटते हैं, कई महीनों से शहर में इसकी तैयारियां की जाती हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)