झारखंड के खरसावां में नक्सलियों ने फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक माह के भीतर तीसरी बड़ी घटना को अंजाम दिया। खरसावां-कुचाई के सीमावर्ती क्षेत्र में रायसिंदरी पहाड़ी पर मंगलवार अहले सुबह 4 बजे सर्च ऑपरेशन चलाकर पुलिस वाहन से लौट रहे कोबरा और झारखंड जगुआर के जवानों को टार्गेट बनाकर नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट किया। इससे 25 जवान घायल हो गए। इनमें से 5 की हालत गंभीर है। घटना के बाद घायल जवानों को वायुसेना के हेलिकॉप्टर से रांची के मेडिका अस्पताल में लाया गया।
इधर, हमले के बाद जवानों ने साहस का परिचय देते हुए मोर्चा संभाला और नक्सलियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सली भाग निकले। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में नक्सलियों को भी भारी नुकसान हुआ है। कई नक्सलियों के भी घायल होने की सूचना है। भागने के दौरान वे अपने साथी घायलों को ले गए। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। एसपी चंदन कुमार सिन्हा और सरायकेला एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में कोबरा, सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर व पुलिस जवान जंगली इलाकों में ऑपरेशन चला रहे हैं।
एसपी के अनुसार, खरसावां-कुचाई के उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में नक्सली महाराज प्रमाणिक का दस्ता सक्रिय है। खरसावां-कुचाई के कई क्षेत्रों में नक्सली घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। कुचाई-खरसावां के सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सलियों के जमा होने की सूचना मिलने पर सोमवार को भी सीआरपीएफ की विशेष टीम 209 कोबरा और झारखंड जगुआर के जवानों ने रायसिंदरी पहाड़ी पर कैंप किया और पूरी रात सर्च ऑपरेशन चलाया। लान्ग रेंज पेट्रोलिंग (एलआरपी) के बाद वे लोग मंगलवार अहले सुबह रायसिंदरी पहाड़ी से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों ने जवानों को निशाने पर लेते हुए आईईडी ब्लास्ट किया।
नक्सलियों ने खरसावां में चुनाव के दो दिन पहले चांदनी चौक स्थित भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा के बूथ कार्यालय को उड़ाया था। वहीं 21 मई को हुडांगदा सूरू सिंचाई परियोजना में धमाके कर 3 जवानों को जख्मी किया था।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
Next Article
Please wait...
Please wait...
Followed