चुनाव में जीत के बाद मोदी का आज पहला दौरा: मां से आशीर्वाद लेंगे, कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
  • मोदी 23 अप्रैल को वोट डालने अहमदाबाद गए थे, उस दौरान मां से भी मिले थे
  • शनिवार को मोदी को एनडीए संसदीय दल का नेता चुना गया, सरकार बनाने का दावा पेश किया

अहमदाबाद. लोकसभा चुनाव में जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार शाम अहमदाबाद पहुंचे। यहां एयरपोर्ट के पास लगी सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर उन्होंने माल्यार्पण किया। इसके बाद मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पार्टी दफ्तर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, \'\'2014 में देश मुझे नहीं पहचानता था, लेकिन उस चुनाव में देश गुजरात को पहचानता था। उस वक्त हवा फैली थी कि गुजरात में गांवों तक पक्की सड़कें हैं। गुजरात में हर तरह का विकास हुआ। तब जनादेश गुजरात के विकास की वजह से मिला था।\'\'

 

मोदी इस सभा के बाद अपनी मां हीराबेन का आशीर्वाद लेने पहुंचे। इससे पहले मोदी 23 अप्रैल को अहमदाबाद गए थे। वोट डालने से पहले उन्होंने मां से मुलाकात की थी।


 

मोदी ने सूरत की घटना पर दुख जताया

  • मोदी ने कहा, \'\'मैंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखा था। इसमें बंगाल की महिला मोदी-मोदी चिल्ला रही थी। वह कह रही थी, मैं गुजरात गई थी और वहां विकास देखा था। ऐसा ही विकास मैं बंगाल में चाहती हूं। लेकिन जब उससे पूछा गया कि वह वोट किसको देगी, वह कुछ नहीं बोली।\'\'
  • इस दौरान मोदी ने सूरत घटना पर भी दुख जताया। उन्होंने कहा, सूरत घटना पर जितना भी दुख जताया जाए, वह कम है। परिवार पर आए संकट के लिए हम ईश्वर से प्रार्थना कर सकते हैं कि परिवार को इस भयंकर आपदा में टिके रहने की शक्ति दे। मैं राज्य सरकार से लगातार इस घटना के बारे में संपर्क में था।

 

दुनिया में मोदी-मोदी हो रहा- शाह

शाह ने मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा, दुनियाभर में मोदी-मोदी हो रहा है। पूरे विश्व में 125 करोड़ भारतीयों का मान बढ़ा है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक विकास नजर आ रहा है। कभी गुजरात में यात्रा निकालने से डर लगता था। मोदी के आने के बाद गुजरात में दंगा खत्म हो गया।

 

शाह ने कहा, लोग यहां हमारा स्वागत करने आए हैं, लेकिन हमें सूरत में अग्निकांड के दौरान जिंदगी खोने वाले 22 बच्चों को श्रद्धांजलि देनी चाहिए। हमें उनके और उनके परिवार के लिए भगवान से प्रार्थना करनी चाहिए।

 

30 मई को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे मोदी
मोदी को शनिवार को एनडीए संसदीय दल का नेता चुना गया। नेता चुने जाने के बाद मोदी ने वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और अकाली दल के प्रमुख प्रकाश सिंह बादल के पैर छुए। शाह और बादल ने मोदी को संसदीय दल का नेता चुनने का प्रस्ताव रखा था। इसका सभी सहयोगी दलों और सांसदों ने समर्थन किया। बैठक के बाद मोदी ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। मोदी 30 मई को शाम 7 बजे प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।

Top Cities