उत्तर प्रदेश के रॉबर्ट्सगंज में भोजपुरी सिनेमा की एक अभिनेत्री को बंधक बनाने और रेप की कोशिश करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक युवक ने अभिनेत्री को बचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसे गोली मार दी। वहीं, पुलिस अफसर पर भी फायरिंग की, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक करीब 2-3 साल से अभिनेत्री के पीछे पड़ा हुआ था।

रॉबर्ट्सगंज में हो रही शूटिंग: जानकारी के मुताबिक, भोजपुरी फिल्म ‘अभागिन बिटिया’ की शूटिंग रॉबर्ट्सगंज में हो रही है। इसके लिए मुंबई से 70 लोगों की टीम आई है, जो 3 अलग-अलग होटल में रुकी हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार (25 मई) सुबह करीब 11 बजे एक युवक फिल्म की अभिनेत्री के कमरे में पिस्टल लेकर घुस गया और अभिनेत्री पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। आरोपी की पहचान जौनपुर निवासी पंकज यादव के रूप में हुई।

National Hindi News, 26 May 2019 LIVE Updates:  दिनभर की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक

विरोध हुआ तो चलाने लगा गोली: मामले की जानकारी लोगों को हुई तो कमरे के बाहर हुजूम इकट्ठा हो गया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताया तो आरोपी फायरिंग करने लगा, जिससे रॉबर्ट्सगंज निवासी अशोक कुमार घायल हो गए। इसके बाद आरोपी युवक अभिनेत्री के साथ कमरे में बंद हो गया। फायरिंग होने से होटल में हड़कंप मच गया और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान आरोपी ने अभिनेत्री के साथ रेप की भी कोशिश की।

अभिनेत्री से शादी करने की जिद भी की: मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी सलमान ताज पाटिल होटल पहुंचे और आरोपी से बातचीत शुरू कर दी। आरोपी की जिद थी कि अभिनेत्री के परिवार वाले रॉबर्ट्सगंज आएं और उनकी शादी तय कर दें।

एसपी पर भी चला दी गोली: बातचीत के दौरान एसपी ने आरोपी के कब्जे से पिस्टल छीनने की कोशिश की तो उसने पुलिस अफसर पर भी गोली चला दी। हालांकि, इस हमले में सलमान ताज बाल-बाल बच गए। इसके बाद अन्य पुलिसकर्मियों ने आरोपी को दबोच लिया।