Lok Sabha 2019: हरियाणा की भाजपा सरकार में कैबिनेट मिनिस्टर प्रोफेसर रामबिलास शर्मा ने कांग्रेस अधअयक्ष राहुल गांधी के खिलाफ विवादित बयान दिया है। लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान के बाद आए एक्जिट पोल से उत्साहित शर्मा ने कहा है कि राहुल गांधी का डीएनए खराब है। उन्होंने कहा कि भाजपा 353 सीटें जीतकर केंद्र में सरकार बनाएगी। इसके साथ ही हरियाणा की सभी दस सीटें भी भाजपा के खाते में आएंगी। 23 मई को चुनाव नतीजे आने के बाद कांग्रेसी नेता अपने घरों के बाहर दिखाई नहीं देंगे।

दरअसल भाजपा नेता पत्रकारों से बातचीत कर रहे हैं। इस दौरान जब कांग्रेस अध्यक्ष से जुड़ा सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी का डीएनए ही खराब है। पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी इंदिरा गांधी को देवी कहते थे मगर राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चोर कहते नहीं थकते। यह खराब डीएनए का ही तो असर है।’

एक्जिट बोल से उत्साहित हरियाणा कैबिनेट मिनिस्टर ने आगे कहा कि ‘नरेंद्र मोदी ही देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। हरियाणा की सभी दस लोकसभा सीटें भाजपा जीतेगी और देश में कुल 353 सीटें भाजपा के खाते में आएंगी। उन्होंने कहा कि रोहतक और सोनीपत में कांग्रेस उम्मीदवार की बुरी तरह हार होगी। चुनाव नतीजे आने के बाद कांग्रेस के तमाम नेता अपने घरों में बैठ जाएंगे। कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जिसके पास ना तो नेता हैं और ना ही नीति।’

भाजपा नेता ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी खूब निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम ने हरियाणा का माहौल खराब कर दिया था। उन्होंने यशपाल मलिक को प्रदेश में बुलाकर भाईचारा खराब किया। हरियाणा को जलाने में मलिक और हुड्डा का ही हाथ रहा है। चुनाव नतीजे आने के बाद कांग्रेस को खुद अहसास हो जाएगा कि प्रदेश के लोगों ने उसे किस कदर नकारा है।