तेंदुए ने ग्रामीणों पर किया हमला, पुलिस नहीं पहुंची तो एक युवक ने खुद ही पकड़ लिया

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
  • मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ तहसील के ग्राम फतेहपुर में सोमवार सुबह हुई घटना

इंदौर. मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ तहसील के फतेहपुर ग्राम में सोमवार सुबह एक तेंदुए ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। लगभग 10 ग्रामीणों को घायल कर तेंदुआ गांव से लगे खेत में जा घुसा। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन जब काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो गांव के ही एक युवक ने तेंदुए को पकड़ लिया। हालांकि ग्रामीणों द्वारा लाठियों से की गई पिटाई के कारण तेंदुए की मौत हो गई।

 

जानकारी के मुताबिक, गांव में सुबह घर से बाहर निकली एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया। घायल महिला ने जब यह बात ग्रामीणों को बताई तो वहां दहशत का माहौल बन गया। महिला पर हमला करने के बाद तेंदुए ने गांव के 5 अन्य व्यक्तियों पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

 

 

हमले के बाद तेंदुआ गांव से लगे संग्राम सिंह के खेत में जा घुसा। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। संग्रामसिंह ने बताया कि जब काफी देर तक पुलिस नहीं पहुंची तो गांव का एक युवक फरदीचंद चौहान हिम्मत करके अन्य ग्रामीणों को साथ लेकर तेंदुए को पकड़ने पहुंच गया। युवक ने अन्य ग्रामीणों की मदद से काफी मश्क्कत के बाद तेंदुए को पकड़ लिया।इस दौरान ग्रामीणों द्वारा लठ्‌ठ से पीटे जाने के कारण तेंदुए की मौत हो गई।


ग्रामीणों का कहना था कि जिस समय फरदीचंद अन्य लोगों के साथ मिलकर तेंदुए को पकड़ने का प्रयास कर रहा था। उस समय पुलिस मौके पर पहुंच गई थी लेकिन वह दूर खड़ी तमाशा देख रही थी, काफी देर बाद पुलिस ने तेंदुए को पकड़ने में ग्रामीणों की मदद की। पिटाई से तेंदुआ आक्रमक हो गया और उसने चौकी प्रभारी शैलेन्द्र सिंह कनेश को भी घायल कर दिया। तेंदुए के हमले में घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

Top Cities