VIP Seats Exit Poll Results 2019: भारत में 17वीं लोकसभा के गठन के लिए सभी सातों चरण के चुनाव संपन्न हो चुके हैं। 23 मई को नतीजे घोषित होंगे और उस दिन ही पता चलेगा कि देश में अगली सरकार किसकी बनने वाली है। फिलहान एग्जिट पोल के नतीजे सामने आए हैं। विभिन्न एजेंसियों और मीडिया हाऊस द्वारा किए गए एग्जिट पोल में एनडीए की सरकार दोबारा बनने की संभावना जताई गई है। एनडीए टीवी9 के अनुसार 287, आजतक के अनुसार 350, एबीपी के अनुसार 277, न्यूज 24 के अनुसार 250 और इंडिया टीवी के अनुसार 290 सीटें जीत सकती है। ऐसे में यह साफ तौर पर संभावना बन रही है कि केंद्र में एनडीए को बहुमत मिलता दिख रहा है।

अब बात करते हैं देश की वीआईपी सीटों की, जहां के नतीजों पर सभी की नजरें टिकी है। गुजरात के गांधीनगर सीट से भाजपा के अमित शाह कांग्रेस के सीजे चावड़ा को शिकस्त दे सकते हैं। वहीं, केरल के वायनाड सीट से राहुल गांधी बीजेडीएस के तुषार वेल्लापल्ली को शिकस्त दे सकते हैं। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर सीट भाजपा की मेनका गांधी कांग्रेस के डॉ. संजय सिंह को पराजित कर सकती हैं। केरल के तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस के शशि थरूर आगे दिख रहे हैं। वहीं, भाजपा के कुम्मनम राजाशेखरन के हार की संभावना है।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद सीट से केंद्रीय मंत्री वीके सिंह आगे चल रहे हैं। गौतमबुद्ध नगर से महेश शर्मा आगे हैं। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से रालोद प्रमुख अजीत सिंह के जीतने की संभावना है। यहां से वे भाजपा के संजीव बलियान को पीछे छोड़ते दिख रहे हैं। फतेहपुर सिकरी से कांग्रेस के राज बब्बर और भाजपा के राजकुमार चाहर को पीछे छोड़ते हुए बसपा के भागवत शर्मा के जीत की संभावना है। मथुरा सीट से रालोद के कुंवर नरेंद्र सिंह तथा कांग्रेस के महेश पाठक को पीछे छोड़ते हुए भाजपा प्रत्याशी हेमा मालिनी जीत सकती हैं।

फिरोजाबाद सीट से सपा उम्मीदवार अक्षय यादव भाजपा के चंद्रसेन जादौन और अपने चाचा शिवपाल यादव को पीछे छोड़ चुनाव जीत सकते हैं। मैनपुरी में भाजपा के प्रेम सिंह शाक्य को पीछे छोड़ते हुए सपा से मुलायम सिंह यादव चुनाव जीत सकते हैं। यह सीट चार दशकों से मुलायम सिंह यादव का गढ़ रहा है। पीलीभीत सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार हेमराज वर्मा को पीछे छोड़ते हुए वरुण गांधी चुनाव जीत सकते हैं। बता दें कि इस बार मां मेनका गांधी और बेटे वरुण गांधी ने अपनी सीट की अदला-बदली की। रामपुर में सपा नेता आजम खान भाजपा प्रत्याशी जया प्रदा को पीछे छोड़ चुनाव जीत सकते हैं। हालांकि, मुकाबला कांटे की टक्कर का है। हालांकि, कांग्रेस के संजय कपूर रेस से बाहर बताए जा रहे हैं।

बिहार के मधेपुरा सीट से जदयू के दिनेश चंद्र यादव आगे चल रहे हैं। वहीं, जन अधिकार पार्टी के पप्पू यादव और महागठबंधन उम्मीदवार शरद यादव चुनाव हार सकते हैं। बात यदि जमुई सीट की करें तो यहां से लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान के बेटे चिराग पासवान जीत सकते हैं। रालोसपा उम्मीदवार भूदेव चौधरी चुनाव हार सकते हैं।

महाराष्ट्र के नागपुर सीट पर भाजपा के नितिन गडकरी कांग्रेस के नाना पटोले से आगे चल रहे हैं। उनके चुनाव जीतने की ज्यादा संभावना है। बारामति सीट पर एनसीपी की सुप्रिया सुले आगे चल रही हैं और भाजपा उम्मीदवार कंचन राहुल कूल को चुनाव हरा सकती हैं। बीड से कांग्रेस के मनोहर सोनवणे भाजपा उम्मीदवार प्रीतम मुंडे को पराजित कर सकते हैं।