Nagaland Firing: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुलिस को निर्देश, बीएसएफ की गतिविधियों पर रखें नजर
Nagaland Firing उत्तर दिनाजपुर जिले के करनजोरा में एक प्रशासनिक समीक्षा बैठक में ममता ने कहा मुझे पता है कि यह समस्या है… बीएसएफ कर्मी हमारे गांव में आ जाते हैं और फिर हमें परेशान किये जाने की शिकायतें मिलती हैं।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नगालैंड में सुरक्षाबलों की गोलीबारी में 14 नागरिकों के मारे जाने की घटना के मद्देनजर मंगलवार को पड़ोसी बांग्लादेश की सीमाओं से लगे राज्य के जिलों की। पुलिस से कहा कि वे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की गतिविधियों पर नजर रखें। उन्होंने पुलिस को यह निर्देश भी दिया कि सीमा सुरक्षा बल को उसके अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर कार्रवाई करने की अनुमति न दी जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था राज्य का विषय है। उत्तर दिनाजपुर जिले के करनजोरा में एक प्रशासनिक समीक्षा बैठक में ममता ने कहा, मुझे पता है कि यह समस्या है… बीएसएफ कर्मी हमारे गांव में आ जाते हैं और फिर हमें परेशान किये जाने की शिकायतें मिलती हैं। वे पुलिस को बिना बताए कई स्थानों पर जाते हैं जो उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर हैं।
उन्होंने कहा, नगालैंड में क्या हुआ यह सभी ने देखा है। विधानसभा चुनाव के दौरान बंगाल के शीतलकूची और हाल में कूचबिहार में गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हुई थी… मैं ब्लॉक विकास अधिकारियों और निरीक्षक प्रभारियों से सचेत रहने को कहूंगी। ममता नगालैंड में चार और पांच दिसंबर को सुरक्षाबलों की गोलीबारी में 14 लोगों की जान जाने की घटना का हवाला दे रही थी। बताते चलें कि ममता केंद्र सरकार द्वारा बीएसएफ के अधिकार क्षेत्र को बढ़ाने के निर्णय का भी विरोध करती रही हैं।
भाजपा नीत केंद्र सरकार ने पंजाब, पश्चिम बंगाल और असम में अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर तलाशी, जब्ती और गिरफ्तारी करने के लिए बीएसएफ के अधिकार क्षेत्र को 15 किलोमीटर के दायरे से बढ़ाकर 50 किलोमीटर अंदर तक कर दिया है। ममता ने पहले कहा था, सीमावर्ती क्षेत्रों में कोई समस्या नहीं है और हमारे संबंध (पड़ोसी देशों के साथ) बहुत अच्छे हैं। यह भ्रम पैदा करने की जरुरत नहीं है। कानून-व्यवस्था राज्य सरकार का विषय है। बंगाल में तीन देशों बांग्लादेश, नेपाल और भूटान से अंतरराष्ट्रीय सीमा जुड़ती है।
इस बीच बीएसएफ और उसके अधिकार क्षेत्र की आलोचना करने को लेकर भाजपा ने ममता पर निशाना साधा है। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता शमिक भट्टाचार्य ने कहा, मुख्यमंत्री संघवाद की बात करती हैं और फिर सुरक्षा बलों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करती हैं