• Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates | Rajasthan Delhi MP Uttar Pradesh Maharashtra Mumbai News | Coronavirus Vaccine Today Latest

भास्कर अपडेट्स:राजस्थान पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह; जैसलमेर में इंटरनेशनल बॉर्डर पर BSF की पेट्रोलिंग देखी, रात में यहीं रुकेंगे

2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

दो दिन के दौरे पर राजस्थान पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को रोहतास अंतरराष्ट्रीय सीमा पर BSF के जवानों से मिले। शाह ने यहां सनसेट और पेट्रोलिंग भी देखी। शाह राहगढ़ क्षेत्र की एक सीमा चौकी पर जवानों के बीच आज रात बिताएंगे। यह पहला मौका है, जब कोई गृहमंत्री सीमा चौकी पर रात्रि विश्राम करेंगे।

गृह मंत्री अमित शाह ने रोहतास पोस्ट पर BSF के जवानों के साथ डिनर भी किया।
गृह मंत्री अमित शाह ने रोहतास पोस्ट पर BSF के जवानों के साथ डिनर भी किया।

इससे पहले शाह तनोट माता मंदिर पहुंचे। जहां बीएसएफ की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने बीएसएफ की हैट भी पहनी। इसके बाद उन्होंने सेना के जवानों के साथ सेल्फी भी ली। शाह रविवार सुबह नौ बजे बीएसएफ की राइजिंग डे परेड (स्थापना दिवस समारोह) में शामिल होंगे। बीएसएफ का राइजिंग डे पहली बार दिल्ली से बाहर मनाया जा रहा है। उनके साथ केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद हैं। पढ़ें पूरी खबर...

आज की अन्य बड़ी खबरें...

बडगाम से लश्कर-ए-तैयबा का एक आतंकी गिरफ्तार, पिस्टल और ग्रेनेड बरामद
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने एक संयुक्त कार्रवाई में बडगाम से लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आतंकी का नाम अब हमीद नाथ है, जो बडगाम के ही पेथजनीगाम बीरवाह का रहने वाला बताया जा रहा है। हमीद से सुरक्षाबलों ने एक पिस्टल, मैगजीन, 5 राउंड बुलेट और एक चीनी हेंडग्रेनेड बरामद किया है। हमीद इसी साल से आतंकी गतिविधियों में सक्रिय पाया गया है। उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

आतंकवादी हमले में बाल-बाल बचा रेलवे का सिपाही, अवंतीपोरा गांव को सुरक्षा बलों ने घेरा
दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतीपोरा इलाके में शनिवार को आतंकवादियों ने एक रेलवे पुलिसकर्मी पर गोलियां चला दीं। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक पुलिसकर्मी पूरी तरह सुरक्षित है। हमला करने के बाद आतंकी डोगरीपोरा गांव के अंदर भाग गए। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने गांव की घेराबंदी कर ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का 67 साल की उम्र में निधन

देश के मशहूर पत्रकार विनोद दुआ का 67 साल की उम्र में शनिवार को निधन हो गया। उनकी बेटी मल्लिका दुआ ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार दिल्ली के लोधी नगर श्मशान घाट में किया जाएगा। विनोद दुआ पोस्ट कोविड बीमारियों के कारण गंभीर होने के बाद ICU में एडमिट थे। इस दौरान उनकी बेटी मल्लिका दुआ ने कहा था कि उनकी हालत ठीक नहीं है।

दूरदर्शन और एनडीटीवी में कई साल तक काम करने वाले दुआ साल की शुरुआत में कोरोना से संक्रमित हो गए थे। तब भी उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा था। उनकी पत्नी रेडियोलॉजिस्ट पद्मावती 'चिन्ना' दुआ का भी जून में कोविड से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया था।

किसानों की बैठक में बड़ा फैसला, MSP पर बनने वाली कमेटी के लिए 5 नामों पर सहमति

दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर शनिवार को संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के नेताओं की जरूरी बैठक हुई। मीटिंग में केंद्र सरकार की MSP कमेटी के लिए 5 नामों पर सहमति बनी है। तय किए गए नामों में किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल, गुरनाम चढ़ूनी, युद्धवीर सिंह, शिवकुमार कक्का, अशोक धावले शामिल हैं। अगली बैठक 7 दिसंबर को करने पर सहमति बनी है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

महबूबा मुफ्ती के विवादित बोल, कहा- आज के नेता 1947 में होते तो पूरा कश्मीर पाकिस्तान में होता

लगातार विवादित बयानों के लिए मशहूर जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती का फिर एक विवादित बयान सामने आया है। एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में महबूबा ने केंद्र सरकार पर तंज कसा और कहा कि आज के नेता 1947 में होते तो आधा नहीं पूरा कश्मीर पाकिस्तान में चला गया होता।

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा ने कहा, जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने से कुछ नहीं बदला है। पर्यटकों के वहां जाने से नया कश्मीर नहीं बनेगा। हम नहीं कह रहे कि कश्मीर पाकिस्तान को दे दिया जाए। लेकिन कश्मीर को भारत-पाकिस्तान के बीच दोस्ती का पुल बनाया जाए। मुफ्ती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपना राजधर्म निभाया था। उन्होंने (आतंकवाद) संकट में फंसे कश्मीर को संभाला था। अब (नाथूराम) गोडसे का कश्मीर बनाया जा रहा है। मौजूदा हिंदुस्तान भी गांधी नहीं गोडसे का हिंदुस्तान है।

एयर इंडिया की फ्लाइट से न्यूयॉर्क जा रहे अमेरिकी की मौत
अमेरिका के न्यूयॉर्क जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में शनिवार को एक यात्री की मौत हो गई। हादसे के कारण फ्लाइट के टेकऑफ होने के 3 घंटे बाद उसे दिल्ली एयरपोर्ट पर दोबारा लैंड कराया गया।
ANI के मुताबिक प्लेन के लैंड होते ही डॉक्टरों की एक टीम मौके पर पहुंची और यात्री का चैकअप किया। टीम ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मरने वाला व्यक्ति अमेरिकी नागरिक था, जो अपनी पत्नी के साथ ट्रैवल कर रहा था।

कंगना ने बांके बिहारी के दर्शन किए, बोलीं- 2022 में राष्ट्रवादियों का चुनाव प्रचार करूंगी

पद्मश्री से सम्मानित अभिनेत्री कंगना रनोट शनिवार को मथुरा के बांके बिहारी मंदिर पहुंचीं। दर्शन के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कंगना ने कहा कि 2022 के चुनाव में वह राष्ट्रवादियों के लिए प्रचार करेंगी। कंगना ने कहा कि उनके बयान से तकलीफ उन लोगों को ज्यादा होती है, जिनके दिल मे चोर है। जो सच्चे हैं, जो बहादुर हैं, राष्ट्रभक्त हैं उनको मेरी बात सही लगती हैं। पंजाब में किसानों द्वारा रोके जाने पर माफी मांगने के सवाल पर कहा कि उन्होंने माफी कभी नहीं मांगी। मैं क्यों माफी मांगू? मैं खुद चंडीगढ़ में पढ़ी हुई हूं। हिमाचल, पंजाब के लोगों में प्रेम है। आप लोग ऐसी बातें न फैलाइए। पूरी खबर यहां पढ़ें...

फिर उमड़ा केजरी का 'सिद्धू प्रेम', कहा- राजनीति में कोई दुश्मन नहीं
आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल का पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू के प्रति प्रेम फिर उमड़ा है। उन्होंने कहा कि राजनीति में कोई दुश्मन या दोस्त नहीं होता। जब उनसे सिद्धू को पंजाब में AAP का CM चेहरा बनाने की बात पूछी गई तो उन्होंने हंसकर टाल दिया। दिल्ली में मीडिया से केजरीवाल ने हंसते हुए कहा कि सिद्धू AAP में नहीं आ रहे। हालांकि अगले ही पल सियासत में कोई दुश्मन न होने की बात कह उन्होंने सियासी चर्चाओं को गरमा दिया। इससे पहले भी केजरीवाल ने कहा था कि सिद्धू AAP में आना चाहते थे और वे अब भी कांग्रेस छोड़ने को तैयार बैठे हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें...

मोदी ने उत्तराखंड में 18 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तराखंड में 18 हजार करोड़ रुपए की 11 योजनाओं का शिलान्यास किया। उनकी मेगा रैली के लिए देहरादून के परेड ग्राउंड में हजारों लोगों की भीड़ पहुंची है। जिन प्रोजेक्ट्स का मोदी शिलान्यास ने शिलान्यास किया, उसमें टूरिज्म, सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई प्रोजेक्ट शामिल हैं। इसमें 8,300 करोड़ का दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर भी शामिल है। इससे दिल्ली और देहरादून का सफर 6 घंटे से घटकर 2.5 घंटे हो जाएगा। पूरी खबर यहां पढ़ें...

केंद्रीय मंत्री सिंधिया की इंस्टा ID हैक

MP के गुना दौरे से ठीक पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की इंस्टाग्राम ID हो गई। हैकर ने उनका नाम बदलकर श्रेया अरोरा लिख दिया। समर्थकों ने IT सेल को जानकारी दी। इसके 1 घंटे के अंदर ही ID रिकवर कर ली गई। 3 महीने पहले मोदी कैबिनेट में शामिल होने के साथ ही उनका फेसबुक अकाउंट हैक हुआ था। हैकर ने सिंधिया के फेसबुक वॉल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आक्रामक भाषण वाले पुराने VIDEO अपलोड कर दिए थे। पूरी खबर यहां पढ़ें...

राजनाथ बोले- युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने में MSMEs बड़ी भूमिका

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली में सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स (SIDM) की ओर से आयोजित MSME कॉन्क्लेव को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारे देश के युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने और उनके सपनों को पूरा करने में MSMEs बड़ी भूमिका निभा रही हैं। सिंह ने कहा, "पूर्व में हमारी MSMEs को वह अटेंशन नहीं मिल पाया जिसकी वे हकदार थीं। देश में इतनी बड़ी संख्या में MSMEs होने के बावजूद क्लियर गवर्नमेंट पॉलिसी और स्ट्रैटजिक हैंड होल्डिंग के अभाव के कारण MSMEs की पूर्ण क्षमता का लाभ हम नहीं उठा सके।"

कंगना रनोट बोलीं- मैंने किसी से माफी नहीं मांगी, कृषि कानूनों के हक में बोलती रहूंगी

पंजाब में विरोध झेलने के बाद बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट ने फिर तेवर दिखाए हैं। उन्होंने कहा कि मुझे न किसी ने माफी मांगने को कहा और न ही मैंने किसी से माफी मांगी है। कंगना ने सोशल मीडिया पर यह लिखकर पोस्ट किया है। कंगना रनोट को शुक्रवार को कीरतपुर में विरोध झेलना पड़ा था। हिमाचल से पंजाब में प्रवेश करते ही किसानों ने कंगना को घेर लिया। उन्हें किसानों को खालिस्तानी कहने, महिलाओं के 100 रुपए को लेकर प्रदर्शन करने और किसान आंदोलन के बारे में बयानबाजी पर माफी मांगने को कहा गया था। करीब एक घंटे के विरोध के बाद कंगना का काफिला गांवों में घुसते हुए चंडीगढ़ पहुंचा था। पूरी खबर यहां पढ़ें...

ओमिक्रॉन के बावजूद दक्षिण अफ्रीका दौरा नहीं टला

ओमिक्रॉन के खतरे के बावजूद टीम इंडिया का दक्षिण अफ्रीका दौरा टाला नहीं गया है। इंडियन टीम वहां 3 टेस्ट और 3 वनडे खेलने जाएगी। हालांकि टी-20 सीरीज की तारीखें बाद में घोषित की जाएंगी। पहले जारी शेड्यूल के मुताबिक भारत को दक्षिण अफ्रीका में 4 टी-20 मुकाबले खेलने थे। BCCI के सेक्रेटरी जय शाह ने बताया कि अभी इंडियन टीम 3 टेस्ट मैच और 3 वनडे की सीरीज खेलने जाएगी। टी-20 मैचों की सीरीज बाद में होगी। टी-20 सीरीज के लिए अभी तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

सिंघु बॉर्डर पर संयुक्त किसान मोर्चा की मीटिंग शुरू
दिल्ली बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन पर आज अहम फैसला होगा। इसके लिए सिंघु बॉर्डर पर संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) की मीटिंग शुरू हो गई है। इसमें किसान आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति बनाई जाएगी। केंद्र सरकार की MSP कमेटी के लिए मांगे नाम भी इस मीटिंग में तय किए जाएंगे। किसान आंदोलन खत्म होगा या नहीं, इसको लेकर भी आज मीटिंग में फैसला लिया जाएगा। पंजाब के एक किसान नेता ने कहा कि केंद्र सरकार ने वह कानून वापस ले लिए, जिनका हम विरोध कर रहे थे। हम घर वापसी के हक में हैं। हालांकि यह मेरी निजी राय है। अंतिम फैसला SKM की मीटिंग में होगा। पूरी खबर यहां पढ़ें...

अमेठी में बनेंगी 5 लाख से ज्यादा AK-203 असॉल्ट राइफल

डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में देश की आत्मनिर्भरता और ज्यादा बढ़ने वाली है। सरकार ने 5 लाख से अधिक AK-203 असॉल्ट राइफलों के प्रोडक्शन की योजना को मंजूरी दे दी है। रूस के साथ 5 हजार करोड़ रुपए की असॉल्ट राइफल्स के प्रोडक्शन की डील हुई है। रूस की डिजाइन की गई इस राइफल को अमेठी की एक फैक्ट्री में बनाया जाएगा। दोनों देशों के बीच कुछ साल पहले इस सौदे पर सहमति बनी थी। भारतीय सेना को मिलने वाली 7.5 लाख राइफलों में से पहली 70,000 रूस से मंगाई जाएंगी, क्योंकि टेक्नोलॉजी का ट्रांसफर धीरे-धीरे होता है। इन्हें प्रोडक्शन प्रोसेस शुरू होने के 32 महीने बाद सेना को दिया जाएगा।

मिशिगन के स्कूल में फायरिंग करने वाले लड़के के पेरेंट्स की तलाश, इनाम की घोषणा
US के मिशिगन में एक स्कूल में फायरिंग करने वाले लड़के के पेरेंट्स की अमेरिकी पुलिस को तलाश है। इनकी सूचना देने वाले को 7.53 लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की गई है। जेम्स और जेनिफर क्रंबली पर वार्निंग की अनदेखी करने का आरोप है। इस गोलीबारी में 4 स्टूडेंट्स की मौत हुई थी। 15 साल के एथन क्रंबली ने स्कूल में क्लासमेट्स पर अपने पेरेंट्स की बंदूक से फायरिंग की थी।

शिवसेना ने ममता को झटका दिया, सामना में लिखा- कांग्रेस को अलग कर नहीं हो सकता मोदी से मुकाबला

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के UPA से अलग होकर तीसरे मोर्चे बनाने के मंसूबे पर शिवसेना पानी फेरती हुई नजर आ रही है। शिवसेना ने 'सामना' की संपादकीय में स्पष्ट किया है कि कांग्रेस को अलग करके मोदी का मुकाबला नहीं किया जा सकता है। शिवसेना ने कहा कि कांग्रेस को राष्ट्रीय राजनीति से दूर रखकर सियासत करना यानी मौजूदा ‘फासिस्ट’ राज की प्रवृत्ति को बल देने जैसा है। शिवसेना ने यह भी लिखा है कि कांग्रेस से जिनका मतभेद है, वह रखकर भी यूपीए की गाड़ी आगे बढ़ाई जा सकती है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

विदेश से पटना लौटे 560 लोग, 475 लापता
विदेश यात्रा से लौटे कई यात्रियों के बारे में स्वास्थ्य विभाग बेखबर है। वह बिहार में हैं या देश के अन्य शहरों में, यह पता नहीं चल पा रहा है। कई का मोबाइल नंबर बंद है और कई सही सूचना नहीं दे रहे हैं। देश के कई राज्यों में नए वायरस के दस्तक के बाद बिहार में विदेश यात्रा से लौटे यात्रियों की तलाश तेज कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों की बात करें तो पटना में गुरुवार की रात तक कुल 560 लोग विदेश यात्रा से वापस आए हैं, जिसकी सूची लगभग 5 दिन पहले स्वास्थ्य विभाग को दे दी गई। महज 85 लोगों को ही ट्रेस किया जा सका है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

तमिलनाडु के पूर्व राज्यपाल और एकीकृत आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कोनिजेती रोसैया का निधन

तमिलनाडु के पूर्व राज्यपाल और एकीकृत आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कोनिजेती रोसैया का निधन हो गया है। 88 वर्षीय रोसैया कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। वह कांग्रेस के सबसे सीनियर नेताओं में से एक थे। उन्होंने के. विजया भास्कर रेड्डी और वाई.एस. राजशेखर रेड्डी सहित कई मुख्यमंत्रियों के मंत्रिमंडल में काम किया। रोसैया के पास वित्त मंत्री के रूप में विधानसभा के पटल पर बजट रखने का रिकॉर्ड है।

गहलोत का पायलट कैंप के मंत्रियों पर तंज
कांग्रेस की महंगाई के खिलाफ 12 दिसंबर को होने वाली रैली की तैयारी बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बगावत करने वाले सचिन पायलट खेमे के मंत्रियों और विधायकों पर फिर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि आप मंत्री इसीलिए हो कि 80 लोग छोड़कर नहीं गए। तभी आज सरकार है और हम मंत्रिपरिषद की बैठक कर रहे हैं। रमेश मीणा, विश्वेंद्र सिंह, हेमाराम चौधरी तो छोड़कर चले गए थे। 80 विधायक रुके और हमें छोड़कर नहीं गए, तभी तो सरकार बची है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

Top Cities