• Hindi News
  • Coronavirus
  • Omicron Coronavirus Variant Outbreak India LIVE Updates; Gujarat News | Mumbai Delhi Bhopal Indore Kerala Rajasthan Haryana, Reported Cases And Deaths By State Wise

चौथा ओमिक्रॉन केस मुंबई में मिला:साउथ अफ्रीका से दिल्ली के रास्ते मुंबई आया था, फ्लाइट में साथ सफर करने वाले 25 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव

2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

भारत में ओमिक्रॉन का चौथा केस महाराष्ट्र में मिला है। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, मुंबई के पास कल्याण डोंबिवली का रहने वाला यह शख्स साउथ अफ्रीका से लौटा था। उसकी उम्र 33 साल है। वह साउथ अफ्रीका से दुबई, फिर दिल्ली और वहां से 24 नवंबर को मुंबई आया था। उसने अब तक कोरोना की वैक्सीन नहीं लगवाई है। मुंबई में उतरते वक्त उसे हल्का बुखार था। इसके अलावा उसमें कोरोना का कोई और लक्षण नहीं दिखा। ट्रीटमेंट के लिए उसे कल्याण के कोविड केयर सेंटर में रखा गया था।

संक्रमित मरीज संपर्क में आए 12 हाई रिस्क और 23 लो-रिस्क कॉन्टैक्ट ट्रेस किए गए हैं। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। दिल्ली-मुंबई फ्लाइट में उसके साथ सफर करने वाले 25 को-पैसेंजर्स का टेस्ट भी निगेटिव आया है। इससे पहले कर्नाटक में दो और गुजरात के जामनगर में एक मरीज में नए वैरिएंट की पुष्टि हुई थी।

भारत में छटवीं बार एक दिन में 1 करोड़ से ज्यादा डोज लगे
भारत ने एक बार फिर एक दिन में कोरोना वैक्सीन के एक करोड़ से ज्यादा डोज लगाने का रिकॉर्ड बनाया है। देश में अब तक 6 बार ऐसा हुआ है, जब एक दिन में एक करोड़ से ज्यादा टीके लगे हों। इससे पहले 27 सितंबर को ऐसा हुआ था। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शनिवार को बताया कि देश में हर घर दस्तक अभियान जोरों पर चल रहा है। इससे वैक्सीनेशन का दायरा बढ़ाने में मदद मिली है। यही वजह है कि भारत ने इस मामले में एक और मील का पत्थर पार किया है।

हर घर दस्तक अभियान के तहत असम के सोनितपुर जिले में वैक्सीनेशन प्रोग्राम चला। यहां SP डॉ. धनंजय घनवत भी टीका लगाते दिखे।
हर घर दस्तक अभियान के तहत असम के सोनितपुर जिले में वैक्सीनेशन प्रोग्राम चला। यहां SP डॉ. धनंजय घनवत भी टीका लगाते दिखे।

इसी के साथ भारत में कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 127 करोड़ के पार हो गया। इनमें से 80 करोड़ लोग पहला और 47 करोड़ दोनों डोज लगवा चुके हैं। सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन के मामले में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, बिहार टॉप पर हैं। भारत में इस साल 16 जनवरी से वैक्सीनेशन की शुरुआत हुई थी। इसे 323 दिन हो चुके हैं।

सरकार के डेटा के मुताबिक, इस साल मई में हर रोज 19.69 लाख डोज के मुकाबले नवंबर में एवरेज 59.32 लाख डोज हर दिन लगाए गए हैं। अक्टूबर में औसतन 55.77 लाख, सितंबर में 78.69 लाख और अगस्त में 59.29 लाख टीके लगाए गए। अधिकारियों ने बताया कि भारत में लगभग 84.8 प्रतिशत अडल्ट आबादी को पहला और 50% को दोनों डोज लग चुके हैं।

अपडेट्स...

केंद्र ने 6 राज्यों को लिखी चिट्‌ठी
छह राज्यों में कोरोना से संक्रमण और मौत की साप्ताहिक दर में बढ़ोतरी ने केंद्र को चिंता में डाल दिया है। सरकार ने केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, ओडिशा, मिजोरम और जम्मू-कश्मीर को चिट्‌ठी लिखकर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने शनिवार को कहा कि सभी राज्यों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। नए ओमिक्रॉन वैरिएंट के खतरे को देखते हुए इंटरनेशनल ट्रैवलर्स पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया है।

मुंबई एयरपोर्ट पर रैपिड टेस्ट का चार्ज घटा, अब 4500 नहीं 3900 रुपए देनें होंगे
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार से रैपिड कोरोना टेस्ट कराने का चार्ज घटा दिया गया। एयरपोर्ट एडमिनिस्ट्रेशन ने बताया कि अब एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों से टेस्ट के बदले 4500 रुपए के बजाय 3900 रुपए ही वसूले जाएंगे। इसके अलावा यात्रियों को 600 रुपए सामान्य RT-PCR टेस्ट के लिए भी चुकाना होगा, जिसकी सुविधा भी एयरपोर्ट पर ही मौजूद है।

दक्षिण अफ्रीका से चंडीगढ़ लौटी महिला के खिलाफ FIR
पंजाब के चंडीगढ़ में दक्षिण अफ्रीका से लौटी एक महिला के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। इस महिला पर होम क्वारैंटाइन नियमों का पालन नहीं करने आरोप है। मालूम हो कि कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट को लेकर दक्षिण अफ्रीका हाई-रिस्क पर है। चंडीगढ़ के हेल्थ सेक्रेटरी और नोडल ऑफिसर यशपाल गर्ग ने बताया कि महिला 1 दिसंबर को दक्षिण अफ्रीका से लौटी। इसका RT-PCR टेस्ट कराया गया, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई। प्रोटोकॉल के मुताबिक, उसे 7 दिन तक होम क्वारैंटाइन रहना था लेकिन 2 दिसंबर को ही वह एक होटल में चली गई। पूरी खबर यहां पढ़ें...

यात्रा से पहले ऑनलाइन टेस्टिंग स्लॉट बुक कराने वाले विदेशी यात्रियों के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर 20 डैडीकेटिड काउंटर
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर रैपिड कोविड टेस्ट और RT-PCR टेस्ट कराने में मदद के लिए 20 डैडीकेटिड काउंटर शुरू किए गए हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने शनिवार को बताया कि इन काउंटर्स पर दूसरे देशों से आने वाले उन यात्रियों का टेस्ट होगा, जो यात्रा शुरू करने से पहले ही अपना टेस्टिंग स्लॉट ऑनलाइन बुक करा लेंगे।

दिल्ली एयरपोर्ट के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट ट्वीट में बताया गया कि यह कदम यात्रियों का समय बचाने के लिए उठाया गया है। इसके अलावा एयरपोर्ट पर उतरने के बाद टेस्ट के लिए स्लॉट बुक करने वाले फिजिकल बुकिंग काउंटर भी बढ़ाए जा रहे हैं।

बता दें कि देश में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के कारण लागू नई गाइडलाइंस से एयरपोर्ट पर उतरने के बाद टेस्ट कराने के लिए यात्रियों को लंबा समय बिताना पड़ रहा है। दिल्ली एयरपोर्ट पर इंतजार का यह समय 6 घंटे तक पहुंच जा रहा है।

गुजरात के जामनगर में ओमिक्रॉन का केस मिला

गुजरात में जामनगर से ओमिक्रॉन का पहला मामला सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह व्‍यक्ति जिम्बाब्वे से भारत लौटा है। वह 28 नवंबर को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतरने के बाद जामनगर गया था। उसके ओमिक्रॉन से संक्रमित होने की पुष्टि जीनोम सीक्‍वेंसिंग टेस्‍ट से हुई है। गुजरात के स्वास्थ्य आयुक्त जय प्रकाश शिवहरे ने भी इस व्यक्ति के ओमिक्रॉन से संक्रमित होने की पुष्टि की है।

देश में अब ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या 3 हो गई है। ओमिक्रॉन के पहले दो मरीज कर्नाटक में मिले। इनमें एक 66 साल का विदेशी नागरिक है, जो पिछले दिनों साउथ अफ्रीका गया था, जबकि दूसरा बेंगलुरु के बोमनहल्ली का 46 साल का हेल्थ वर्कर है। दोनों की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए सैंपल में ओमिक्रॉन मिला। पूरी खबर यहां पढ़ें...

सूरत में एक ही परिवार के तीन लोग कोरोना पॉजिटिव, तीनों की ट्रैवल हिस्ट्री भी नहीं
गुजरात में सूरत के रांदेर की श्रीनाथ सोसाइटी में एक दंपती और उनके बेटे की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। तीनों संक्रमितों की कोई ट्वैवल हिस्ट्री नहीं है। दंपती वैक्सीन की दोनों डोज भी ले चुके हैं। अब इस सोसाइटी को क्लस्टर घोषित कर दिया गया है। प्रशासन इसे लेकर अलर्ट हो गया है। सोसाइटी में कोरोना टेस्टिंग बढ़ाई जा रही है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे के बीच होम क्वारैंटाइन पर BMC की नई गाइडलाइन

मुंबई में BMC ने होम क्वारैंटाइन को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। इसके मुताबिक हर दिन सुबह एयरपोर्ट CEO 24 घंटे में रिस्क और हाई रिस्क कंट्री से आने वाले लोगों की डीटेल्स डिजास्टर मैनेजमेंट को भेजेगा। डिजास्टर मैनेजमेंट उस लिस्ट को वार्ड ऑफिसर और कोविड वॉर रूम को भेजेंगे। कोविड वॉर रूम दिन में 5 बार पैसेंजर की हेल्थ की जानकारी लेंगे। वार्ड ऑफिसर सोसायटी के सेक्रेटरी को होम क्वारैंटाइन वाले व्यक्ति को लेकर नोटिस जारी करेंगे और उनके घर विजिटर जाने की मनाही करेंगे। डॉक्टर्स की टीम हर दिन चेकअप करने जाएगी। पूरी खबर यहां पढ़ें...

भोपाल में लगातार दूसरे दिन सबसे ज्यादा 8 केस मिले, महाकाल दर्शन कर राजनांदगांव लौटा परिवार संक्रमित

मध्य प्रदेश में कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। 24 घंटे में 18 नए पॉजिटिव मिले हैं। लगातार दूसरे दिन सबसे ज्यादा 8 कोरोना केस भोपाल में सामने आए हैं। इंदौर में 6, ग्वालियर और जबलपुर में 2-2 संक्रमित मिले हैं। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 142 हो गई है। ग्वालियर में मिले संक्रमितों में से एक 48 साल का सेना का जवान है। पेट दर्द होने पर जांच कराने पर पॉजिटिव पाया गया। दूसरा 35 साल का युवक है। वह विशाखापट्टनम की ऑयल कंपनी में जॉब करता है। 20 दिन पहले ही ग्वालियर लौटा है। उसने भी पेट दर्द होने पर जांच कराई थी।

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में एक ही परिवार के 6 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सभी उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर 15 दिन पहले राजनांदगांव लौटे हैं। उज्जैन से जाने के बाद सभी लोग बीमार हो गए। उज्जैन में इनकी जांच हुई थी। शुक्रवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद राजनांदगांव प्रशासन ने सभी को वहां आइसोलेट कर दिया है। संक्रमितों में दो बच्चे भी हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें...

बेंगलुरु से एक ओमिक्रॉन संक्रमित 'लापता
कर्नाटक में ओमिक्रॉन से संक्रमित मिले 2 लोगों में से एक व्यक्ति लापता है। राज्य सरकार ने बताया कि एक निजी लैब से कोविड निगेटिव सर्टिफिकेट मिलने के बाद से वह शख्स लापता है। प्रशासन उन 10 और लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रहा है जो हवाईअड्डे से लापता हो गए थे।

कर्नाटक के राजस्व मंत्री आर अशोक ने ओमिक्रॉन पर शुक्रवार को टॉप अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि लापता लोगों का जल्द पता लगाया जाना चाहिए। वहीं, बेंगलुरु महानगरपालिका के कमिश्नर गौरव गुप्ता ने बताया कि सभी लापता विदेशी नागरिक दक्षिण अफ्रीकी देशों से आए हैं। फिलहाल इनके फोन बंद हैं। इन यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जो पता बताया, उस पर भी ये नहीं मिले हैं।

देश में बीते 24 घंटे में 8,603 नए कोरोना केस मिले
देश में बीते 24 घंटे में 8,603 नए कोरोना केस मिले और 415 लोगों की मौत हुई। इस दौरान 8,190 लोग महामारी को मात देकर रिकवर हुए। फिलहाल एक्टिव मामलों की संख्या 99,974 है। देश में कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान जारी है। अब तक 1.26 अरब लोगों को वैक्सीन लग चुकी है।

मैनपुरी के सैनिक स्कूल में 5 बच्चे कोरोना पॉजिटिव

UP के मैनपुरी में सैनिक स्कूल के 5 बच्चे कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इन बच्चों को स्कूल में ही क्वारैंटाइन कर दिया गया है। इनके परिजनों को खबर दे दी गई है। 5 बच्चों के संक्रमित मिलने के बाद सभी 85 बच्चों की एंटीजन जांच कराई गई, बाकी सभी बच्चों की रिपोर्ट निगेटिव आई। संक्रमित मिले बच्चों में तीन आगरा, एक मैनपुरी और एक चंदौली का रहने वाला है। हालांकि, इनमें किसी में भी लक्षण नजर नहीं आए हैं। स्वास्थ्य विभाग इन बच्चों की ट्रैवल हिस्ट्री चेक कर रहा है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के संदिग्ध मामलों की संख्या 30 हुई
महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के संदिग्ध मामलों की संख्या 30 हो गई है। शुक्रवार को 2,821 यात्री हाई-रिस्क देशों से मुंबई एयरपोर्ट पर उतरे। RT-PCR टेस्ट में 2 लोगों के सैंपल पॉजिटिव मिले हैं। 11,060 यात्री अन्य देशों से मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचे, जिनमें से 224 का कोरोना टेस्ट हुआ। इनमें से एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 30 सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं।

MP में नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का खतरा

मध्य प्रदेश में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए IAS सर्विस मीट को स्थगित कर दिया गया है। यह मीटिंग भोपाल में 17 से 19 दिसंबर के बीच होनी थी। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करने वाले थे। एसोसिएशन के अध्यक्ष और अपर मुख्य सचिव आईपीसी केसरी ने बताया कि कोरोना के नए वैरिएंट के फैलने की आशंका को ध्यान में रख कर मीटिंग को स्थगित किया गया। केसरी ने आयोजन को टालने की सलाह दी थी। पूरी खबर यहां पढ़ें...

बेंगलुरु में डॉक्टर्स की कॉन्फ्रेंस में शामिल हुआ ओमिक्रॉन संक्रमित डॉक्टर
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में 19-21 नवंबर के बीच हुई इंटरनेशनल मेडिकल कॉन्फ्रेंस ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। दरअसल, वन स्टार होटल में हुई इस कॉन्फ्रेंस में शामिल तीन डॉक्टर्स कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से एक व्यक्ति ओमिक्रॉन से संक्रमित है। उन्होंने 20 नवंबर को कुछ घंटे के लिए कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया था। इसके अगले ही दिन उनमें संक्रमण के लक्षण दिखने लगे। ऐसे में इस बैठक में शामिल दूसरे लोगों के भी संक्रमित होने की आशंका है।

एट रिस्क देशों से आने वाले 16 हजार यात्रियों में 18 कोरोना पॉजिटिव
एट रिस्क देशों से आने वाले अब तक 58 फ्लाइट्स के 16000 यात्रियों का RT-PCR टेस्ट किया गया है। इनमें 18 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनकी रिपोर्ट जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजी गई है। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को लोकसभा में इसकी जानकारी दी। जिन 11 देशों को एट रिस्क कैटेगरी में रखा गया है उनमें यूनाइटेड किंगडम, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, बोत्सवाना, चीन, जिम्बाब्वे, मॉरीशस, न्यूजीलैंड, हांगकांग, सिंगापुर और इजराइल शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...

Top Cities