• Hindi News
  • National
  • Virat Kohli Cyclone Jawad | Dainik Bhaskar News Headlines; Odisha, Andhra Pradesh, West Bengal Brace For Cyclone Jawad, India V S New Zealand Mumbai Test

मॉर्निंग न्यूज पॉडकास्ट:कोरोना की तीसरी लहर ला सकता है नया वैरिएंट, किसान आंदोलन खत्म होगा या नहीं फैसला आज

2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नमस्कार,
आज शनिवार है, तारीख 4 दिसंबर; अगहन मास और अमावस्या तिथि

सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक होगी। इसमें किसान आंदोलन को आगे चलाने या खत्म करने पर फैसला होगा।
  2. बंगाल की खाड़ी में बना साइक्लोन जवाद ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कई तटवर्ती इलाकों से टकरा सकता है।
  3. प्रधानमंत्री मोदी देहरादून में 18 हजार करोड़ रुपए की लागत वाली कई योजनाओं का लोकार्पण करेंगे।

अब कल की प्रमुख खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी

1. मुंबई टेस्ट में मयंक ने जड़ा शतक, विराट को गलत आउट देने पर विवाद

भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुंबई में शुरू हुए टेस्ट का पहला दिन दो वजहों से खास रहा। पहली कि ओपनर मयंक अग्रवाल ने शानदार शतक जड़ दिया। वे 120 रन बनाकर खेल रहे हैं। टीम इंडिया खेल खत्म होने तक 4 विकेट खोकर 221 रन बना चुकी है। दूसरी वजह खराब अंपायरिंग रही। इसके शिकार कप्तान विराट कोहली बने। उन्हें DRS के बावजूद गलत तरीके से आउट दे दिया गया।
पढ़ें पूरी खबर...

2. टॉप साइंटिस्ट को आशंका- कोरोना की तीसरी लहर ला सकता है नया वैरिएंट
कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन देश में तीसरी लहर ला सकता है। CSIR इंस्टीट्यूट ऑफ जीनोमिक्स एंड इंटीग्रेटिव बायोलॉजी के डायरेक्टर डॉ. अनुराग अग्रवाल का कहना है कि इस वैरिएंट में शरीर के इम्यूनिटी सिस्टम को धोखा देने की खूबी मौजूद है। यह ज्यादा ताकतवर और संक्रामक है। यही वजह है कि यह कोरोना की तीसरी लहर आने की वजह बन सकता है।
पढ़ें पूरी खबर...

3. 40 साल से ज्यादा उम्र वालों को कोरोना वैक्सीन का बूस्टर डोज लगाने की सिफारिश
इंडियन सार्स-कोविड-2 जेनेटिक कंसोर्शियम (INSACOG) के साइंटिस्ट्स ने 40 साल से ऊपर के लोगों के लिए बूस्टर डोज की सिफारिश की है। उनका कहना है कि इसमें फोकस उन पर रखा जाए, जिन्हें खतरा ज्यादा है। INSACOG कोरोना वायरस के जीनोम वैरिएशंस पर नजर रखने के लिए केंद्र सरकार की ओर से बनाई गईं लैब्स की टॉप बॉडी है।
पढ़ें पूरी खबर...

4. बयान से नाराज पंजाब के किसानों ने कंगना को घेरा, एक्ट्रेस ने मांगी माफी
चंडीगढ़ जाते वक्त रोपड़ से गुजर रहीं कंगना रनोट की कार को नाराज भीड़ ने घेर लिया। वे कंगना के किसानों को खालिस्तानी कहने और सिख विरोधी बयानों से नाराज थे। भीड़ के गुस्से को देखकर कंगना गाड़ी से बाहर निकलीं और माफी मांगी। कंगना हिमाचल प्रदेश में अपने घर मनाली से चंडीगढ़ जा रहीं थीं, जहां से उन्हें मुंबई की फ्लाइट पकड़नी थी।
पढ़ें पूरी खबर...

5. पाकिस्तान में मजदूरों ने श्रीलंकाई के हाथ-पैर तोड़े, फिर जिंदा जलाया
पाकिस्तान के सियालकोट में एक फैक्ट्री के मजदूरों ने अपने ही मैनेजर को बीच सड़क पर जिंदा जला दिया। मैनेजर श्रीलंकाई नागरिक था। उसका नाम प्रियांथा कुमारा बताया गया है। प्रियांथा पर पैगंबर मोहम्मद की निंदा करने का आरोप था। उन्होंने हाल ही में बतौर एक्सपोर्ट मैनेजर सियालकोट की यह फैक्ट्री जॉइन की थी। इस फैक्ट्री में पाकिस्तान की टी-20 टीम के लिए सामान बनाया जाता है।
​​​​​​​पढ़ें पूरी खबर...

6. कश्मीर में पुलिसकर्मी को गोली मारी, ISIS ने वीडियो जारी कर ली जिम्मेदारी
कुख्यात आतंकी संगठन ISIS ने कश्मीर के राजौरी में दो दिन पहले ट्रैफिक पुलिस के एक जवान को गोली मारने की जिम्मेदारी ली है। जिम्मेदारी लेने के लिए ISIS ने एक वीडियो जारी किया है। 20 सेकेंड के इस वीडियो में दिख रहा है कि हाथ में पिस्टल लिए पीछे से एक आतंकी आता है और जवान के सिर में गोली मार देता है। फायरिंग करते हुए आतंकी धार्मिक नारे भी लगाता है।
​​​​​​​पढ़ें पूरी खबर...

7. जवाद तूफान से आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी

बंगाल की खाड़ी में बना साइक्लोन जवाद आज ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटवर्ती इलाकों से टकरा सकता है। इस दौरान मौसम विभाग ने 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान जताया है। ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में NDRF की 46 टीमें तैनात की गई हैं। ओडिशा में होने वाला 12वां इंटरनेशनल सैंड आर्ट फेस्टिवल टाल दिया गया है।
​​​​​​​पढ़ें पूरी खबर...

कुछ अहम खबरें, सिर्फ हेडलाइन में

  1. मुंबई इंडियंस के रिटेन न करने से पंड्या निराश, VIDEO शेयर कर लिखा- यादों को जीवनभर संजोकर रखूंगा (पढ़ें पूरी खबर)
  2. अफ्रीका से जयपुर लौटे एक ही परिवार के 4 लोगों को कोरोना; जिन 12 रिश्तेदारों से मिले, उनमें भी 5 संक्रमित (पढ़ें पूरी खबर)
  3. राहुल बोले- हमारे पास आंदोलन के दौरान मारे गए 500 किसानों के नाम, सरकार इनकी जांच कर मुआवजा दे (पढ़ें पूरी खबर)

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था

1971 में आज के ही दिन भारतीय नौसेना ने पाकिस्तान के कराची बंदरगाह को तबाह कर दिया था। कराची में ही पाकिस्तानी नौसेना का हेडक्वार्टर भी था। इससे एक दिन पहले 3 दिसंबर 1971 को भारत-पाक युद्ध की शुरुआत हुई थी। इसके बाद भारतीय नौसेना ने ऑपरेशन ट्राइडेंट लॉन्च किया। इसके तहत पूरा वेस्टर्न फ्लीट कराची पोर्ट की ओर बढ़ा। इसी फ्लीट के एक जंगी जहाज INS निपात ने कराची पोर्ट पर दो मिसाइल दागीं। इनमें से एक मिसाइल सीधे तेल के टैंक में जाकर लगी। इससे लगी आग की लपटें 60 किमी दूर तक देखी गई थीं। (आज के दिन हुईं और घटनाएं)

और अब आज का विचार
आज मैं वह करूंगा जो दूसरों ने नहीं किया है, इससे कल मैं वह कर सकूंगा जो दूसरे नहीं कर सकते। जेरी राइस, फुटबॉल प्लेयर

आपका दिन शुभ हो, कल फिर मिलेंगे...

Top Cities