• Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates | Rajasthan Delhi MP Uttar Pradesh Maharashtra Mumbai News | Coronavirus Vaccine Today Latest

भास्कर अपडेट्स:हरियाणा के CM और किसान संगठनों के बीच मीटिंग में नहीं बनी मांगों पर सहमति, अब किसान महापंचायत में फैसला

2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बीकेयू नेता गुरनाम सिंह चढूनी। - Dainik Bhaskar
बीकेयू नेता गुरनाम सिंह चढूनी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर और किसान नेताओं के बीच चंडीगढ़ में CM हाउस मीटिंग खत्म हो गई है। बैठक में आंदोलन के दौरान दर्ज हुए मुकदमों को वापस लेने को लेकर चर्चा हुई। मीटिंग में किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी समेत 5 संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे।

मीटिंग के बाद चढूनी ने कहा, बातचीत के बाद हमारी सहमति नहीं बनी हैं, हमें सरकार की तरफ से संतोषजनक जवाब नहीं मिला है, अगला फैसला कल संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक में लिया जाएगा।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रकाश पर्व के दिन तीन कृषि कानून को वापस लेने का ऐलान किया था। दोनों सदनों से कानून रद्द करने वाला बिल पास होने के बाद राष्ट्रपति ने भी इस पर दस्तखत कर दिया है। हालांकि फसलों पर MSP कानून, किसानों पर दर्ज मुकदमे, मृतक किसानों को मुआवजे समेत कई मांगों को लेकर किसान अभी भी अपना आंदोलन समाप्त नहीं कर रहे है। सरकार भी 4 दिसम्बर को होने वाली किसानों की बैठक का इंतजार कर रही है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

आज की अन्य प्रमुख खबरें...

59 जान लेने वाले उपहार सिनेमा अग्निकांड के आरोपी अंसल ब्रदर्स को राहत नहीं

दिल्ली में 24 साल पहले हुए उपहार सिनेमा अग्निकांड के मामले में कोर्ट ने अंसल ग्रुप के सुशील अंसल और गोपाल अंसल को राहत देने से इनकार कर दिया है। करीब 59 लोगों की मौत और 100 से ज्यादा गंभीर घायलों की मौत वाला यह अग्निकांड 1997 में हुआ था।

सुशील और गोपाल को इस मामले में लंबी सुनवाई के बाद सबूतों से छेड़छाड़ के आरोप में 7 साल कैद की सजा सुनाई गई थी और दोनों फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। अंसल ब्रदर्स ने इसके खिलाफ अपील दाखिल कर रखी है। उन्होंने अपील पर फैसला होने तक अपनी सजा को सस्पेंड करने का आग्रह दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट से किया था।

शुक्रवार को सेशन जज अनिल अंतिल ने उनके आग्रह को खारिज कर दिया और अगली सुनवाई के लिए 23 फरवरी, 2022 की तारीख तय कर दी।

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल का दुख, धनखड़ बोले- ममता सरकार के मंत्री और सचिव भी कोई जानकारी नहीं देते

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच अब भी सब ठीक नहीं है। राज्यपाल धनखड़ ने शुक्रवार को एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में यह बात जाहिर भी कर दी। उन्होंने कहा कि जब राज्य में अलग पार्टी की सरकार हो तो राज्यपाल पंचिंग बैग बन जाता है। बहुत से लोग राज्यपाल की भूमिका पर सवाल उठाते हैं। वे ऐसा इसलिए कहते हैं क्योंकि राज्यपाल की शपथ के दूसरे हिस्से पर नहीं जाते, जिसमें वे राज्य के लिए निष्ठा की शपथ लेता है।

धनखड़ ने कहा कि राज्य में हालत चुनौतीपूर्ण और चिंताजनक हैं। वे दो साल से ममता सरकार से जानकारी मांग रहे हैं, लेकिन एक भी जानकारी नहीं मिली। राज्यपाल मुख्यमंत्री से कोई भी जानकारी मांग सकता है। ममता सरकार के मंत्री और सचिव भी उन्हें जानकारी नहीं देते। धनखड़ ने फिर दोहराया कि विधानसभा चुनाव के बाद बंगाल में हिंसा हुई थी। मुख्यमंत्री ने इस हिंसा को नजरअंदाज किया।

किसान आंदोलन के दौरान हुई मौतों पर राहुल ने केंद्र को घेरा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर किसान आंदोलन के मुद्दे पर केंद्र सरकार का घेराव किया है। उन्होंने दिल्ली के अकबर रोड में स्थित कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय में शुक्रवार शाम प्रेस कांफ्रेंस की। राहुल ने कहा कि असंवेदनशील सरकार पूंजीपतियों की मदद कर रही है।

उन्होंने कहा कि संसद में एक प्रश्न पूछा गया था कि क्या सरकार आंदोलन में मारे गए किसानों के परिजनों को आर्थिक सहायता देगी। इस पर मंत्रालय ने कहा कि कृषि मंत्रालय के पास इस मामले में कोई रिकॉर्ड नहीं है और इसलिए मुआवजे का सवाल ही नहीं उठता।

इससे पहले उन्होंने ट्वीट के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 5 सवाल पूछे हैं, जिनमें लखीमपुर कांड से लेकर MSP कानून तक पर जवाब मांगा गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

हरियाणा में प्रदूषण से हालात खराब, 4 जिलों में स्कूल बंद; 14 जिलों में निर्माण कार्य रोके

हरियाणा के नई दिल्ली से लगते 4 जिलों- सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद और झज्जर में पॉल्यूशन की वजह से हालात खराब होते जा रहे हैं। ऐसे में पर्यावरण विभाग ने अगले आदेश तक इन चारों जिलों में सारे स्कूल बंद कर दिए हैं। इन जिलों में सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूल अगले आदेश तक बंद रहेंगे।

सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में आते इन चारों जिलों में 14 नवंबर को भी स्कूल बंद करवाए थे, जिन्हें 5 दिन पहले ही दोबारा खोला गया। पर्यावरण विभाग ने स्कूलों के अलावा हरियाणा के 22 में से 14 जिलों में सभी तरह के निर्माण कार्यों पर भी रोक लगा दी है। साथ ही जनरेटर सेट भी नहीं चलाए जा सकेंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें...

अपराधियों को पकड़ने हरियाणा जा रहे 3 पुलिसकर्मियों सहित 5 की हादसे में मौत

मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के पुलिसकर्मियों के साथ मथुरा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह 5 बजे बड़ा हादसा हो गया। सड़क हादसे में 3 पुलिसकर्मी सहित 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे में घायल हुए 4 लोगों की हालत गंभीर है। पुलिसकर्मी बोलेरो से आगरा से हरियाणा के बहादुरगढ़ जा रहे थे। तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई थी। बोलेरो दो टुकड़ों में बंट गई। हादसे के बाद एक लेन में काफी दूर तक गाड़ी के टुकड़े बिखर गए।

हादसे में मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ में तैनात पुलिसकर्मी भवानी प्रसाद, महिला आरक्षक हीरा देवी, चालक जगदीश और पुलिस मित्र रवि कुमार की मौत हो गई। जबकि, कांस्टेबल कमलेंद्र यादव, कांस्टेबल रतिराम, धर्मेंद्र कुमार और प्रीति घायल हैं। घायल पुलिसकर्मियों का कहना है कि वे टीकमगढ़ जिले के थाना भूडेरा में हैं। और वहां से पुलिस की यह टीम एक अपहृत युवती को बरामद करने के लिए हरियाणा के बहादुरगढ़ दबिश देने जा रही थी। घायलों का कहना है कि हादसा इतना खतरनाक था कि हमारी गाड़ी दो टुकड़ों में बंट गई। इसी के साथ गाड़ी के परखच्चे हाईवे पर बिखर गए।

प्रदर्शन के खिलाफ प्रदर्शन; राज्यसभा के 12 सांसदों के निलंबन पर विपक्ष के धरने पर BJP का धरना

संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान सदन के अंदर और बाहर हंगामा लगातार जारी है। भाजपा के राज्यसभा सदस्यों ने शुक्रवार को विपक्ष के प्रदर्शन के खिलाफ गांधी प्रतिमा पर प्रदर्शन किया। विपक्ष 12 सांसदों के निलंबन पर लगातार प्रदर्शन कर रहा है। गुरुवार को ऐसे ही प्रदर्शन में समाजवादी सांसद जया बच्चन ने टॉफियां बांटी थीं।

CM चन्नी के दावों पर SAD ने कहा- साढ़े 4 साल का हिसाब नहीं दिया
पंजाब की कांग्रेस सरकार के CM चरणजीत चन्नी के दावों का शुक्रवार को अकाली दल ने पोस्टमॉर्टम कर दिया। उन्होंने कहा कि एक तो सीएम चन्नी का विज्ञापन भोग की तरह है। दूसरा, पिछले साढ़े 4 साल का हिसाब ही नहीं दिया। सस्ती बिजली पर भी अब झूठ बोल रहे हैं।

चंडीगढ़ में SAD (B) के प्रवक्ता दलजीत चीमा ने कहा कि जैसे हम किसी के भोग पर जाते हैं तो जन्म लेने और मरने की तारीख होती है। इसी तरह सीएम चन्नी के विज्ञापन पर भी 20 सितंबर को शपथ से 2 दिसंबर 2021 तक की तारीख डाल दी। कांग्रेस के 2017 से 2022 का मेनिफेस्टो का जिक्र करना ऐलानजीत उर्फ विश्वासजीत चन्नी भूल गए। पूरी खबर यहां पढ़ें...

पंजाब के गुरदासपुर में टिफिन बम और 4 ग्रेनेड मिले
पंजाब के गुरदासपुर के सलीमपुर अफगाना गांव में एक टिफिन बम और 4 हैंड ग्रेनेड बरामद हुए हैं। गुरदासपुर जिला पाकिस्तान से सटा हुआ है। विस्फोटक सामान बरामद होने के बाद इस पूरे क्षेत्र में तलाशी का अभियान तेज कर किया गया है।

पॉल्यूशन पर UP सरकार ने कहा- पाकिस्तान से आ रही प्रदूषित हवा
सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को पॉल्यूशन पर हुई सुनवाई में उत्तर प्रदेश सरकार ने अजीब दलील दी। UP सरकार ने कोर्ट में कहा कि प्रदूषण की वजह पाकिस्तान से आ रही हवाए हैं। दिल्ली के पॉल्यूशन में उत्तर प्रदेश की इंडस्ट्रियों का कोई रोल नहीं है। इस पर चीफ जस्टिस एनवी रमना ने उत्तर प्रदेश सरकार से पूछा- क्या आप चाहते हैं कि पाकिस्तान में इंडस्ट्री बंद करा दी जाए।

गीता गोपीनाथ बनेंगी IMF की डेप्युटी MD, अब टॉप दो पद महिलाओं के जिम्मे
इंटरनेशनल मॉनिटरी फंड (IMF) की चीफ इकोनॉमिस्ट गीता गोपीनाथ जल्द ही इसकी डेप्युटी मैनेजिंग डायरेक्टर (FDMD) बनने वाली हैं। वर्तमान FDMD जेफ्री ओकामोटा अगले साल अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। इसके बाद गीता गोपीनाथ को यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। IMF ने गुरुवार को एक प्रेस रिलीज में इस बात की जानकारी दी है। IMF की MD क्रिस्टलीना जॉर्जीवा हैं और गोपीनाथ को ये जिम्मेदारी मिलने के बाद IMF के टॉप दो पद पर महिलाओं का कब्जा होगा। पढ़िए पूरी खबर..

महाराष्ट्र में लो विजिबिलिटी की वजह से 4 फ्लाइट्स को दूसरे शहरों में डाइवर्ट किया गया
महाराष्ट्र के कई शहरों में पिछले दो दिनों से जारी बारिश ने मौसम के मिजाज को बदल दिया है। राज्य की सांस्कृतिक राजधानी पुणे में सुबह से ही कोहरे का घना साया देखने को मिल रहा है। भारी कोहरे के चलते पुणे एयरपोर्ट पर उतरने वाली चार फ्लाइट्स को मुंबई, हैदराबाद की ओर डाइवर्ट किया गया है। इसके अलावा कई फ्लाइट्स देरी से चल रही हैं। भारी कोहरे के चलते पुणे की सड़कों पर ट्रैफिक भी कम नजर आ रहा है। ट्रैफिक डिपार्टमेंट ने लोगों से दिन में लाइट्स जलाकर चलने की हिदायत दी है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

ओडिशा, आंध्रा, बंगाल से कल टकराएगा जवाद तूफान; ओडिशा ने तैनात की 266 रेस्क्यू टीम
देश के पूर्वी तटीय राज्यों ओडिशा, बंगाल और आंध्र प्रदेश से कल जवाद तूफान टकराएगा। ओडिशा सरकार ने तटीय इलाकों में NDRF, स्टेट फायर सर्विस और ओडिशा डिजास्टर रिलीफ फोर्स की 266 टीमों को तैनात किया है। इसके साथ ही आज से 5 दिसंबर तक ओडिशा के मछुआरों को सभी तरह की नावों में मछली पकड़ने के लिए जाने से मना किया है।

जापान के होन्शु द्वीप में 5.4 तीव्रता का भूकंप
जापान के सबसे बड़े द्वीप होन्शु के दक्षिणपूर्वी हिस्से में गुरुवार रात को 5.4 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र जापानी शहर वाकायामा में धरती से 20 किमी नीचे मिला है। इसे झटके 23 जिलों में महसूस किया गया। किसी तरह की क्षति की कोई खबर नहीं है। सुनामी का अलर्ट भी जारी नहीं किया गया है।

केरल में CPI(M) नेता की चाकू मारकर हत्या, पार्टी का दावा- RSS ने जान ली
केरल में स्थानीय CPI(M) नेता पीबी संदीप कुमार की गुरुवार को पथनमथिट्‌टा के थिरुवल्ला इलाके में किसी ने चाकू मारकर हत्या कर दी गई। CPI(M) का दावा है कि RSS ने उनकी हत्या की। बीजेपी जिला ऑफिस ने इन आरोपों का खंड़न किया है।

केरल CPI(M) नेता पीबी संदीप कुमार जिनकी हत्या की गई।
केरल CPI(M) नेता पीबी संदीप कुमार जिनकी हत्या की गई।

PM मोदी ने ‘इनफिनिटी-फोरम’ का उद्घाटन किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह 10 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इनफिनिटी फोरम का उद्घाटन किया। यह फिन-टेक पर आधारित प्लेटफॉर्म है। अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण (IFSCA) केंद्र सरकार के नेतृत्व में इस कार्यक्रम का आयोजन किया। इसे गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट-सिटी) और ब्लूमबर्ग सहयोग कर रहे हैं। यह कार्यक्रम 3 और 4 दिसंबर को होगा। पहले कार्यक्रम में इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका और ब्रिटेन भी साझीदार देश हैं।

फिन-टेक क्या है
फिन-टेक, फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी का शॉर्ट फॉर्म है। दूसरे शब्दों में कहा जाए तो बरसों से चली आ रही आर्थिक गतिविधियों, कंपनियों और व्यापार का आधुनिक तरीके से संचालन करना ही फिन-टेक कहलाता है। इसमें डिजिटल पेमेंट, डिजिटल ऋण, बैंक टेक, इंश्योर टेक, रेगटेक शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...

Top Cities