PM Modi Himachal Visit : 27 दिसंबर को हिमाचल आ सकते हैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, यह है वजह
PM Modi Himachal Visit भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि 27 दिसंबर को प्रदेश सरकार के चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिमाचल आ सकते हैं। उनका दौरा तय होने के बाद स्थान तय किया जाएगा।
शिमला, जागरण संवाददाता। PM Modi Himachal Visit, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हर घर तक महासंपर्क अभियान चलाने का फैसला लिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि 27 दिसंबर को प्रदेश सरकार के चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिमाचल आ सकते हैं। उनका दौरा तय होने के बाद स्थान तय किया जाएगा।
सुरेश कश्यप ने कहा कि उपचुनाव हारने का कारण अतिआत्मविश्वास व कांग्रेस का संवेदनाओं का सहारा लेना है। यह हमारे लिए आंखें खोलने वाला है। इससे हमें लाभ हुआ है, इससे सीखकर 2022 की तैयारी करेंगे। प्रदेश में पन्ना कमेटी बनाई जा रही है। 80 फीसद काम पूरा हो चुका है, दिसंबर तक इसका 100 फीसद काम पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार व संगठन दोनों ही समन्वय के साथ काम करते रहेंगे। संगठन को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने की दृष्टि से भाजपा ने प्रदेश में विस्तारक योजना चलाकर कार्यकर्ताओं के डाटा को डिजिटल कर दिया है। उपचुनाव के नतीजे उम्मीद अनुरूप नहीं रहे। भाजपा का कार्यकर्ता मेहनती है। हम अपनी कमियों को दूर करके आने वाले विधानसभा चुनाव में पूरी तन्मयता एवं दृढ़ निश्चय से कार्य करेंगे। हम मिशन रिपीट में अवश्य सफल होंगे।
विकास के नए आयाम स्थापित किए
सुरेश कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। कई संस्थान प्रदेश में खुले हैं। गृहिणी सुविधा योजना के तहत महिलाओं को धुएं से निजात दिलाई है। जनमंच कार्यक्रम के तहत लोगों की अधिकतर समस्याओं का मौके पर निपटारा कर कार्यालयों के चक्कर काटने में राहत प्रदान की है।
जनता तक कार्यकर्ता नहीं पहुंचा सके काम
उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने कई काम किए हैं। इन्हें जनता तक पहुंचाने का काम कार्यकर्ता का था, लेकिन इसमें ही सफलता नहीं मिल सकी है। अब इसके लिए हर घर में दस्तक देने की मुहिम चलाई जाएगी।