अगले साल उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव होने को हैं। चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के बीच गठबंधन बनने और बिगड़ने का दौर शुरू हो चुका है। एआईएमआईएम अध्यक्ष ओवैसी ने ओम प्रकाश राजभर के सुभासपा से गठबंधन नहीं होने के बाद दूसरे दलों की तरफ रुख किया है। इसी से जुड़े मुद्दे पर टीवी डिबेट के दौरान जब भाजपा प्रवक्ता ने अपनी पार्टी का गुणगान शुरू किया तो एआईएमआईएम नेता ने कहा कि दंगे पर आपका एकाधिकार है और गाय तथा मंदिर ही आपका एजेंडा है।

टीवी चैनल न्यूज 24 पर एंकर मानक गुप्ता के डिबेट शो में एक सवाल के जवाब में भाजपा प्रवक्ता अनिला सिंह ने कहा कि अभी मैं एआईएमआईएम नेता वारिस पठान को सुन रही थी। वो कह रहे थे कि सभी जातियों के नेता होते हैं तो मुसलमानों के नेता कौन हैं। साथ ही अनिला सिंह ने वारिस पठान से कहा कि अगर आप मुसलमानों की बात करते हैं तो क्या जाट, गुर्जर, राजपूत और त्यागी समुदाय में मुसलमान नहीं होते हैं।

आगे भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आप मुसलमानों को क्यों अलग करते हैं। मैं पश्चिम क्षेत्र से आती हूं। यहां पर मूले जाट बहुत हैं। जब भी कभी समुदाय के विकास की बात होती है तो सब साथ बैठते हैं। आपलोग हैं जो विभाजन की राजनीति करते हैं। भाजपा तो दीन दयाल उपाध्याय की जो सोच है उसको लेकर निरंतर आगे बढ़ रही है।

भाजपा प्रवक्ता के इन बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए एआईएमआईएम नेता वारिस पठान ने कहा कि वो कितने प्यार से समझा रहीं थीं कि भाजपा इतनी अच्छी पार्टी है। सबको पता है कि बीजेपी 2 से 300 कैसे पार कर गई। इनका एजेंडा ही गाय, गंगा, दंगा, मंदिर है। इसके बिना तो ये आगे आते नहीं हैं। दंगों में इनकी मास्टरी है। झूठ बोलने में तो मोनोपॉली है। आप सब लोग गुजरात मॉडल करके यहां पहुंचे हैं। गुजरात को कोई नहीं भूला है। 2002 हम सबको याद है कि आप लोगों ने क्या किया था। आपको सिर्फ कम्युनल डिवीजन करना है..कम्युनिटी पर बात करना है।

बता दें कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने ओवैसी का साथ छोड़ समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से हाथ मिला लिया है। सुभासपा के साथ छोड़ने पर ओवैसी ने कहा कि उन्होंने अपनी पार्टी का निर्णय लिया और हमसे गठबंधन तोड़ लिया लेकिन हम चुनाव लड़ेंगे। हम 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। हम दूसरे दलों के साथ भी बात कर रहे हैं।