• Hindi News
  • Jeevan mantra
  • Dharm
  • Guru Pushya Nakshatra, Every Day Auspicious Time For Shopping And Investment Till Diwali, Tripushkar Yoga After 19 Years On Dhanteras

गुरु पुष्य नक्षत्र आज:दिवाली तक खरीदारी और निवेश के लिए हर दिन शुभ मुहूर्त, 19 साल बाद धनतेरस पर त्रिपुष्कर योग

2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
  • 28 अक्टूबर से 4 नवंबर तक प्रॉपर्टी, ज्वैलरी, गाड़ियों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदना शुभ होगा
  • ज्योतिषियों के मुताबिक 2 नवंबर को निवेश और खरीदारी करने से मिलेगा तीन गुना फायदा
  • गुरु पुष्य नक्षत्र में की गई खरीदारी कम खर्च में ज्यादा फायदा देने वाली होगी

आज गुरु पुष्य नक्षत्र से खरीदारी और निवेश के लिए शुभ समय शुरू हो गया है। 28 अक्टूबर (पुष्य नक्षत्र) से 4 नवंबर (दिवाली) तक ऐसे मुहूर्त बन रहे हैं, जिनमें प्रॉपर्टी, ज्वैलरी, गाड़ियों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक सामान तक खरीदना शुभ होगा। वहीं 19 साल बाद धनतेरस पर त्रिपुष्कर योग भी बन रहा है। इसके पहले 2002 में ऐसा हुआ था। ज्योतिषियों के मुताबिक इस योग में किए गए कामों से तीन गुना फायदा मिलता है।

आज पुष्य नक्षत्र में की गई खरीददारी ज्यादा फायदेमंद होगी, क्योंकि इस शुभ नक्षत्र के साथ चंद्रमा, बुध और शनि अपनी ही राशि में रहेंगे। साथ ही सर्वार्थसिद्धि, अमृतसिद्धि और रवियोग होने से दिन और भी खास हो गया है। इन ग्रह-योगों में किए गए निवेश और खरीदारी कम खर्च में ज्यादा फायदा देने वाली होती है।

धनतेरस पर तीन गुना फायदा
पुरी के ज्योतिषाचार्य डॉ. गणेश मिश्र का कहना है कि 2 नवंबर को धनतेरस पर 19 साल बाद तिथि वार और नक्षत्र से मिलकर त्रिुपुष्कर नाम का शुभ योग बन रहा है। इस शुभ योग में किए गए निवेश से तीन गुना फायदा मिल सकता है। त्रिपुष्कर योग में की गई खरीदारी भी तीन गुना शुभ और फायदेमंद मानी जाती है। इसलिए इस दिन बिजनेस और शुभ कामों की शुरुआत करनी चाहिए।

दुर्लभ योग: गुरु-शनि की युति में पुष्य नक्षत्र
उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा के मुताबिक 677 साल बाद ऐसा संयोग बन रहा है जब मकर राशि में गुरु और शनि की युति के रहते गुरु-पुष्य संयोग बना है। इससे पहले 5 नवंबर 1344 को ऐसा संयोग बना था। पुष्य नक्षत्र के स्वामी शनि हैं और शनि के नक्षत्र में किया काम लंबे समय तक चलता है।

किस तारीख को क्या खरीदें…
28 अक्टूबर:
गुरुवार और पुष्य नक्षत्र का संयोग होने से गुरु पुष्य योग बन रहा है। साथ ही पूरे दिन सर्वार्थसिद्धि, अमृतसिद्धि और रवियोग होने से इस दिन हर तरह की खरीदारी और निवेश किया जा सकता है।
29 अक्टूबर: इस दिन शुभ योग होने के साथ ही शुक्रवार और अष्टमी तिथि का संयोग बन रहा है। ये व्हीकल खरीदारी का विशेष मुहूर्त रहेगा। साथ ही इस दिन शुभ मुहूर्त में खाने की चीजें, औषधियों की खरीदारी और नए प्रतिष्ठान की शुरुआत करना फलदायी रहेगा।
30 अक्टूबर: शनिवार को शुक्ल योग बन रहा है साथ ही अश्लेषा नक्षत्र से मानस योग भी रहेगा। इस शुभ संयोग में औषधियां, मिठाइयां, मोती, सुगंधित चीजें, एक्वेरियम और महिलाओं से जुड़े सामानों की खरीदारी की जा सकती है।
31 अक्टूबर: ब्रह्म योग के साथ ही रविवार और पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र का संयोग बनने से प्रॉपर्टी में निवेश या खरीदारी के लिए भी ये दिन शुभ है। इस दिन औजार, मशीनरी और व्हीकल की खरीदारी करना शुभ रहेगा।
1 नवंबर: इस दिन इंद्र योग रहेगा। उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र होने से सिद्धि देने वाला श्रीवत्स योग रहेगा। सुख और समृद्धि देने वाले शुक्र का नक्षत्र होने से इस मुहूर्त में हर तरह की खरीदारी की जा सकती है। इस दिन इलेक्ट्रॉनिक सामानों की खरीदारी करने के लिए विशेष मुहूर्त रहेगा।
2 नवंबर: इस दिन धनतेरस पर्व रहेगा। खरीदारी के लिए इसे अबूझ मुहूर्त भी कहा जाता है। साथ ही इस दिन त्रिपुष्कर योग बनने से हर तरह का निवेश और खरीदारी की जा सकती है। इस दिन प्रदोष और हस्त नक्षत्र का योग भी बनने से वाहन, भूमि, भवन, आभूषण व वस्त्र आदि की खरीदारी करना मंगलकारी रहेगा।
3 नवंबर: रूप चतुर्दशी पर चित्रा नक्षत्र दिनभर रहेगा। चंद्रमा और बुध दोनों ही इस नक्षत्र में रहेंगे और चंद्रमा पर बृहस्पति की दृष्टि होने से घर की सजावट और सुख-सुविधाओं की चीजों की खरीदारी कर सकते हैं।
4 नवंबर: दीपावली महापर्व पर सूर्योदय के साथ ही चतुर्ग्रही शुभ योग शुरू हो जाएगा, जो कि रातभर रहेगा। लक्ष्मी पूजा के साथ इस दिन हर तरह की खरीदारी के लिए विशेष मुहूर्त बन रहा है।
(पुरी के ज्योतिषी डॉ. गणेश मिश्र के मुताबिक)

    Top Cities