• Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates | Dainik Bhaskar Breaking News Headlines Today, India And World Latest Pictures Videos

भास्कर अपडेट्स:कश्मीर में 17 जगह NIA की रेड, जमात-ए-इस्लामी से जुड़े टेरर फंडिंग केस में कार्रवाई

2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानी NIA ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर में 17 जगह रेड की। माना जा रहा है कि यह छापेमारी जमात-ए-इस्लामी टेरर फंडिंग केस के तहत की गई है। अनंतनाग, कुलगाम, गांदरबल, बांदीपोरा, बडगाम, किश्तवाड़ और जम्मू में कई ठिकानों पर NIA टीम ने यह रेड की। एजेंसी ने 5 फरवरी को इस सिलसिले में केस दर्ज किया था।

एजेंसी के मुताबिक, जमात के सदस्य फंड जुटा रहे थे। इसके लिए देश के अंदर और बाहर मौजूद सदस्यों की मदद ली जा रही थी। इसके अलावा युवाओं को जिहाद के लिए उकसाने का केस भी दर्ज किया गया है।

आज की अन्य बड़ी खबरें...

टीकाकरण के लिए हर-घर में दस्तक देंगे हेल्थकेयर वर्कर्स

100 करोड़ टीके लगाने का लक्ष्य पूरा करने के बाद अब केंद्र सरकार मेगा वैक्सीनेशन ड्राइव चलाने की तैयारी कर रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को बताया कि सरकार अगले महीने से 'हर घर दस्तक' अभियान चलाएगी।

इसके तहत हेल्थकेयर वर्कर्स वैक्सीनेशन के लिए डोर-टू-डोर सर्वे करेंगे। इसमें वैक्सीन का पहला और दूसरा दोनों डोज लगवाने की सुविधा होगी। मांडविया ने कहा कि खासतौर पर उन 48 जिलों को टारगेट किया जाएगा, जहां 50% से कम वैक्सीनेशन हुआ है।

5000 KM तक टारगेट हिट करने वाली अग्नि-5 का सफल परीक्षण

बॉर्डर सुरक्षा और मिसाइल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में देश ने एक और बड़ी सफलता हासिल कर ली है। बुधवार को ओडिशा के अब्दुल कलाम द्वीप पर अग्नि-5 मिसाइल का सफल परीक्षण किया गया। यह मिसाइल 5 हजार किलोमीटर की दूरी तक लक्ष्य को साधने की क्षमता रखती है। इसकी जद में चीन और पाकिस्तान सहित पूरा एशिया आएगा। अग्नि-5 का यह आठवां टेस्ट है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

लखबीर की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों की पुलिस से झड़प
दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर लखबीर को इंसाफ दिलाने के लिए इकट्‌ठा हुए किसानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। बुधवार शाम यहां हिंद मजदूर किसान समिति से जुड़े किसान जमा हुए थे।

ये लोग लखबीर के परिवार को सरकारी नौकरी और मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। नरेला के पास पुलिस को इन पर लाठीचार्ज करना पड़ा।

हैदराबाद में 27 साल की महिला ने 4 बच्चों को जन्म दिया

हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में 27 वर्षीय एक महिला ने चार बच्चों को जन्म दिया है। ऑपरेशन करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि महिला ने अस्पताल में मंगलवार शाम ऑपरेशन (सी-सेक्शन) की मदद से एक लड़का और तीन लड़कियों को जन्म दिया। डॉक्टरों ने बताया कि मां और बच्चे स्वस्थ हैं तथा नवजात शिशुओं का वजन एक किलोग्राम से ज्यादा है।

दिल्ली विश्वविद्यालय के दो रिटायर्ड प्रोफेसरों ने आत्महत्या की, एक्सीडेंट के बाद सदमे में थे
दिल्ली विश्वविद्यालय के दो रिटायर्ड प्रोफेसरों ने आत्महत्या कर ली है। वे दिल्ली के गोमती अपार्टमेंट में रहते थे। मृतकों की पहचान राकेश कुमार जैन (74) और उषा (69) के तौर पर हुई है। जानकारी के अनुसार, एक एक्सीडेंट में दोनों बुरी तरह घायल हो गए थे और बिस्तर पर थे।

पेगासस मामले में राहुल गांधी का केंद्र पर हमला, पूछा- क्या PM को मिल रहा था जासूसी का डेटा

इजराइली स्पाइवेयर पेगासस के जरिए जासूसी का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि आज सुप्रीम कोर्ट ने हमारे सवालों पर मुहर लगा दी है। यह पूरी तरह से लोकतंत्र पर हमला है। हमने संसद सत्र के दौरान तीन सवाल पूछे थे। पहला- पेगासस को किसने खरीदा?, दूसरा-इसे भारत कौन लाया?, तीसरा- क्या इसका डेटा किसी और देश के पास भी है? उन्होंने कहा कि क्या PM को भी जासूसी का डेटा मिल रहा था।

राहुल गांधी ने शाम को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पूरे मामले में केंद्र सरकार लोगों को धोखा दे रही है। गृह मंत्रालय को इसकी जानकारी है, लेकिन सरकार कुछ भी बताना नहीं चाहती। इससे पहले राहुल गांधी जासूसी मामले में गृहमंत्री अमित शाह से इस्तीफा मांग चुके है।

पश्चिम बंगाल में एक और BJP विधायक TMC में शामिल, छह महीने में पांच विधायकों ने बदला पाला
पश्चिम बंगाल में बुधवार को उत्तरी बंगाल की रायगंज सीट से BJP विधायक कृष्णा कल्याणी ने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) जॉइन कर ली। मई में ममता बनर्जी की सरकार के राज्य में वापसी करने के बाद से ही BJP के विधायकों का पाला बदलना लगातार जारी है। कृष्णा के TMC से जुड़ने के साथ ही अब राज्य में BJP छोड़कर सत्ताधारी पार्टी में जाने वाले विधायकों की संख्या 5 हो गई है। इसके अलावा पिछले महीने पूर्व केंद्रीय मंत्री और BJP सांसद बाबुल सुप्रियो ने भी TMC की सदस्यता ग्रहण कर ली थी।

उत्तराखंड में खाई में गिरा टूरिस्ट वाहन, 5 मरे और 7 घायल

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में एक टूरिस्ट वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार 5 टूरिस्ट की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य घायल हो गए हैं। तहसीलदार कपकोट के मुताबिक, हादसा मुनस्यारी-कौसानी मार्ग पर फरसाली के पास हुआ है। SDRF के मुख्य आरक्षी रवि रावत के नेतृत्व मे बचाव टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को निकालने के बाद 108 एंबुलेंस सेवा के जरिए अस्पताल भिजवाया। मरने वालों में 2 पुरुष व 3 महिलाएं हैं, जिनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

डिप्टी CM सिसोदिया का ऐलान- 1 नवंबर से दिल्ली में स्कूल खुलेंगे

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को ऐलान किया कि राष्ट्रीय राजधानी में 1 नवंबर से सभी कक्षाओं के स्कूल खुलेंगे। हालांकि बच्चों को स्कूल आने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। साथ ही ऑनलाइन क्लास भी चलते रहेंगे। उन्होंने कहा कि 50% से ज्यादा बच्चों को एक बार में नहीं बुलाया जा सकेगा। स्कूल सुनिश्चित करेगा कि उसके सारे स्टाफ को वैक्सीन लग चुकी हो।

इसके अलावा दिल्ली में सार्वजनिक तौर पर छठ पूजा मनाने की इजाजत मिल गई है। सिसोदिया ने कहा कि छठ का सेलिब्रेशन सरकार द्वारा पहले से तय किए गए स्थानों पर सख्त प्रोटोकॉल के साथ होगा। कोरोना प्रोटोकॉल के तहत सीमित संख्या में लोगों को इकट्ठा होने की इजाजत दी जाएगी।

राजस्थान में पाकिस्तान को सपोर्ट करने वाली टीचर गिरफ्तार

उदयपुर के नीरजा मोदी स्कूल की टीचर नफीसा अटारी को गिरफ्तार कर लिया गया। टीचर पर इंडिया-पाकिस्तान मैच के दौरान पाकिस्तान के समर्थन में सोशल मीडिया में पोस्ट करने पर मुकदमा दर्ज किया गया था। केस दर्ज होने के बाद बुधवार को अंबामाता पुलिस ने टीचर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 153 बी (राष्ट्रीय एकता के खिलाफ भाषण या ऐसा कार्य करना) के तहत महिला को गिरफ्तार में लिया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसने मजाक में यह पोस्ट कर दिया था। इसके लिए वह सार्वजनिक तौर पर भी माफी मांग चुकी है। पाकिस्तान की टीम को सपोर्ट करने या देश के विरुद्ध पोस्ट करने का इरादा नहीं था। पढ़िए पूरी खबर..

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी : कोविड-19 पॉजिटिव मिले मुंबई क्रिकेट टीम के 4 खिलाड़ी
गुवाहाटी में 4 नवंबर से शुरू होने जा रही घरेलू क्रिकेट की सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी से पहले मुंबई क्रिकेट टीम संकट में फंस गई है। मुंबई टीम के चार क्रिकेटर कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के सूत्रों ने इसकी पुष्टि की। सूत्रों ने बताया कि पॉजिटिव निकले क्रिकेटर्स में शम्स मुलानी, सरफराज खान, सैराज पाटिल और प्रशांत सोलंकी शामिल हैं। ये चारों क्रिकेटर अब टूर्नामेंट के लीग स्टेज पर नहीं खेल पाएंगे, लेकिन बाकी क्रिकेटर गुवाहाटी के लिए समय पर रवाना होंगे। मुंबई ने 20 सदस्यीय दल की कप्तानी भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे को सौंपी है, जबकि पृथ्वी शॉ को उपकप्तान चुना गया है। टीम में यशस्वी जायसवाल को भी जगह दी गई है।

NIA कोर्ट ने पटना सीरियल ब्लास्ट केस में 10 में से 9 आरोपियों को दोषी करार दिया

NIA की स्पेशल कोर्ट ने पटना सीरियल ब्लास्ट केस में 10 में से 9 आरोपियों को दोषी करार दिया है। एक आरोपी सबूत के अभाव में बरी हो गया है। यह धमाका 2013 गांधी मैदान में तत्कालीन प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की हुंकार रैली के दौरान हुआ था। गांधी मैदान के साथ-साथ पटना जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 10 के सुलभ शौचालय में भी एक ब्लास्ट हुआ था। इस सीरियल ब्लास्ट में कुल 6 लोगों की मौत हुई थी और 89 लोग घायल हुए थे। पढ़िए पूरी खबर..

गृह मंत्री शाह बोले- PM मोदी ने देश को विकास का मॉडल दिया

गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 20 साल पूरा होने के मौके पर दिल्ली में एक कार्यक्रम का उद्घाटन किया। शाह ने कहा कि भारत की आजादी को 75 साल हो गए हैं। जब हम आजाद हुए, हमारे देश की संविधान सभा बनी, संविधान सभा ने मल्टी पार्टी डेमोक्रेटिक सिस्टम को स्वीकार किया। बहुत सोच समझकर स्वीकार किया था, जो उचित फैसला था। इतना बड़ा देश, इतनी विविधताओं वाला देश, किसी व्यक्ति के आधार पर चुनकर नहीं आना चहिए। मल्टी पार्टी डेमोक्रेटिक सिस्टम होना चाहिए, हर पार्टी की एक आईडियोलॉजी होनी चाहिए।

शाह ने कहा कि साल 2014 आते-आते देश में राम-राज की परिकल्पना ध्वस्त हो चुकी थी। जनता के मन में ये आशंका थी कि कहीं हमारी बहुपक्षीय लोकतांत्रिक संसदीय व्यवस्था फेल तो नहीं हो गई। लेकिन देश की जनता ने धैर्य से फैसला देते हुए पीएम नरेंद्र मोदी को पूर्ण बहुमत के साथ देश का शासन सौंपा। PM मोदी ने रिफॉर्म की शुरुआत गुजरात से की थी। उन्होंने देश को विकास का मॉडल दिया। पीएम मोदी को लोगों की सेवा के लिए जाना जाता है। आज उन्हें मुझसे ज्यादा जनता जानती है।

NIA ने टेरर फंडिंग केस में कश्मीर में कई जगहों पर छापे मारे
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बुधवार को कश्मीर में कई जगहों पर जमात-ए-इस्लामी (JEI) से जुड़े लोगों के घरों पर छापे मारे। यह छापेमारी टेरर फंडिंग मामले में गांदरबल, बडगाम, बांदीपोरा और शोपियां सहित कई जिलों में हुई। देवसर में मोहम्मद अखराम बाबा और बाबापोरा में शबाना शाह के घर पर भी रेड पड़ी। अखराम कथित तौर पर JEI से जुड़ा रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी है।

पेट्रोल-डीजल के दाम दो दिन बाद फिर बढ़े

पेट्रोल-डीजल की कीमत में दो दिन बाद फिर से बढ़ोतरी हुई है। बुधवार को पेट्रोल-डीजल के दाम 35-35 पैसे बढ़े हैं। अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 107.94 रुपए प्रति लीटर और डीजल 96.67 रुपए प्रति लीटर हो गया है। इस तरह से फ्यूल की कीमतें रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गई हैं। देश के कई राज्‍यों में पेट्रोल की कीमत पहले ही 100 रुपए प्रति लीटर के पार जा चुकी है। मध्यप्रदेश के बालाघाट में अब पेट्रोल 120 रुपए प्रति लीटर की दर के करीब पहुंच गया है। यहां पेट्रोल का दाम 118.98 रुपए प्रति लीटर है, वहीं डीजल 108.20 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

सेंसेक्स 61,500 और निफ्टी 18300 के पार
मिलेजुले ग्लोबल संकेतों के बीच आज घरेलू बाजार की मजबूत शुरुआत हुई। सेंसेक्स 61,499 और निफ्टी 18,295 के स्तर पर खुला। फिलहाल सेंसेक्स 80 पॉइंट चढ़कर 61,430 पर और निफ्टी 40 पॉइंट चढ़कर 18,310 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 17 शेयर में खरीदारी और 13 शेयर में बिकवाली देखने को मिल रही है। जिसमें एशियन पेंट्स के शेयर 5%, ICICI बैंक के शेयर में 1% से ज्यादा की तेजी देखने को मिल रही है। वहीं एक्सिस बैंक के शेयर में करीब 4% की कमजोरी है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

पद्मश्री से सम्मानित गांधीवादी विचारक डॉ. एसएन सुब्बाराव का निधन

पद्मश्री से सम्मानित डॉ. एसएन सुब्बाराव का 92 साल की उम्र में निधन हो गया है। पिछले गई दिनों से वह बीमार थे और जयपुर के SMS अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार शाम हार्ट अटैक आने के बाद उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। सुब्बाराव गांधीवादी विचारक थे। स्कूल के दिनों में ही वो महात्मा गांधी के विचारों से प्रभावित हुए और 13 साल की उम्र में आजादी आंदोलन से जुड़ गए। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत उन्हें अपना आदर्श मानते थे। बीते चार दिनों में तीन बार गहलोत सुब्बाराव से मिलने गए थे। पूरी खबर यहां पढ़ें...

कौवैक्सीन की मंजूरी पर 3 नवंबर को फैसला होगा
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) भारतीय कोरोना टीका ‘कोवैक्सीन’ के बारे में मंगलवार को भी किसी निर्णय पर नहीं पहुंचा। बल्कि भारत बायोटेक से कोवैक्सीन पर अतिरिक्त जानकारी की मांग की है। पहले कहा गया था कि अगर WHO संतुष्ट होता है तो अगले 24 घंटे में ही ‘कोवैक्सीन’ के बारे में कोई फैसला ले सकता है। गौरतलब है कि अब तक कोवैक्सीन को WHO ने आपात इस्तेमाल की मंजूरी नहीं दी है। भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मंगलवार को कोविड-19 रोधी टीके की 51 लाख खुराक दिए जाने के साथ ही देश में अब तक 103 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है।

तमिलनाडु में पटाखे की दुकान में भीषण आग लगी, 6 लोगों की मौत

तमिलनाडु में कल्लाकुरिची जिले के शंकरपुरम शहर में पटाखे की दुकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 6 की मौत हो गई और कई लोग झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मरने वालों के परिवार वालों को 5-5 लाख सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही हादसे में घायलों के इलाज के लिए 1 लाख रुपए दिए जाएंगे।

UP में 1 नवंबर से वोटर बनने का मौका
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने वोटर बनने का मौका दिया है। 1 नवंबर से यह अभियान UP के साथ ही पूरे देश में चलाया जाएगा। 1 जनवरी 2022 को 18 साल की आयु पूरी करने वाले युवा और युवतियां वोटर बनने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन अप्लाई कर सकेंगे। कानपुर के DM विशाखजी ने इस संबंध में अधिकारियों और राजनैतिक पार्टियों के साथ बैठक भी की। पूरी खबर यहां पढे़ं...

भारत-पाक बॉर्डर के पास से युवक लापता
भारत-पाक सीमा के गांव जानपालिया से एक युवक गायब होने के बाद परिजनों ने सेड़वा थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई है। इसके बाद से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मंच गया है। तीन दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं लगा है। सेड़वा पुलिस को रिपोर्ट दी कि सबीर अहमद (25) पुत्र मुराद अहमद निवासी जानपालिया 24 अक्टूबर सोमवार को सुबह घर से निकला था। इसके बाद से सबीर शाम तक घर पर नहीं लौटा। परिजनों ने सेड़वा थाने में गुमशुदगी की रिपार्ट दी। पुलिस तलाश में जुटी है, लेकिन उसका तीन दिन से कोई पता नहीं लगा है। पूरी खबर यहां पढे़ं...

Top Cities