• Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates | Dainik Bhaskar Breaking News Headlines Today, India And World Latest Pictures Videos

भास्कर अपडेट्स:योगेंद्र यादव संयुक्त किसान मोर्चा से एक महीने के लिए सस्पेंड, लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ता के घर गए थे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

योगेंद्र यादव को किसान मोर्चा से एक महीने के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। योगेंद्र यादव लखीमपुर हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ता शुभम मिश्रा के घर गए थे और परिवारवालों से मिलकर संवेदना प्रकट की थी। इसी को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा ने उन पर कार्रवाई की है। पंजाब के किसान संगठन उन पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

लखीमपुर हिंसा में मारे गए शुभम मिश्रा के घर जाने के बाद योगेंद्र यादव ने अपने ट्विटर अकाउंट पर उनके परिवार से मुलाकात की कुछ तस्वीरें साझा की थीं। इसके अलावा उन्होंने ट्वीट में लिखा था, 'शहीद किसान श्रद्धांजलि सभा से वापसी में भाजपा कार्यकर्ता शुभम मिश्रा के घर गए। परिवार ने हम पर गुस्सा नही किया। बस दुखी मन से सवाल पूछे: क्या हम किसान नहीं? हमारे बेटे का क्या कसूर था? आपके साथी ने एक्शन रिएक्शन वाली बात क्यों कही? उनके सवाल कान में गूंज रहे हैं!'

योगेंद्र यादव को नोटिस जारी करके स्पष्टीकरण मांगा गया था
सूत्रों ने बताया कि बैठक में योगेंद्र यादव ने कहा कि अगर जाने से किसानों की भावना आहत हुई है तो माफी मांगता हूं। व्यक्तिगत स्तर पर गया, इसके लिए खेद प्रकट करता हूं। संयुक्त किसान मोर्चा ने (SKM) ने इस मामले में योगेंद्र यादव को नोटिस जारी करके स्पष्टीकरण मांगा था। योगेंद्र यादव ने अपने स्पष्टीकरण में कहा कि वे SKM की तरफ से वहां नहीं गए। व्यक्तिगत तौर पर गए थे। संगठन से ऊपर उठकर वह मानवता के नाते गए थे। इस जवाब से SKM सहमत नहीं हुआ।

आज की अन्य बड़ी खबरें...

श्रीनगर के चानपोरा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, एक दहशतगर्द ढेर

जम्मू-कश्मीर में आम लोगों पर हुए हालिया हमलों के बीच सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन क्लीन चला रखा है। श्रीनगर के चानपोरा में गुरुवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है। सुरक्षाबलों ने एक दहशतगर्द को ढेर कर दिया है। एनकाउंटर अभी भी जारी है।

इससे पहले गुरुवार को भी सुरक्षाबलों ने 4 आतंकियों को मार गिराया था। कुलगाम में सेना और पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन में लश्कर ए तैयबा के कमांडर गुलजार अहमद रेशी समेत दो आतंकियों को मार गिराया। कश्मीर जोन के IG विजय कुमार ने कहा कि दोनों आतंकी बिहार के दो लोगों की हत्या में शामिल थे। दोनों मजदूरों की 17 अक्टूबर को वानपोह में आतंकियों ने हत्या कर दी थी।

दिन में सुरक्षाबलों ने शोपियां जिले में हुई मुठभेड़ में लश्कर ए तैयबा के दो आतंकवादियों को मार गिराया था। इस दौरान सेना का एक जवान शहीद हो गया, जबकि दो अन्य सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, मारे गए आतंकवादियों में से एक हाल में हुई उस व्यक्ति की हत्या में शामिल था जो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले का रहने वाला था। पिछले 15 दिनों में कश्मीर घाटी में सुरक्षा बलों के साथ 11 मुठभेड़ों में 17 आतंकी मारे गए हैं। पढ़ें पूरी खबर...

फारूक अब्दुल्ला ने कहा- नफरत को हथियार बनाया तो भारत के इतने टुकड़े होंगे कि रोक नहीं पाओगे​​​​​​

नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने गुरुवार को भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि अगले साल यूपी समेत अन्य राज्यों में होने वाले चुनाव जीतने के लिए भाजपा नफरत फैलाती है। इन लोगों ने नफरत को हथियार बना लिया है।

अब्दुल्ला ने लोगों से जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ देश को बचाने के लिए नफरत से लड़ने का आह्वान किया और चेतावनी दी कि अगर नफरत बढ़ती रही तो भारत को बिखरने से नहीं रोका जा सकता। उन्होंने भाजपा को घेरते हुए यहां तक कह दिया कि हिन्दुस्तान के इतने टुकड़े होंगे कि इसे रोका नहीं जा सकेगा।

फारूक अब्दुल्ला ने कहा, 'बालाकोट! बालाकोट! क्या लाइन (LOC) बदल गई? क्या हमें पाकिस्तान से जमीन का कोई टुकड़ा वापस मिला? लाइन अभी भी वही है। हमने वहां अपना विमान गिराया। हमें क्या मिला? भाजपा फिर सत्ता में आई। वे आज भी यही कर रहे हैं। वे यूपी जीतने के लिए नफरत फैला रहे हैं।'

फेस्टिव सीजन में हवाई सफर महंगा, हाई फ्रीक्वेंसी फ्लाइट रूट पर किराया 45% तक बढ़ा
दिवाली से पहले हाई फ्रीक्वेंसी फ्लाइट रूट पर हवाई किराए में बढ़ोतरी देखी जा रही है। हाई डिमांड की वजह से सालाना आधार पर यह बढ़ोतरी 30-45% की है। ट्रैवल पोर्टल ixigo के डेटा के अनुसार, मुंबई-दिल्ली और मुंबई-कोलकाता सहित बुक किए गए टॉप 10 रूट पर एवरेज वन-वे इकोनॉमी क्लास का किराया सालाना आधार पर 30% अधिक है। बेंगलुरु-कोलकाता रूट पर यह 40% और दिल्ली-कोलकाता रूट पर यह बढ़ोतरी 45% से ज्यादा की है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

बिटकॉइन की कीमत 66 हजार डॉलर के पार पहुंची
क्रिप्टो की लोकप्रिय करेंसी बिटकॉइन की कीमत 66 हजार डॉलर के पार पहुंच गई है। पहली बार इस लेवल पर बिटकॉइन की कीमत पहुंची है। देर रात यह 6% बढ़त के साथ कारोबार कर रही थी। इसकी अंतिम कीमत 66,974 डॉलर पर थी। बिटकॉइन की अभी तक की सबसे ज्यादा कीमत अप्रैल 2021 में थी। उस समय बिटकॉइन 64,889 डॉलर पर कारोबार कर रही थी। उसके बाद इस करेंसी में भारी गिरावट आई थी। इस कारण बिटकॉइन की कीमत 30 हजार डॉलर तक पहुंच गई थी। जानकारों का मानना है कि बहुत जल्द बिटकॉइन की कीमत एक लाख डॉलर के आंकड़े को पार कर सकती है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

सिद्धू का कैप्टन पर सीधा हमला, अमरिंदर को बताया तीनों खेती कानूनों का निर्माता
पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू ने गुरुवार को पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह पर सीधा हमला किया। अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री की कुर्सी से इस्तीफा देने और नई पार्टी बनाने के ऐलान के बाद सिद्धू ने पहली बार कैप्टन को निशाने पर लिया। गुरुवार को किए गए ट्वीट में सिद्धू ने कहा कि 3 काले कानूनों (कृषि सुधार कानून) के निर्माता अमरिंदर हैं, जो पंजाब की किसानी में अंबानी को लेकर आए। अमरिंदर ने एक-दो कार्पोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए पंजाब के किसानों, छोटे व्यापारियों और मजदूरों को बर्बाद कर दिया। पूरी खबर यहां पढ़ें...

शिवराज बोले- एक्टर 23 तारीख को किसानों के खाते में राशि डालेगा

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के एक्टर-डायरेक्टर और जेब में नारियल रखकर चलने वाले बयान पर शिवराजसिंह ने एक चुनावी सभा में एक्शन के साथ पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कमलनाथ तुम आचार संहिता का हवाला देते रहना, लेकिन ये एक्टर 23 तारीख को किसानों के खाते में सम्मान निधि का पैसा डालेगा। डायरेक्टर दे रहा है, तो काम करवाएगा और नारियल फोड़ता रहेगा। डोकरियां, डोकरी से कहने से काम नहीं चलेगा। पूरी खबर यहां पढ़ें...

सचिन पायलट का BJP पर हमला, CM गहलोत का जिक्र नहीं
पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने केंद्रीय मंत्री एसपी बघेल और उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बयानों को लेकर बीजेपी पर हमला बोला है। एसपी बघेल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ अभद्र बयानबाजी की थी, सचिन पायलट ने उसकी निंदा की, लेकिन गहलोत का नाम नहीं लिया। पायलट ने बघेल की गहलोत के खिलाफ और उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की मंडेलिया के खिलाफ दिए बयान पर बीजेपी नेताओं से माफी मांगने को कहा है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

MG एस्टर SUV की धूम; 20 मिनट में बुक हुईं 5000 कारें

MG एस्टर को मात्र 20 मिनट में ही 5,000 बुकिंग मिल चुकी हैं। इसके साथ ही MG एस्टर कार का स्टॉक खत्म हो चुका है। कंपनी ने 25 हजार रुपए के टोकन अमाउंट के साथ ही बुकिंग ओपन की थी। MG मोटर ने सुबह ही 5000 यूनिट को सेल के लिए रखा था। जिसे कंपनी ने साल के अंत तक बेचने का प्लान बनाया था। लेकिन इसकी बुकिंग शुरू होते ही मात्र 20 मिनट में कार का पूरा स्टॉक ही बुक हो गया। एस्टर SUV के पहले बैच की डिलीवरी नवंबर से शुरू हो जाएगी। पूरी खबर यहां पढ़ें...

मंत्री उपेंद्र तिवारी बोले- देश में 95% लोग पेट्रोल का प्रयोग नहीं करते
यूपी में बढ़ती महंगाई के बीच खेल युवा कल्याण और पंचायती राज मंत्री उपेंद्र तिवारी ने गुरुवार को एक बेतुका बयान दिया। जालौन में उन्होंने कहा कि देश की 95% जनता डीजल-पेट्रोल का उपयोग नहीं करती है। कुछ ही लोग डीजल-पेट्रोल का उपयोग करते हैं। देश में डीजल पेट्रोल के दामों में किसी प्रकार की कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। विपक्ष इसका प्रोपेगेंडा बनाने में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि देश में लोगों की आमदनी बढ़ी है। उस हिसाब से डीजल पेट्रोल के दाम बहुत कम हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें...

बिहार के शिवहर में मछली-भात का भोज खाकर 150 लोग बीमार
बिहार के शिवहर में मुखिया प्रत्याशी मछली-भात का भोज कराकर बुरी तरह फंस गए हैं। भोज खाकर 150 लोग बीमार हो गए। घटना बुधवार शाम की तारापुर पंचायत की है। इसके बाद DM ने जांच का आदेश दिया। मुखिया प्रत्याशी पर आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज कर लिया गया है। दरअसल, पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह ने नामांकन के बाद भोज कराने के लिए एक दिन पहले मंगलवार को 8 क्विंटल मछली बनवा ली थी। करीब 24 घंटे के बाद उसी मछली को लोगों को परोसा गया था। लोगों की मानें तो मछली खराब हो गई थी। पूरी खबर यहां पढ़ें...

जम्मू-कश्मीर में बाइक्स जब्त, कई जगहों पर इंटरनेट सर्विस बंद
जम्मू-कश्मीर में कुछ बाइकों को जब्त किया गया है और कुछ टावरों की इंटरनेट सर्विस बंद कर दी गई है। कश्मीर के IGP विजय कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई आतंकी गतिविधियों और हिंसा को लेकर हुई है। इसका गृह मंत्री अमित शाह के दौरे से कोई लेना-देना नहीं है। दरअसल, शाह 3 दिनों के जम्मू-कश्मीर के दौरे पर जाने वाले हैं। वह शनिवार को श्रीनगर पहुंचेंगे। इस दौरान वह सुरक्षा समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। साथ ही पंचायत सदस्यों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं से भी बातचीत करेंगे।

3% DA बढ़ाने का ऐलान, 1 करोड़ से ज्यादा कर्मचारियों और पेंशनर्स को फायदा

दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ा तोहफा मिला है। गुरुवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में महंगाई भत्ता 3% बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इस बढ़ोतरी के साथ महंगाई भत्ता 31% हो गया है। महंगाई भत्ता बढ़ने का फायदा एक करोड़ से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारियों और पैंशनर्स को होगा। सातवें वेतन आयोग के तहत महंगाई भत्ते (DA) की दर आमतौर पर हर साल दो बार बढ़ाई जाती है। इसलिए, केंद्र सरकार के कर्मचारी सातवें वेतन आयोग के तहत DA दर में बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे थे। 7वें वेतन आयोग के तहत केंद्र सरकार के कर्मचारियों को वर्तमान में उनके मूल वेतन का 28% DA के रूप में मिलता है। इस बढ़ोतरी के बाद महंगाई भत्ता 31% हो गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

सुपरमैन-वंडर वुमन को दिखाया भारत विरोधी, फिल्म बैन करने की मांग
अमेरिका की पॉपुलर डिटेक्टिव कॉमिक्स (DC) ने बुधवार को अपनी एक नई एनिमेटेड सुपरमैन मूवी 'इंजस्टिस' रिलीज की है। DC ने इस एनिमेटेड फिल्म में सुपरमैन और वंडर वुमन को भारत विरोधी दिखाया है। इसके अलावा फिल्म में कश्मीर को विवादित क्षेत्र बताया गया है। कहा जा रहा है कि DC ने इस फिल्म से भारत और सेना की छवि खराब करने की कोशिश की है। जिसके कारण इस फिल्म को लेकर देश में विवाद हो गया है। सोशल मीडिया यूजर्स पोस्ट शेयर कर इस फिल्म को बैन करने की मांग कर रहे हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें...

देश में 100 करोड़ वैक्सीनेशन का आंकड़ा पार, इजराइल ने बधाई दी
भारत ने कोरोना वैक्सीनेशन कैंपेन के तहत 100 करोड़ से ज्यादा लोगों को टीके लगाने की उपलब्धि हासिल कर ली है। इजराइल ने देश के इस सफल टीकाकरण अभियान का नेतृत्व करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। इजराइली PM नफ्ताली बेनेट ने कहा कि ये जीवन रक्षक टीके वैश्विक महामारी को हराने में हम सभी की मदद कर रहे हैं।

दिल्ली के संगम विहार इलाके में मकान गिरा; कोई हताहत नहीं

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के संगम विहार इलाके में गुरुवार को एक मकान ढह गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। घटनास्थल पर तीन फायर टेंडर मौजूद हैं। यह हादसा आज दोपहर 1 बजे हुआ। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि उन्होंने मकान ढहने की तेज आवाज सुनी। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। फिलहाल मलबा हटाने का काम जारी है।

निहंग ने सिंघु बॉर्डर पर मजदूर से मांगा मुर्गा, इनकार करने पर टांग तोड़ी
हरियाणा में सोनीपत जिले के सिंघु बॉर्डर पर किसान आंदोलन के दौरान तंबू गाड़कर बैठा बाबा अमन सिंह का निहंग दल नए विवाद में फंस गया है। बाबा अमन सिंह के दल में शामिल निहंग नवीन संधू ने शुक्रवार सुबह 11 बजे के आसपास सिंघु बॉर्डर पर मुर्गे सप्लाई करने वाले एक मजदूर की टांग तोड़ दी। जिस मजदूर की टांग तोड़ी गई उसका नाम मनोज पासवान है और वह बिहार का रहने वाला है। नवीन संधू ने पहले मनोज पासवान से एक मुर्गा मांगा और जब उसने देने से इनकार किया तो लाठी से मार-मारकर उसकी टांग तोड़ दी। सोनीपत के कुंडली थाने की पुलिस ने निहंग नवीन संधू को हिरासत में ले लिया। पूरी खबर यहां पढ़ें...

प्रदर्शनकारी किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर से बैरिकेड हटाने शुरू किए

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद प्रदर्शनकारी किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर से बैरिकेड हटाने शुरू कर दिए हैं। संयुक्त किसान मोर्चा के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि हमने रास्ते नहीं रोके हैं। पुलिस ने बैरिकेड लगाए हैं। अब जिसने रास्ते रोके हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई हो। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि किसानों को विरोध करने का अधिकार है, लेकिन सड़कों को अनिश्चित समय तक ब्लॉक नहीं किया जा सकता है। अदालत ने किसान संघों से विरोध कर रहे किसानों को सड़कों से हटाने की मांग वाली याचिका पर अपना जवाब दाखिल करने को कहा। अब इस मामले की सुनवाई 7 दिसंबर को होगी। पूरी खबर यहां पढ़ें...

कांग्रेस का चुनावी दांव पार्ट-2, 12वीं पास छात्राओं को स्मार्टफोन तो ग्रेजुएट को मिलेगी स्कूटी
उत्तर प्रदेश में गुरुवार को कांग्रेस ने एक बड़ी चुनावी घोषणा की। कांग्रेस 12वीं पास छात्राओं को स्मार्टफोन तो ग्रेजुएट पास को स्कूटी देगी। इससे पहले 19 अक्टूबर को प्रियंका गांधी ने यूपी में टिकट बंटवारे में महिलाओं को 40% आरक्षण देने का ऐलान किया था। प्रियंका ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर लिखा- कल (बुधवार) मैं कुछ छात्राओं से मिली थी। उन्होंने बताया कि पढ़ने और सुरक्षा के लिए स्मार्टफोन की जरूरत है। कांग्रेस चुनाव घोषणा समिति की सहमति से आज निर्णय ले लिया गया है। सरकार बनने पर इंटर पास लड़कियों को स्मार्टफोन और ग्रेजुएट पास लड़कियों को इलेक्ट्रिक स्कूटी दी जाएगी। पूरी खबर यहां पढ़ें...

शाहरुख-अनन्या के घर NCB की दस्तक

क्रूज ड्रग केस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए-नए खुलासे हो रहे हैं। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की टीम गुरुवार को एक्ट्रेस अनन्या पांडे के घर पहुंची। उन्हें आज ही पूछताछ के लिए पेश होने का समन दिया गया है। आर्यन के वॉट्सऐप चैट से अनन्या के तार जुड़े होने की बात सामने आ रही है। उनका फोन NCB ने जब्त कर लिया है। NCB के कुछ अधिकारी शाहरुख खान के मुंबई स्थित बंगले 'मन्नत' पर भी पहुंचे। टीम के अधिकारी वीवी सिंह ने बताया कि आर्यन से संबंधित कुछ पेपर वर्क पूरे करने वे आर्यन के घर पहुंचे थे। पूरी खबर यहां पढ़ें...

पंजाब के डिप्टी सीएम की नाराजगी फिर उभरी
पंजाब में सीमा सुरक्षा बल (BSF) का इंटरनेशनल बॉर्डर से 50 किमी तक दायरा बढ़ाने पर डिप्टी सीएम सुखजिंदर रंधावा की नाराजगी फिर उभरी है। उन्होंने कहा कि BSF से ज्यादा काम पंजाब पुलिस करती है। पंजाब पुलिस ने आतंकवाद खत्म किया है, इसलिए पंजाब पुलिस पर अंगुली नहीं उठाई जा सकती। रंधावा गुरुवार को जालंधर के पंजाब आर्म्ड पुलिस (PAP) कॉम्पलेक्स में पुलिस यादगारी दिवस परेड कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए थे। पूरी खबर यहां पढ़ें...

भिंड में वायुसेना का मिराज 2000 विमान क्रैश, पायलट घायल
मध्यप्रदेश में भिंड जिले के बबेड़ी गांव में गुरुवार को भारतीय वायुसेना का मिराज 2000 विमान क्रैश हो गया। हादसे में पायलट घायल हो गया है। गांववालों ने इस दुर्घटना की सूचना पुलिस तक पहुंचाई। पुलिस अफसर मौके पर पहुंच गए हैं। हादसे की सूचना एयर पोर्ट अफसरों को भेजी जा चुकी है। यह घटना बीहड़ इलाके में हुई है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

विमान में पायलट फ्लाइट लेफ्टिनेंट अभिलाष सवार थे, जिन्हें हादसे में चोट आई है। अभिलाष को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विमान में पायलट फ्लाइट लेफ्टिनेंट अभिलाष सवार थे, जिन्हें हादसे में चोट आई है। अभिलाष को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हिरासत में लिए गए आप सांसद संजय सिंह

आम आदमी पार्टी के सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह को 18 दिन के भीतर दूसरी बार पुलिस ने हिरासत में लिया है। वे वाराणसी में तिरंगा संकल्प यात्रा निकालने के लिए जा रहे थे। इससे पहले उन्हें 4 अक्टूबर को लखीमपुर जाते समय हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने गणेशपुर तरना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर उन्हें रोका तो समर्थकों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। इस पर 26-27 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन ले जाया गया है। जबकि संजय सिंह मौके पर गाड़ी में बैठे हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें...

नारनौल में दंपति पर चढ़ाई PCR
हरियाणा के नारनौल शहर में नशे में धुत पुलिसकर्मियों ने रात के अंधेरे में एक बुजुर्ग दंपति पर PCR चढ़ा दी। हादसे में बुजुर्ग व्यक्ति के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए हैं, जबकि उनकी पत्नी को भी चोट आई है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन गाड़ी में सवार एक ASI(सहायक सब इंस्पेक्टर) व होमगार्ड को भीड़ ने बंधक बना लिया। इस बीच भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने दोनों पर हाथ भी साफ किया। करीब 2 घंटे तक खूब हंगामा हुआ। पूरी खबर यहां पढ़ें...

प्रज्ञा ठाकुर ने पूर्व मंत्री को रावण कहा

भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने पूर्व मंत्री और विधायक पीसी शर्मा व पूर्व CM दिग्विजय सिंह को जमकर निशाने पर लिया। उन्होंने पीसी शर्मा का नाम लिए बगैर कहा कि एक विधायक है शर्मा। बुढ़ापा आ गया, लेकिन सच बोलना नहीं सीखा। मैं कहती हूं कि बुढ़ापे में तो आदमी सुधार जाए। ब्राह्मण कुल में जन्म लिया तो ब्राह्मण बने रहो, रावण बनोगे तो वध करना पड़ेगा। क्या करेंगे राम जी। मजबूरी हो जाएगी। महिला का अनादर करोगे, अपमान करोगे तो प्रभु राम को सीता मैया को लाने के लिए रावण का वध करना ही पड़ेगा। पूरी खबर यहां पढ़ें...

हिमाचल के किन्नौर में 17 पवर्तारोही लापता
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में 17 पर्वतारोही लापता हैं। किन्नौर के एक अधिकारी ने बुधवार को इस बात की जानकारी दी। पर्वतारोहियों ने 14 अक्टूबर को उत्तराखंड के हर्षिल से ट्रैकिंग शुरू की थी। उन्हें हिमाचल प्रदेश के चिटकुल पहुंचना था, लेकिन 17 से 19 अक्टूबर के बीच खराब मौसम होने की वजह से वे लामखागा पास के करीब लापता हो गए। लामखागा पास उत्तराखंड में हर्षिल और हिमाचल प्रदेश में किन्नौर को जोड़ने वाले सबसे दुर्गम पास में से एक है। वहीं, ITBP टीम के साथ लंबी-दूरी के पैट्रोल पर निकले तीन सामान ढोने वाले लोग उत्तराखंड में मृत पाए गए हैं।

'सूर्यवंशी' का गाना 'आईला रे आईला' रिलीज
एक्टर अक्षय कुमार स्टारर एक्शन फिल्म 'सूर्यवंशी' का गाना 'आइला रे आइला' रिलीज कर दिया गया है। अक्षय ने इस गाने को खुद भी सोशल मीडिया पर फैंस के साथ शेयर किया है। गाने के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "यह किसी उत्सव से कम नहीं है जब सूर्यवंशी, सिंघम और सिम्बा एक साथ आ रहे हैं 'आइला रे आइला' सॉन्ग रिलीज हो गया है। 'सूर्यवंशी' को 5 नवंबर को रिलीज किया जाएगा, बैक टू सिनेमाज।" पूरी खबर यहां पढ़ें...

19 दिन बाद 18 मिनट के लिए मिले शाहरुख-आर्यन

ड्रग्स केस में आर्थर रोड जेल में बंद आर्यन खान से मिलने शाहरुख खान आज जेल पहुंचे। उन्होंने आर्यन से 15 मिनट मुलाकात की। आर्यन की गिरफ्तारी के बाद दोनों पहली बार मिले हैं। क्रूज ड्रग्स पार्टी केस में आरोपी आर्यन खान की जमानत अर्जी बुधवार को फिर खारिज हो गई। आर्यन के वकील अमित देसाई और सतीश मानशिंदे जस्टिस नितिन सांबरे के कोर्ट रूम में जमानत के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक हाईकोर्ट की बेंच उठ चुकी थी। अब यह सुनवाई गुरुवार को होगी। हालांकि उनके लिए बॉम्बे हाईकोर्ट से जमानत पाना आसान नहीं होगा, क्योंकि अदालत में 1 नवंबर से दिवाली की छुट्टियां हैं और उसके पास सिर्फ 7 वर्किंग डेज हैं। कोर्ट केवल 14 नवंबर के बाद दोबारा खुलेंगे।

बढ़त के साथ खुले घरेलू बाजार में मुनाफावसूली
घरेलू मार्केट में आज कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। उसे अमेरिकी बाजारों में मजबूत क्लोजिंग का सपोर्ट मिला। कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 61,500 और निफ्टी 18,300 के पार चला गया। बैंकिंग शेयरों में खरीदारी का रुझान दिखा और IRCTC के शेयरों ने भी तेजी पकड़ी। शुरुआती सत्र में सेंसेक्स शेयरों में मिला-जुला रुझान रहा। सुबह 10 बजे उसके 30 में से शेयरों में मजबूती थी। निफ्टी के बैंक, रियल्टी और मीडिया इंडेक्स में मजबूती का रुझान था। दिग्गज शेयरों को छोड़कर बाकी छोटे और मझोले शेयरों के निफ्टी इंडेक्स भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। पूरी खबर यहां पढ़ें...

उत्तराखंड में बाढ़ और लैंडस्लाइड में अब तक 52 की मौत, 5 लोग लापता

उत्तराखंड के तनकपुर में बाढ़ के बीच एक बच्चे को रेस्क्यू करता भारतीय सेना का जवान।
उत्तराखंड के तनकपुर में बाढ़ के बीच एक बच्चे को रेस्क्यू करता भारतीय सेना का जवान।

उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में बुधवार तक 52 लोगों की मौत हो गई है। इसमें सबसे ज्यादा 28 मौतें नैनीताल में, 6 अल्मोड़ा में, 8 चंपावत में, 2 ऊधम सिंह नगर में और एक बागेश्वर जिले में हुई है। इसके अलावा कम से कम 5 लोग लापता हैं। प्रदेश में इस हफ्ते की शुरुआत से ही मूसलाधार बारिश हो रही है। बारिश के चलते कई पुल टूट गए हैं और सड़कें भूस्खलन के चलते ब्लॉक हो गई हैं। कल शाम देहरादून पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह आज यहां बाढ़ और रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लेंगे। वे बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा भी करेंगे।

CM गहलोत के OSD से दिल्ली पुलिस करेगी पूछताछ
फोन टैपिंग केस में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के OSD से दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच शुक्रवार को पूछताछ करेगी। दिल्ली क्राइम ब्रांच ने हाल ही लोकेश शर्मा को ईमेल से नोटिस भेजकर 22 अक्टूबर को पूछताछ के लिए तलब किया था। पिछले 7 महीने में केस दर्ज होने के बाद गहलोत के OSD पहली बार पूछताछ के लिए दिल्ली क्राइम ब्रांच के सामने पेश हो रहे हैं। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की शिकायत पर इसी साल 25 मार्च को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने फोन टैपिंग मामले में CM के OSD लोकेश शर्मा और पुलिस अफसरों के खिलाफ FIR दर्ज की थी। पूरी खबर यहां पढ़ें...

अक्टूबर में अब तक पेट्रोल 4.90 और डीजल 5.40 रुपए महंगा हुआ
सरकारी तेल कंपनियों ने आज लगातार दूसरे दिन पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी की है। आज दिल्ली में फिर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 35-35 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ने के बाद दिल्ली में पेट्रोल के दाम 106.54 रुपए और डीजल के दाम 95.27 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गए हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें...

.