• Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates | Dainik Bhaskar Breaking News Headlines Today, India And World Latest Pictures Videos

भास्कर अपडेट्स:कोवैक्सिन को इमरजेंसी यूज के अप्रूवल पर WHO का एडवाइजरी ग्रुप 26 अक्टूबर को लेगा फैसला

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
WHO ने कोवैक्सिन बनाने वाली भारत बायोटेक से वैक्सीन के अप्रूवल के लिए कुछ दस्तावेज मांगे थे, जो कंपनी ने मुहैया करा दिए हैं। - Dainik Bhaskar
WHO ने कोवैक्सिन बनाने वाली भारत बायोटेक से वैक्सीन के अप्रूवल के लिए कुछ दस्तावेज मांगे थे, जो कंपनी ने मुहैया करा दिए हैं।

भारत की स्वदेशी कोरोना वैक्सीन कोवैक्सिन को इमरजेंसी इस्तेमाल की मंजूरी देने पर वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन यानी WHO 26 अक्टूबर को फैसला लेगा। WHO की चीफ साइंटिस्ट डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने रविवार को बताया कि टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप इस फैसला लेगा। स्वामीनाथन ने ट्वीट किया कि WHO इसके लिए कोवैक्सिन बनाने वाली भारत बायोटेक के साथ मिलकर डोजियर पूरा करने के लिए संपर्क में है।

आज की अन्य बड़ी खबरें...

मेघालय के राज्यपाल मलिक बोले- केंद्र MSP गारंटी का कानून बनाए

मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने एक बार फिर किसानों के मामले में केंद्र सरकार से इतर राय रखी है। उन्होंने कहा है कि केंद्र को MSP की गारंटी का कानून बनाना चाहिए। उसके बाद निश्चित ही किसानों का मुद्दा हल हो सकेगा। देश के किसानों की हालत बेहद खराब है। केंद्र इस मामले में गलत रास्ते पर है। मलिक रविवार को राजस्थान के झुंझुनूं पहुंचे थे। मलिक उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर दो बार सांसद भी रहे हैं। पढ़िए पूरी खबर..

कश्मीर में आतंकियों ने बिहार के 3 मजदूरों को गोली मारी, 2 की मौत

जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने लगातार दूसरे दिन गैर कश्मीरी लोगों को निशाना बनाया। रविवार को आतंकियों ने कुलगाम में बिहार के 3 लोगों को गोली मार दी। इनमें से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल है। जानकारी के मुताबिक जिन्हें गोली मारी गई, वे सभी मजदूर थे। घायल की पहचान चुनचुन रिषि देव के तौर पर हुई है। उसे अनंतनाग के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारे गए 2 नागरिकों की पहचान राजा ऋषि देव और जोगिंदर ऋषि देव के तौर पर हुई है।

अनंतनाग में आतंकियों की गोली का शिकार बना बिहार का नागरिक।
अनंतनाग में आतंकियों की गोली का शिकार बना बिहार का नागरिक।

इससे पहले शनिवार को आतंकियों ने बिहार के हॉकर और उत्तर प्रदेश के कारपेंटर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आतंकियों ने श्रीनगर के ईदगाह इलाके में बिहार के एक हॉकर को गोली मार दी थी। गंभीर स्थिति में उसे श्रीनगर के SMHS अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मारे गए व्यक्ति का नाम अरविंद कुमार साह था। वह बिहार के बांका जिले का रहने वाला था और रेहड़ी लगाकर पानीपुरी बेचता था। दूसरी घटना में आतंकियों ने शनिवार को ही पुलवामा में सगीर अहमद नाम के शख्स को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। यूपी का रहने वाला सगीर कारपेंटर का काम करता था।

उत्तराखंड में 18 साल से ऊपर की 100% आबादी को कोविड वैक्सीन की पहली डोज

उत्तराखंड ने अपनी 18 साल से ऊपर की 100% आबादी को कोविड-19 वैक्सीन की पहली डोज देने का टारगेट पूरा कर लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बताया कि राज्य में वैक्सीन लगाने के लिए 18 वर्ष से अधिक उम्र के लगभग 77,29,466 लोगों की पहचान की गई थी। अब इन सभी को वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है और दूसरी डोज देने का काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

CM योगी की चेतावनी- दंगा करने वाले की 7 पीढ़ियों को भरपाई करनी होगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव से पहले माहौल खराब करने वाले को चेताया है। रविवार को लखनऊ में पार्टी के पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में सीएम ने कहा कि प्रदेश में अगर कोई भी दंगा करेगा तो उसकी 7 पीढ़ियों को इसकी भरपाई करनी होगी। पंचायत भवन में हुए सम्मेलन में योगी ने कहा कि पिछली सरकार की फितरत ही दंगों की थी। पहले प्रदेश की पहचान ही दंगा थी, क्योंकि सरकारें दंगाइयों को प्रश्रय देती थीं। दंगों से प्रदेश की जनता प्रताड़ित थी। झूठे मुकदमे दर्ज होते थे। जो मूर्ति बनाता था, उसकी मूर्ति नहीं बिकती थी। जो दीए बनाता था, उसके दीए तोड़ दिए जाते थे। पूरी खबर यहां पढ़ें...

बद्रीनाथ से लौटते समय खाई में गिरी एसयूवी, एक की मौत, 2 लापता
उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में दर्शन करने के बाद लौट रहे नोएडा की एक एसयूवी का रविवार शाम को चमोली जिले में NH-7 पर एक्सीडेंट हो गया। चमोली कस्बे के पास चालक के नियंत्रण खो देने से एसयूवी नंबर DL-5CL-7007 बराबर में गहरी खाई में गिर गई, जिससे उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, 3 घायल हुए हैं और 2 अब तक लापता हैं। चमोली पुलिस के मुताबिक, लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। कार में सवार लोगों के नाम-पतों की जानकारी हासिल की जा रही है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ये सभी दोस्त थे या एक ही परिवार के सदस्य थे।

आर्मी हेलिकॉप्टर के क्रैश होने के 76 दिन बाद मिला पायलट का शव

आर्मी हेलिकॉप्टर के को-पायलट जयंत जोशी। (फाइल फोटो)
आर्मी हेलिकॉप्टर के को-पायलट जयंत जोशी। (फाइल फोटो)

रंजीत सागर डेम में 3 अगस्त को क्रैश हुए आर्मी के रुद्र हेलिकॉप्टर के दूसरे पायलट का शव रविवार को मिल गया। पंजाब और जम्मू-कश्मीर की सीमा पर क्रैश हुए HAL रुद्र के को-पायलट जयंत जोशी का शव घटना के 76 दिन बाद मिला। हादसे के बाद पायलट लेफ्टिनेंट कर्नल एएस बाठ और को-पायलट जयंत जोशी लापता हो गए थे। एएस बाठ का शव हादसे के 12 दिन बाद खोजा जा सका था।

अफगानिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री अहमद शाह अहमदजई का निधन

अफगानिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री अहमद शाह अहमदजई का 78 साल की उम्र में निधन हो गया है। तालिबान के देश पर नियंत्रण करने से पहले अहमदजई 1995 से 1996 तक अफगानिस्तान के प्रधानमंत्री रहे। इस महीने की शुरुआत में वह पाकिस्तान के साथ अटारी चेक पोस्ट के जरिए भारत से अफगानिस्तान लौटे थे। अहमदजई का जन्म काबुल के खाकी जब्बार जिले के गांव मलंग में हुआ था। उन्होंने काबुल विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और फिर कृषि मंत्रालय में काम किया। 1975 में मास्टर डिग्री हासिल की और सऊदी अरब में किंग फैसल विश्वविद्यालय में प्रोफेसर बन गए।

पाकिस्तान में एक घर में आग लगने से 7 लोगों की मौत
पाकिस्तान के पूर्वी पंजाब प्रांत के मुजफ्फरगढ़ जिले में रविवार को एक घर में आग लगने से परिवार के सात लोगों की जलकर मौत हो गई। जिला प्रशासन के अनुसार घर में जब आग लगी, उस समय सभी लोग सो रहे थे। ऐसे में किसी को बचाने का मौका नहीं मिला। आग लगने के कारणों का पता अभी नहीं लग पाया है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

नवजोत सिद्धू ने सोनिया गांधी से मिलने का समय मांगा

कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की मीटिंग में शनिवार को दी गई पार्टी चीफ सोनिया गांधी की नसीहत अगले दिन ही बेअसर होती नजर आ रही है। रविवार को पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने सोनिया गांधी को 13 मांगों को लेकर चिट्‌ठी लिखी। सिद्धू ने इस चिट्‌ठी को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट भी किया। सिद्धू ने सोनिया गांधी को पत्र लिखने के बहाने CM चरणजीत चन्नी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने अनुसूचित जाति का मुख्यमंत्री बनाकर प्रगतिशील फैसला लिया। पूरी खबर यहां पढ़ें...

तेलंगाना में मूर्ति विसर्जन के दौरान ट्रैक्टर-ट्राली पलटी, 4 की मौत
तेलंगाना के हैदराबाद में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हुआ। खम्मम जिले में ट्रैक्टर-ट्रॉली में पलट जाने से एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना मुदिगोंडा मंडल में शनिवार रात करीब 11 बजे उस समय हुई, जब श्रद्धालु दुर्गा देवी की मूर्ति को नदी में विसर्जित करने के लिए जा रहे थे।

केरल में लैंडस्लाइड की घटनाओं में 15 लोगों की मौत

केरल में लगातार हो रही भारी बारिश से हालात काफी बिगड़ गए हैं। राज्य में बाढ़ और लैंडस्लाइड की घटनाओं में अब तक 15 लोगों की मौत हो गई है और 8 से ज्यादा लापता हैं। इडुक्की में थोडुपुझा और कोक्कयार, कोट्टायम जिले के कूटिक्कल से मौतों की सूचना मिली है। इसे हाल के वर्षों में राज्य में हुई सबसे भारी बारिश में से एक कहा जा रहा है। कोट्टायम, इडुक्की और पठानमथिट्टा के पहाड़ी इलाके बाढ़ के ज्यादा प्रभावित हैं। वहीं, मीनाचल और मनीमाला में नदियां उफान पर हैं। बारिश से जुड़ी घटनाओं में कई लोग घायल हुए हैं। साथ ही कई लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

17 दिन में 14वीं बार बढ़े तेल के दाम
सरकारी तेल कंपनियों ने आज यानी रविवार को लगातार तीसरे दिन इनके दामों में बढ़ोतरी की है। आज दिल्ली में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 35-35 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ने के बाद दिल्ली में पेट्रोल के दाम 105.84 रुपए और डीजल के दाम 94.57 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गए हैं। इस महीने 17 दिन में पेट्रोल-डीजल 14 बार महंगे हो चुके हैं। इससे राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 4.20 और डीजल 4.70 रुपए महंगा हो चुका है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

हैती में बंदूकधारियों ने 17 अमेरिकी ईसाई मिशनरियों का अपहरण किया
हैती में एक गिरोह ने 17 अमेरिकी ईसाई मिशनरियों का उनके परिवारवालों के साथ अपहरण कर लिया है। यह वारदात तब हुई, जब सभी मिशनरी राजधानी पोर्ट-ऑ-प्रिंस के एक अनाथालय से बाहर जा रहे थे। ये लोग अपने ग्रुप के कुछ मेंबर्स को छोड़ने के लिए बस से एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे। जिनका अपहरण किया गया है, उनमें मिशनरियों के बच्चे भी शामिल हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें...

भंवरी कांड में मुख्य आरोपी और पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा का निधन

कभी कांग्रेस के कद्दावर नेता और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के धुर विरोधी रहे महिपाल मदेरणा का रविवार सुबह जोधपुर में निधन हो गया। वे 69 साल के थे और कुछ समय से कैंसर से पीड़ित थे। प्रदेश में जल संसाधन मंत्री रहने के दौरान जोधपुर जिले की एक ANM भंवरी देवी के अपहरण व हत्या के मामले में उनको मंत्री पद से हटा दिया गया। इस मामले में वे करीब दस साल तक जेल में रहे। हाल ही में उन्हें हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। पूरी खबर यहां पढ़ें...

बांका के युवक की श्रीनगर आतंकी हमले में मौत
कश्मीर के श्रीनगर के ईदगाह में शनिवार को हुए आतंकी हमले में बिहार के बांका जिले के बाराहाट निवासी अरविंद कुमार साह की भी मौत हो गई। मौत की सूचना शनिवार शाम उसी मोबाइल पर आई, जिस पर सुबह ही अरविंद घंटों मां से बात करता था। अरविंद ने रात को दुकान से खाली होने के बाद फिर मां से बात करने का वादा किया था। आतंकियों की गोली ने उसे पूरा नहीं होने दिया। वह 10 साल से कश्मीर में गोलगप्पा की दुकान लगाता था। कश्मीर के हालात खराब थे तब भी वह वहीं रहा। जब हालात कुछ सामान्य हुए तो उसकी जान चली गई। पूरी खबर यहां पढ़ें...

भोपाल में प्रतिमा विसर्जन जुलूस में घुसाई कार, एक को कुचलते हुए भागा ड्राइवर

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान शनिवार देर रात स्टेशन बजरिया क्षेत्र में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एक सिरफिरे ने अपनी तेज रफ्तार कार विसर्जन जुलूस में घुसा दी। भीड़ में भगदड़ मची तो ड्राइवर घबरा गया और जान बचाने के लिए अपनी कार को तेजी से रिवर्स कर भागने लगा। इस दौरान उसने एक युवक को चपेट में ले लिया। उसे कार से कुचलते हुए भाग गया। घटना के बाद जब विसर्जन में शामिल लोगों ने हंगामा किया तो पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। पूरी खबर यहां पढ़ें...

राजस्थान के बदलावों पर दिल्ली में मंथन
राजस्थान में सत्ता संगठन के बदलावों पर शनिवार शाम दिल्ली में मंथन हुआ। राहुल गांधी के आवास पर करीब सवा घंटे चली बैठक में मंत्रिमंडल फेरबदल, राजनीतिक और संगठनात्मक नियुक्तियों के फॉर्मूले पर चर्चा हुई। अभी आगे और बैठकें होने के आसार हैं। प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रभारी अजय माकन और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मौजूद रहे। बैठक के बाद सभी नेता मीडिया से बातचीत किए बिना ही निकल गए। पूरी खबर यहां पढ़ें...

खबरें और भी हैं...

Top Cities