.जिग्नाशा सिन्हा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आपराधिक घटनाओं में कोई कमी नहीं हो रही है। शनिवार को दिल्ली के वसंत कुंज से फरीदाबाद जाने के दौरान बाइक सवार स्नैचर्स ने एक सरकारी अधिकारी से उनका बैग छीनने की कोशिश की। जिसकी वजह से स्नैचर्स ने महिला अधिकारी को काफी दूर तक सड़कों पर घसीटा। इतना ही नहीं इस दौरान आसपास से गुजर रहे किसी भी व्यक्ति ने उनकी मदद नहीं की।

जम्मू कश्मीर हाउस में उप श्रम आयुक्त के रूप में तैनात विदुषी कपूर शनिवार को अपने वसंत कुंज स्थित आवास से फरीदाबाद की ओर जा रही थी। इसी दौरान दिल्ली के संगम विहार के पास उनके साथ यह घटना घटी। विदुषी कपूर ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा कि जब वह दिल्ली के संगम विहार से गुजर रही थी तो इसी दौरान बगल से गुजर रहे दो बाइक सवार युवकों ने उनकी गाड़ी का टायर पंक्चर होने और ईंधन में रिसाव होने की बात कही। जिसके बाद वह बत्रा अस्पताल के पास अपनी गाड़ी से उतर गई। 

गाडी से उतरने के बाद उन्होंने अपने कार की हेडलाइट पर थोड़ा सा तेल लगा देखा लेकिन ईंधन का रिसाव नहीं हो रहा था। इस दौरान  जब उन्हें कुछ समझ नहीं आया तो कार में मौजूद उनके बेटे ने अपने पिता को कॉल किया। इसी दौरान स्कूटी सवार दो स्नैचर्स उनके पास आ गए। स्कूटी सवार युवकों को देखकर विदुषी ने उनसे मदद मांगने की कोशिश की। लेकिन मदद करने की बजाय स्कूटी सवार दोनों युवकों ने उनका बैग छीन लिया।

बैग छीने जाने के बाद जब विदुषी ने बाइक सवार स्नैचर्स को रोकने की कोशिश की तो उसे मेन सड़क पर करीब 100-200 मीटर तक घसीटा गया। इस दौरान सड़क पर काफी ट्रैफिक थी। लेकिन आसपास से गुजर रहे किसी भी व्यक्ति ने उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की। इस दौरान उनके बेटे ने लोगों से मदद की गुहार भी लगाई। लेकिन लोगों ने उसे अनसुना कर दिया। आख़िरकार स्नैचर्स बैग छीनकर फरार हो गया। सड़क पर काफी दूर तक घसीटे जाने की वजह से महिला अधिकारी को गंभीर चोटें आई।

महिला अधिकारी के बैग में करीब 2,000 रुपये नकद, एटीएम कार्ड और आधिकारिक आईडी थे। विदुषी कपूर ने अपने साथ छीना झपटी की हुई घटना को लेकर संगम विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि पुलिस इस मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस को इस मामले में ठक-ठक गिरोह पर संदेह है। जो इस तरह की लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए पहले लोगों की कारों का पीछा करता है। थोड़ी देर पीछा करने के बाद यह गिरोह लोगों के कार के शीशे पर ठक ठक कर उनको कार से बाहर निकलने का इशारा करता है और लूट की वारदात को अंजाम देता है। 

जम्मू कश्मीर हाउस में तैनात महिला अधिकारी के साथ हुई छीना झपटी की घटना पर दक्षिणी दिल्ली की डीसीपी बनिता मैरी जेकर ने कहा कि हमें सूचना मिली थी कि महिला अधिकारी के कंधे पर बैग था जिसे आरोपियों ने छीन लिया। महिला अधिकारी के साथ हुई छीना झपटी की घटना में लूट का मामला दर्ज किया गया है और हम इसकी जांच कर रहे हैं।