• Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar Morning News Podcast | UP Cabinet Expension | Yogi Adityanath | Punjab New Cabinet | IPL | CSK | KKR | RCB | MI | Cyclone Gulab | Andhra Pradesh | Odisha | Air Show Over Dal Lake | Kashmir | CBI | Mahant Narendra Giri | Latest News And Updates

मॉर्निंग न्यूज पॉडकास्ट:यूपी चुनाव से पहले योगी ने बनाए 7 नए मंत्री, पंजाब में चन्नी ने कैप्टन के करीबी 6 मंत्रियों को हटाया, विराट ने T-20 में बनाए 10 हजार रन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नमस्कार,
आज सोमवार है, तारीख 27 सितंबर 2021; आश्विन मास, कृष्ण पक्ष और षष्ठी तिथि।

सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. PM मोदी आज प्रधानमंत्री डिजिटल स्वास्थ्य मिशन की शुरुआत करेंगे।
  2. कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसान आज भारत बंद करेंगे।
  3. IPL 2 में 40वां मैच हैदराबाद और राजस्थान के बीच खेला जाएगा।

अब कल की प्रमुख खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी

1. चुनाव से पहले योगी मंत्रिमंडल का आखिरी विस्तार, 7 नए मंत्री शामिल

यूपी विधानसभा चुनाव से करीब 6 महीने पहले रविवार को योगी सरकार का दूसरी बार कैबिनेट विस्तार हुआ। 7 नए मंत्रियों ने शपथ ली। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए जितिन प्रसाद ने सबसे पहले शपथ ली। वे कैबिनेट मंत्री होंगे। बाकी 6 राज्य मंत्री होंगे। नए मंत्रियों में 3 OBC, दो दलित, एक एसटी और एक ब्राह्मण चेहरा है। चुनाव से पहले सरकार का यह आखिरी विस्तार है। अब योगी कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है।
पढ़िए पूरी खबर..

2. पंजाब में नए CM चन्नी ने कैप्टन के करीबी 6 मंत्रियों को हटाया
पंजाब में चरणजीत सिंह चन्नी ने भी रविवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। इसमें 6 विधायक पहली बार मंत्री बने, तो वहीं कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार में मंत्री रहे 9 पुराने चेहरों को मंत्रिमंडल में बनाए रखा गया है। हालांकि, कैप्टन के करीबी 6 मंत्रियों की छुट्‌टी कर दी गई है। पंजाब सरकार में रविवार को 15 मंत्री शामिल हुए। मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी और दो डिप्टी सीएम सुखजिंदर रंधावा और ओपी सोनी पहले ही शपथ ले चुके हैं।
पढ़िए पूरी खबर..

3. आंध्र और ओडिशा पहुंचा गुलाब, तेज हवाएं और भारी बारिश
चक्रवाती तूफान गुलाब आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों से रविवार शाम करीब 7 बजे टकराया। इसके साथ ही आंध्र के श्रीकाकुलम में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है। यहां तट के किनारे एक नाव तूफान से टकरा गई। इसमें 6 मछुआरे सवार थे। ये सभी नाव से तेज लहर के टकराने से समुद्र में गिर गए। इनमें से दो की मौत हो गई। तीन सुरक्षित तट पर पहुंच गए और एक मछुआरा अब भी लापता है।
पढ़िए पूरी खबर..

4. रोमांचक मुकाबले में चेन्नई ने हैदराबाद को 2 विकेट से हराया
IPL फेज-2 में रविवार को 2 मुकाबले हुए। पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स यानी CSK और कोलकाता नाइटराइडर्स यानी KKR के बीच खेला गया, जिसमें चेन्नई ने रोमांचक अंदाज में आखिरी गेंद पर 2 विकेट से जीत दर्ज की। CSK के सामने 172 रन का टारगेट था और अंतिम ओवर में टीम को 4 रन चाहिए थे। सुनील नरेन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच को अंतिम गेंद तक जरूर पहुंचाया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
पढ़िए पूरी खबर..

5. T-20 में कोहली के 10 हजार रन, RCB ने मुंबई को हराया
IPL में रविवार को ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यानी RCB और मुंबई इंडियंस यानी MI का मुकाबला हुआ। मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की। RCB ने 165/6 का स्कोर बनाया। जवाब में मुंबई 111 रन पर ही ऑल आउट हो गई। इस मैच के साथ ही विराट कोहली ने टी-20 क्रिकेट में अपने 10 हजार रन पूरे कर लिए हैं। वे यह रिकॉर्ड बनाने वाले भारत के पहले और वर्ल्ड के पांचवें खिलाड़ी बने।
पढ़िए पूरी खबर..

6. मोदी अमेरिका से लौटकर नई संसद का काम देखने पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका दौरे से लौटने के बाद रविवार रात 8.45 बजे सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत बन रहे नए संसद भवन का निर्माण देखने पहुंचे। उन्होंने कंस्ट्रक्शन साइट पर करीब 1 घंटे का वक्त बिताया। मोदी पहली बार निरीक्षण करने पहुंचे थे।
पढ़िए पूरी खबर..

7. भागवत भजन सुनने मुस्लिम लोकगायक के घर पहुंचे
RSS प्रमुख मोहन भागवत रविवार को एक दिन के लिए बाड़मेर पहुंचे। यहां वे लोक कलाकार पद्मश्री अनवर खान के घर गए। दरअसल भागवत ने अनवर खान से वादा किया था कि वे एक दिन उनके घर जरूर आएंगे। करीब एक घंटे तक अनवर खान के घर उन्होंने भजन और राजस्थानी लोकगीत सुने।
पढ़िए पूरी खबर..

8. 13 साल बाद कश्मीर में वायुसेना का एयर शो

भारतीय वायुसेना ने श्रीनगर में रविवार को एयर शो किया। इसमें स्काई डाइविंग टीम आकाशगंगा, सूर्यकिरण एरोबैटिक और डिस्प्ले टीम ने डल झील के ऊपर हवाई करतबों का प्रदर्शन किया। पैरामोटर फ्लाइंग भी लोगों को खूब पसंद आया। यह शो घाटी में 13 साल के बाद हुआ। इसका उद्देश्य घाटी के युवाओं को वायुसेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित करने एवं पर्यटन को बढ़ावा देना है।
पढ़िए पूरी खबर..

कुछ अहम खबरें, सिर्फ हेडलाइन में

  1. केंद्र सरकार ने फिर कहा- किसानों से बातचीत के लिए तैयार, कृषि मंत्री बोले- आंदोलन का रास्ता छोड़ें किसान
  2. टेलिकॉम पैकेज से वोडाफोन-आइडिया को मिली लाइफलाइन, लेकिन कंपनियां बढ़ा सकती हैं मोबाइल डेटा का रेट
  3. न्यूजीलैंड और इंग्लैंड का दौरा रद्द होने से बौखलाए पाकिस्तानी क्रिकेटर अफरीदी, बोले- पढ़े लिखे देश भारत को फॉलो न करें

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
1996 में 27 सितंबर को तालिबान के लड़ाकों ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर पहली बार कब्जा किया था। इसके बाद 1996 से 2001 तक अफगानिस्तान में तालिबान की हुकूमत रही। तब उसे सुन्नी बहुल तीन देशों सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और पाकिस्तान ने मान्यता दी थी। 1999 में जब इंडियन एयरलाइंस के विमान IC-814 को हाईजैक किया गया था, तब इसका आखिरी ठिकाना अफगानिस्तान का कंधार एयरपोर्ट ही बना था। उस वक्त पाकिस्तान के इशारे पर तालिबान ने भारत सरकार को एक तरह से ब्लैकमेल किया। 3 आतंकियों को रिहा किया गया और तब हमारे यात्री देश लौट सके थे।

और अब आज का विचार
अगर कोई काम बेहद जरूरी हो, तो नाकामयाब होने का खतरा उठाकर भी उसे करना चाहिए - एलन मस्क, टेस्ला के फाउंडर

आपका दिन शुभ हो, कल फिर मिलेंगे...

खबरें और भी हैं...

Top Cities