अभिनेत्री जीनत अमान ने हिंदी सिनेमा में भारतीय महिलाओं की बनी बनाई रूढ़िवादी छवि को तोड़ने का काम किया। फिल्म ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ में उन्होंने ऐसा ही एक किरदार (रूपा) निभाया जिसके लिए उनकी काफी सराहना भी हुई। जीनत अमान ने जब पहली बार राज कपूर के मुंह से रूपा के किरदार के बारे में सुना था तो वो काफी प्रभावित हुईं थीं।

उन दिनों जीनत अमान राज कपूर के साथ फिल्म, ‘वकील बाबू’ की शूटिंग कर रहीं थीं। राज कपूर अक्सर उनको अपनी फिल्म ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ के बारे में बताया करते जिसे सुनकर जीनत अमान को रूपा के किरदार से लगाव हो गया। फिल्म में रूपा का किरदार पाने के लिए जीनत अमान रूपा की तरह कपड़े पहनकर राज कपूर के पास पहुंच गईं जिसके बाद उन्होंने फिल्म में जीनत को कास्ट कर लिया।

इस किस्से का जिक्र जीनत ने बीबीसी एशियन नेटवर्क को दिए एक इंटरव्यू में किया था। उन्होंने बताया था, ‘मैं राज कपूर के साथ फिल्म वकील बाबू में काम कर रही थी। हम सेट पर होते थे और वो हमेशा अपने प्रोजेक्ट सत्यम शिवम सुंदरम की बातें करते रहते थे। वो फिल्म के मुख्य किरदार रूपा को लेकर खूब बातें करते थे। मैं रूपा के किरदार पर मोहित हो गई।’

जीनत अमान उन दिनों शहरी किरदारों को निभाती थीं और दर्शक भी उन्हें उसी रूप में पसंद करते थे। लेकिन रूपा एक गांव की लड़की थी जिसे निभाना जीनत अमान के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था।

उन्होंने बताया था, ‘उस वक्त हर अभिनेत्री राज कपूर के निर्देशन में काम करना चाहती थी। मैं राज कपूर के स्टूडियो के पास ही शूट कर रही थी। जैसे ही शूटिंग खत्म हुई मैंने खुद को रूपा के रूप में तैयार किया। मेरे मन में रूपा की जो छवि बनी थी, उसी के जैसे मैं तैयार हो गई और राज कपूर के स्टूडियो में गई। मैंने बताया कि मैं रूपा हूं। मुझे देखकर वो अचंभित रह गए।’

जीनत अमान ने आगे कहा था, ‘राज कपूर ने कहा कि ये लड़की इतनी बड़ी स्टार है लेकिन फिर भी एक रोल के लिए ये इतना कुछ कर रही है। उन्होंने कृष्णा जी (राज कपूर की पत्नी) को बुलाया और मुझे सोने के कुछ सिक्के देकर फिल्म के लिए साइन कर लिया।’

जीनत अमान की पहली हिट फिल्म, ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ भी कुछ इसी तरह मिली थी। देव आनंद ने उन्हें किसी पार्टी में देखा जहां वो सिगरेट सुलगा रहीं थीं। फिल्म के लिए देव आनंद को ऐसी ही किसी लड़की की तलाश थी। वो जीनत के पास गए और उन्होंने सिगरेट की पेशकश की। जब जीनत ने उनके लिए सिगरेट जलाया तो उनकी आंखों की चमक देख देव आनंद ने कहा था, ‘मुझे मेरी हीरोइन मिल गई।’