• Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates | Rajasthan Delhi MP Uttar Pradesh Maharashtra Mumbai News | Coronavirus Vaccine Today Latest

भास्कर अपडेट्स:बंगाल भाजपा अध्यक्ष पद से हटाए गए दिलीप घोष, बालूरघाट के सांसद सुकांत मजूमदार को मिली कमान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दिलीप घोष (फाइल फोटो)। - Dainik Bhaskar
दिलीप घोष (फाइल फोटो)।

पश्चिम बंगाल में भाजपा के फायर ब्रांड नेता दिलीप घोष को प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी से हटा दिया गया है। उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। उनकी जगह सुकांत मजूमदार को प्रदेश की कमान सौंपी गई है। 41 साल के सुकांत बंगाल के बालूरघाट से सांसद हैं। इसके साथ ही उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को भी पार्टी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने इस महीने की शुरुआत में उत्तराखंड के राज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया था। दो दिन पहले ही केंद्रीय मंत्री रहे आसनसोल के भाजपा सांसद बाबुल सुप्रियो टीएमसी में शामिल हुए हैं। सुप्रियो के पार्टी छोड़ने के बाद यह राज्य इकाई में बड़ा फेरबदल है। इससे पहले पार्टी के 4 विधायक भी टीएमसी का दामन थाम चुके हैं।

आज की अन्य प्रमुख खबरें...

जम्मू-कश्मीर के उरी में मोबाइल, इंटरनेट सर्विस बंद, सेना ने नाकाम की घुसपैठ की कोशिश

जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में लाइन ऑफ कंट्रोल के पास आतंकियों की घुसपैठ की खबर के बाद सेना ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया। बताया जा रहा है कि घुसपैठ करने वाले आतंकियों का ग्रुप हथियारों से लैस था। एहतियात के तौर पर इलाके में इंटरनेट और मोबाइल फोन सर्विस बंद कर दी गई है। सेना के अधिकारियों ने बताया कि घुसपैठियों की तलाश में करीब 30 घंटे का सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। सेना के सूत्रों ने बताया कि LOC पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी गई है। हालांकि, यह सुनिश्चित करने के लिए कि कोई घुसपैठ न हुई हो, उस इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सेना के मुताबिक, इस साल घुसपैठ की यह दूसरी कोशिश है। एक सीनियर कमांडर ने कहा कि इस साल सीजफायर का अब तक उल्लंघन नहीं हुआ है और न ही सीमा पार से कोई उकसावे की घटना हुई है।

अगले महीने से यात्रा प्रतिबंध हटाएगा अमेरिका
अमेरिका ने कोरोना की वजह से दूसरे देशों के लोगों पर लगाए यात्रा प्रतिबंध हटाने का ऐलान किया है। अगले महीने से उन सभी यात्रियों को देश में आने की छूट दी जाएगी, जिन्होंने कोरोना वैक्सीन के दोनों डोज लगवा लिए हैं। हालांकि, उन्हें टेस्ट और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग से गुजरना पड़ेगा। न्यूज एजेंसी AFP ने यह जानकारी दी है।

जो बाइडेन से 24 सितंबर को PM मोदी मिलेंगे

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन 24 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक में हिस्सा लेंगे। राष्ट्रपति बाइडेन व्हाइट हाउस में पहली बार व्यक्तिगत तौर पर क्वाड लीडर्स समिट की मेजबानी करेंगे। व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान में इसकी जानकारी दी गई। कोरोना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह पहली अमेरिका यात्रा है। PM मोदी 22 सितंबर को वॉशिंगटन डीसी पहुंचेंगे। इसके बाद वे यहां के टॉप CEO से मिलेंगे। एपल के CEO टीम कुक से उनके मुलाकात की खबर सामने आ रही है। हालांकि, इस पर अभी मुहर नहीं लगी है।

भारत की चीन को दो टूक- बॉर्डर पर शांति जरूरी
विदेश सचिव हर्ष वी श्रृंगला ने कहा कि भारत ने चीन को साफ कर दिया है कि बॉर्ड एरिया में शांति दोनों देशों के बीच संबंधों के विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने अफगानिस्तान और चीन को ट्रेडिशनल सिक्योरिटी चैलेंज बताया। सोमवार को श्रृंगला ने जेपी मॉर्गन इंडिया इन्वेस्टर समिट में भारत की विदेश नीति और रणनीतिक को लेकर बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत-चीन संबंधों का विकास केवल 'तीन आपसी'- आपसी सम्मान, आपसी संवेदनशीलता और आपसी हितों पर आधारित हो सकता है।

अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि महाराज का निधन

प्रयागराज में भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक, उनका शव अल्लापुर में बांघबरी गद्दी मठ के कमरे में फंदे से लटका मिला है। जांच-पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही घटना का कारण साफ हो पाएगा। आइजी रेंज केपी सिंह ने बताया कि वह मौके पर पहुंच गए हैं। फिलहाल यह फांसी लगाकर आत्महत्या का मामला लग रहा है। फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया है। मठ पर बड़ी संख्या में भक्त और श्रद्धालु भी पहुंच गए हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें...

रेखा शर्मा ने पंजाब के CM चन्नी का इस्तीफा मांगा
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने पंजाब के नवनियुक्त मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ लगाए गए #MeToo आरोपों पर इस्तीफा मांगा है। दरअसल, पंजाब के नए सिख दलित CM चरणजीत सिंह चन्नी का विवादों से पुराना नाता रहा है। साल 2018 में चन्नी पर एक महिला IAS अफसर को आपत्तिजनक मैसेज भेजने का आरोप लगा। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने चन्नी को माफी मांगने को कहा।

कैप्टन ने कहा था कि इसके बाद मामला खत्म हो गया है। हालांकि इसी साल मई में अचानक यह मामला फिर उठा। पंजाब महिला आयोग की अध्यक्ष मनीषा गुलाटी ने चेतावनी दी कि चन्नी पर कार्रवाई न हुई तो वे अनशन पर बैठ जाएंगी। अब चन्नी के CM बनने के बाद उनके पुराने विवादित मामले खुलकर सामने आ रहे हैं।

कजाकिस्तान में गोलीबारी में 2 पुलिसकर्मियों समेत 5 की मौत
कजाकिस्तान के सबसे बड़े शहर अल्माटी में सोमवार को गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो पुलिस अधिकारी और तीन आम लोग शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, एक व्यक्ति को घर को खाली करने का नोटिस दिया गया था। इसे लेकर गुस्साए व्यक्ति ने गोलीबारी शुरू कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को जमानत
एक्टर शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को पोर्नोग्राफी केस में जमानत मिल गई है। मुंबई की अदालत ने सोमवार को उन्हें 50 हजार रुपए के मुचलके पर जमानत दी। राज को मुंबई पुलिस ने 19 जुलाई को मड आइलैंड से गिरफ्तार किया था। इसके बाद से ही वे जेल में थे। मुंबई पुलिस ने अपनी चार्जशीट में बताया था कि पोर्न फिल्मों के कारोबारी राज कुंद्रा ने 2 साल में अपने ऐप के यूजर्स 3 गुना और मुनाफा 8 गुना बढ़ाने का प्लान बनाया था। वह अपनी 119 फिल्मों का पूरा कलेक्शन 8.84 करोड़ रुपए में बेचना चाहते थे। पूरी खबर यहां पढ़ें...

सरप्लस वैक्सीन एक्सपोर्ट करेगा भारत

भारत अगले महीने से विदेशों में वैक्सीन एक्सपोर्ट करना शुरू कर देगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 सितंबर को अमेरिका दौरे पर जाने वाले हैं। उनकी विजिट से ठीक 2 दिन पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को यह ऐलान किया है।

आशंका जताई जा रही थी कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन मोदी के दौरे पर यह मुद्दा उठा सकते हैं। हालांकि, मांडविया ने कहा है कि देश की जरूरत पूरी होने के बाद सरप्लस वैक्सीन ही एक्सपोर्ट की जाएगी। पूरी खबर यहां पढ़ें...

फाइजर वैक्सीन 5 से 11 साल के बच्चों के लिए सुरक्षित
फाइजर-बायोएनटेक ने सोमवार को क्लिनिकल ट्रायल के नतीजों के आधार पर बड़ी जानकारी दी है। कंपनी ने कहा है कि फाइजर की वैक्सीन 5 से 11 साल के बच्चों के लिए सुरक्षित है। यह वैक्सीन इस उम्र के बच्चों की इम्युनिटी पर प्रभावी है। कंपनी ने कहा कि उन्होंने इसके अप्रूवल के लिए आवेदन किया हुआ है और उम्मीद है कि जल्द ही रेगुलेटरी बॉडी अप्रूवल दे देगी।

कंपनी ने बयान जारी कर कहा है कि 12 साल से ज्यादा उम्र के लोगों की तुलना में 5 से 11 साल के बच्चों को टीके की कम खुराक दी जाएगी। कंपनी यूरोपियन यूनियन, अमेरिका और दुनियाभर की रेगुलेटरी बॉडी को जल्द से जल्द क्लिनिकल ट्रायल का डेटा उपलब्ध कराएगी।

इनकम टैक्स छापे के बाद सोनू सूद बोले- 2 बार राज्यसभा सांसद बनने का ऑफर मिला
एक्टर सोनू सूद के यहां पिछले 4 दिनों से इनकम टैक्स की रेड जारी है। इस बीच उनका बयान सामने आया है। सोनू सूद ने ND टीवी को दिए इंटरव्यू में कर चोरी और अवैध फंडिंग के आरोपों से इनकार किया है।

उन्होंने कहा है कि उन्हें 2 बार 2 अलग-अलग पार्टियों से राज्यसभा की सीट का ऑफर मिला, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि वे मानसिक तौर पर राजनीति ज्वाइन करने के लिए तैयार नहीं थे।

सोनू ने बताया कि IT ने उनसे जो भी दस्तावेज मांगे, उन्होंने उपलब्ध कराए। उनसे जो भी सवाल पूछे गए, उन्होंने जवाब दिया। उन्होंने अपना और मैंने अपना काम किया। अब भी जो दस्तावेज मांगे जा रहे हैं, हम उन्हें उपलब्ध करा रहे हैं।

रेड के चौथे दिन जारी किया बयान

इनकम टैक्स विभाग ने सोनू सूद के कई ठिकानों पर रेड की थी, जो पिछले 4 दिनों से जारी है। -फाइल फोटो
इनकम टैक्स विभाग ने सोनू सूद के कई ठिकानों पर रेड की थी, जो पिछले 4 दिनों से जारी है। -फाइल फोटो

एक्टर सोनू सूद ने इनकम टैक्स (IT) की रेड के चौथे दिन बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि वे जरूरतमंदों की मदद करते रहेंगे। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि हर बार कहानी बताने की जरूरत नहीं है। समय खुद ब खुद इसे बताएगा। मेरे घर आए कुछ मेहमानों के कारण पिछले 4 दिनों से लोगों की सेवा नहीं कर पा रहा था, लेकिन अब मैं लौट आया हूं।

सोनू ने कहा कि मैं अपनी क्षमता के मुताबिक मैं भारत के लोगों की भलाई के लिए काम करने का संकल्प ले चुका हूं। मैं इंतजार कर रहा हूं कि मेरे फाउंडेशन में जमा पैसों की आखिरी किश्त तक किसी भी तरह जरूरतमंद लोगों की जान बचा सकूं। मैंने कई मौकों पर बड़े-बड़ें ब्रान्ड को मेरी फीस के बदले लोगों की भलाई का काम करने के लिए कहा है। मेरा सफर जारी रहेगा। उन्होंने आखिर में लिखा है कि कर भला, हो भला और अंत भले का भला। पूरी खबर यहां पढ़ें...

सोनिया गांधी छुटि्टयां मनाने शिमला पहुंचीं

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी सोमवार को हिमाचल दौरे पर शिमला पहुंचीं। सुबह करीब 10:45 बजे उनका काफिला ढली से होकर छराबड़ा गया। छराबड़ा में वह अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के घर पर 3 दिन रहेंगी।

सोनिया गांधी का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। फिलहाल अभी तक जो जानकारी निकलकर सामने आई है, उसमें यही कहा गया है कि यह उनका निजी दौरा है, क्योंकि प्रियंका गांधी भी 3 दिन पहले परिवार के साथ यहां पहुंची हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें...

3 रु. तक महंगे हो सकते हैं पेट्रोल-डीजल

कच्चे तेल का बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड सोमवार को फिर 75 डॉलर प्रति बैरल के लेवल तक पहुंच गया है। भारत के लिए यह चिंता की बात है, क्योंकि यहां पेट्रोल और डीजल 100 रुपए प्रति लीटर का लेवल पहले ही पार कर गया है। ऐसे में अगर कच्चा तेल और महंगा होता है तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल के दाम में 3 रु. तक की बढ़ोतरी हो सकती है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

कंगना रनोट और जावेद अख्तर कोर्ट में पेश हुए

गीतकार जावेद अख्तर की कथित मानहानि के मामले में कंगना रनोट मुंबई के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट (अंधेरी कोर्ट) में पेश हुईं। जावेद अख्तर भी कोर्ट में गवाही देने पहुंचे थे। एक-दूसरे के सामने होने के बाद भी दोनों के बीच बात नहीं हुई।

पेशी के दौरान कंगना पूरे समय चश्मा पहनी रहीं। जज ने सिर्फ उनसे उनका नाम पूछा। कंगना के वकील ने काउंटर एप्लीकेशन की बात कोर्ट के सामने रखी। इसके बाद अदालत ने मामले को 15 नवंबर तक टाल दिया।

कंगना इससे पहले लगातार 2 बार अदालत के आदेश के बावजूद कोर्ट में पेश नहीं हुईं थीं। जिसके बाद कोर्ट ने कहा था कि अगर 20 सितंबर को एक्ट्रेस अदालत में हाजिर नहीं हुईं तो उनके वारंट जारी किया जाएगा। पूरी खबर यहां पढ़ें...

पंजाब में कांग्रेस के दलित कार्ड पर मायावती का निशाना

मायावती ने पंजाब के दलितों से कांग्रेस का साथ न देने की अपील की है। -फाइल फोटो
मायावती ने पंजाब के दलितों से कांग्रेस का साथ न देने की अपील की है। -फाइल फोटो

पंजाब में कांग्रेस के दलित कार्ड पर बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पंजाब के दलितों के साथ धोखा किया है। कुछ समय के लिए ही चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाया गया है। कांग्रेस पंजाब चुनाव गैर दलित की अगुआई में लड़ने जा रही है। पंजाब के दलितों को कांग्रेस से दूर रहना चाहिए।

हीरो टू-व्हीलर्स महंगे हुए, 18 मॉडल पर बढ़ी कीमतें आज से लागू

गाड़ियों की कीमत बढ़ाने वाली लिस्ट में अब हीरो मोटोकॉर्प का नाम भी शामिल हो गया है। कंपनी ने सभी टू-व्हीलर्स मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत पर मिनिमम 1000 रुपए और मैक्सिमम 3000 रुपए तक बढ़ाए हैं। नई कीमतें सोमवार से लागू हो गई हैं। रॉ मटेरियल महंगा होने को कीमतें बढ़ने की वजह बताया गया है। इसमें स्टील, एल्युमिनियम, प्लास्टिक और मेटल शामिल हैं। हीरो मोटोकॉर्प जनवरी 2021 से सितंबर 2021 तक यानी पिछले 9 महीने के दौरान चार बार कीमतें बढ़ा चुकी है। पूरी खबर यहां पढ़ें..

राखी सावंत से महात्मा गांधी की तुलना कर फंसे UP विधानसभा अध्यक्ष

उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित विवादों में फंस गए हैं। उन्होंने शनिवार को उन्नाव में भाजपा के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में महात्मा गांधी की तुलना राखी सावंत से कर दी थी। मीडिया में बयान सामने आने के बाद सोमवार को दीक्षित ने बयान पर सफाई दी।

उन्होंने कहा कि मंच संचालक ने मेरा परिचय प्रबुद्ध कहकर किया था। इसी को आगे बढ़ाते हुए मैंने गांधीजी और राखी सावंत का जिक्र किया, लेकिन इसका गलत मतलब निकाला गया। दीक्षित के बयान के बाद कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

UP के फिरोजाबाद में पेड़ के नीचे डेंगू का इलाज, 24 घंटे में 4 बच्चों की मौत

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में डेंगू का कहर जारी है। बीते 24 घंटों में 4 बच्चों की जान जा चुकी है। यहां के गांवों में झोलाछाप डॉक्टरों ने पेड़ों के नीचे डेंगू का इलाज करना शुरू कर दिया है। इसका विडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

दो राज्यों की सीमा में फंसा बिहार के कारोबारी का डेथ सर्टिफिकेट

पटना के एक कारोबारी की मौत का प्रमाणपत्र दो राज्यों की सीमा के बीच फंस गया है। उत्तर प्रदेश में मौत और बिहार में अंतिम संस्कार के बाद परिवार डेथ सर्टिफकेट के लिए भटक रहा है। उत्तर प्रदेश और बिहार के अधिकारी अलग-अलग पेपर मांग रहे हैं। कोई अंतिम संस्कार का प्रमाण मांग रहा है तो कोई मौत का कारण मांग रहा है।

परिवार वालों ने पटना के जिस घाट पर अंतिम संस्कार किया वहां से भी कोई कागजात नहीं मिल रहा है। अब कारोबारी की मौत के बाद परिजन प्रमाण पत्र के लिए दोनों राज्यों के अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें...

पूर्व BJP सांसद किरीट सोमैया महाराष्ट्र के सतारा में हिरासत में लिए गए

किरीट सोमैया ने महाराष्ट्र के मंत्री हसन मुशरिफ पर 127 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप लगाया था। उनका दावा है कि वे इसके सबूत सौंपने कोल्हापुर जा रहे थे।
किरीट सोमैया ने महाराष्ट्र के मंत्री हसन मुशरिफ पर 127 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप लगाया था। उनका दावा है कि वे इसके सबूत सौंपने कोल्हापुर जा रहे थे।

भाजपा नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया को महाराष्ट्र के सतारा में हिरासत में लिया गया है। वे महालक्ष्मी एक्सप्रेस में सवार होकर मुंबई से कोल्हापुर के लिए निकले थे। उन पर धारा 144 और कोरोना नियमों के उल्लंघन का आरोप लगा है। सतारा जिले के कराड में पुलिस ने उन्हें ट्रेन से नीचे उतार लिया।

सोमैया को कराड के गवर्नर सर्किट हाउस में ले जाया गया है। सोमैया ने 13 सितंबर को महाराष्ट्र के ग्रामीण विकास मंत्री हसन मुशरिफ पर 127 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप लगाया था। उनका दावा है कि वे इस मामले की जांच के लिए सबूत जमा करने कोल्हापुर जा रहे थे। पूरी खबर यहां पढ़ें...

खबरें और भी हैं...

Top Cities