• Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates | Char Dham Yatra Begins Today | Modi | Amit Shah | Goa | Rajasthan Delhi MP Uttar Pradesh Maharashtra Mumbai News | Coronavirus Vaccine Today Latest

भास्कर अपडेट्स:एयरलाइंस कंपनियों को 85% क्षमता के साथ उड़ानें संचालित करने की अनुमति मिली

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

देश में कोरोना के घटते मामलों के बीच केंद्र सरकार ने शनिवार को बड़ा फैसला किया है। सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने एयरलाइंस कंपनियों को 85% क्षमता के साथ उड़ानें संचालित करने की अनुमति दे दी है। इससे पहले 72.5% क्षमता के साथ ही फ्लाइट ऑपरेशन की सरकार ने मंजूरी दी थी। सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने अपने आदेश में कहा है कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान घरेलू उड़ानों पर पूर्ण प्रतिबंध के बाद 25 मई से 33 प्रतिशत की क्षमता के साथ फ्लाइट्स को फिर से मंजूरी दी गई थी। दो महीने बाद इसे धीरे-धीरे बढ़ाया गया। आदेश में कहा गया है कि घरेलू उड़ानों की डिमांड को देखते हुए फ्लाइट ऑपरेशन की क्षमता बढ़ाई गई है। इससे पहले सरकार ने 12 अगस्त को आदेश में संशोधन करते हुए 72.5% क्षमता के साथ उड़ानों की अनुमति दी थी। शनिवार को इसमें बदलाव करते हुए 85% कर दिया गया। यह इसी दिन से लागू कर दिया गया।

आज की अन्य बड़ी खबरें...

झारखंड के लातेहार में 7 बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत, करमा डाली विसर्जन करने गई थीं

झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार को तालाब में डूबने से 7 लड़कियों की मौत हो गई। घटना बालूमाथ थाना क्षेत्र के सेरेगड़ा पंचायत अंतर्गत मनन डीह ग्राम की है। बताया जा रहा है कि सभी करमा डाली का विसर्जन करने गई थीं। हादसा एक बच्ची को बचाने के दौरान हुआ और सभी लड़कियां एक-एक कर तालाब में डूब गईं। लोगों ने सभी का शव तालाब से बाहर निकाल लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ने घटना पर दुख जताया है। पढ़ें पूरी खबर..

काबुल में एक के बाद एक कुल चार धमाके, 2 लोगों की मौत और 21 घायल
अफगानिस्तान में शनिवार को चार अलग-अलग धमाकों में 2 लोगों की मौत हो गई और 21 घायल हुए हैं। पूर्वी नंगरहार की राजधानी जलालाबाद में तालिबान के वाहनों को निशाना बनाया गया। यहां हुए तीन विस्फोटों में 2 लोग मारे गए और 19 अन्य घायल हुए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ की हालत गंभीर है। इससे पहले काबुल के PD13 में एक विस्फोट में 2 नागरिक घायल हो गए।

इमरान खान बोले- अमेरिका का साथ देने की पाकिस्तान ने कीमत चुकाई
प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान को लेकर अमेरिका का साथ देने की बहुत भारी कीमत चुकाई। खान ने उन अमेरिकी अधिकारियों के प्रति अपना गुस्सा जाहिर किया, जिन्होंने अफगानिस्तान में अमेरिका की विफलता के लिए इस्लामाबाद पर उंगली उठाई थी। खान ने कहा कि एक पाकिस्तानी होने के नाते मुझे अमेरिकी सांसदों की टिप्पणियों से बहुत दुख हुआ। अफगानिस्तान में इस पराजय के लिए पाकिस्तान को दोष देना हमारे लिए सबसे दर्दनाक बात है।

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 2.0 की शुरुआत

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 2.0 की शुरुआत की। शाह ने कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी के बाद 70 साल तक गरीबी उन्मूलन का सिर्फ वादा किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीबों के उत्थान के लिए सही मायने में काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के नाम पर दिखावे के रूप में कुछ धन मिल जाए, 50-100 लोगों को मकान मिल जाए, इस प्रकार की व्यवस्था करके साल तक गरीबों के साथ छल करने का काम कांग्रेस ने किया।

दिल्ली में पकड़ा गया था काबुल एयरपोर्ट का हमलावर
इस्लामिक स्टेट खुरासान (ISIS-K) का दावा है कि पिछले महीने काबुल एयरपोर्ट पर हमला करने वाला आत्मघाती हमलावर 5 साल पहले दिल्ली में पकड़ा गया था। ISIS-K ने कहा कि भारत की एक जेल में सजा काटने के बाद, उसे अफगानिस्तान भेज दिया गया था। अब्दुर रहमान अल-लोगरी नाम का आत्मघाती हमलावर 'कश्मीर का बदला लेने के लिए' हमला करने के लिए दिल्ली गया था। 26 अगस्त को काबुल में हामिद करजई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहर आत्मघाती हमले में 180 से ज्यादा लोग मारे गए थे, जिनमें 13 अमेरिकी सैनिक भी शामिल थे।

2020 में बाल विवाह के मामलों में करीब 50% की बढ़ोतरी
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने बताया है कि 2019 की तुलना में 2020 में बाल विवाह के मामलों में करीब 50% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस तरह के मामलों की रिपोर्टिंग बढ़ने से भी इन आंकड़ों में वृद्धि हुई है। NCRB के 2020 के आंकड़ों के अनुसार, बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत कुल 785 मामले दर्ज किए गए। इसमें कर्नाटक में सबसे अधिक 184, असम में 138, पश्चिम बंगाल में 98, तमिलनाडु में 77 और तेलंगाना में 62 मामले दर्ज हुए। 2019 में इसके तहत 523 मामले दर्ज किए गए, जबकि 2018 में 501 मामले दर्ज हुए।

महबूबा मुफ्ती बोलीं- जम्मू-कश्मीर के लोग नाखुश और परेशान

PDP अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग नाखुश और परेशान हैं। बेरोजगारी बढ़ रही है। भ्रष्टाचार बहुत है। सड़कों का हाल बहुत खराब है। 370 और 35A खत्म किए जाने से लोग बहुत नाखुश हैं और उन्हें लगता है कि हमारे साथ धोखा हुआ है। वे यहां के लोगों का जीना हराम कर रहे हैं।

तालिबान शासकों ने महिलाओं का मंत्रालय हटाया
अफगानिस्तान में तालिबान शासकों ने महिलाओं के मंत्रालय की जगह अब पुरुष सदस्यों वाले गुनाह और नैतिक गुण मंत्रालय का गठन किया है। इसके जरिए देश में इस्लामी कानून लागू करने का लक्ष्य रखा गया है। यहां महिलाओं के लिए नए मंत्रालय का गठन किया जाएगा या नहीं यह अभी साफ नहीं है। शनिवार को ही विश्व बैंक की 10 करोड़ डॉलर की महिला आर्थिक सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास कार्यक्रम के कर्मचारियों को हटा दिया गया।

श्रीनगर में पुलिस टीम पर आतंकी हमला
जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के नूर बाग में शनिवार को पुलिस की टीम पर आतंकियों ने फायरिंग की। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आतंकी मौके से तुरंत भाग गए। 1 पिस्तौल और 1 AK-47 बरामद हुई। पुलिस और CRPF ने इलाके की घेराबंदी बढ़ा दी है और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।

राज कुंद्रा बोले- पोर्नोग्राफी केस में मेरे खिलाफ कोई सबूत नहीं

पोर्नोग्राफी केस में आरोपी बिजनेसमैन राज कुंद्रा ने शनिवार को मुंबई की अदालत में जमानत याचिका दायर की। उन्होंने दावा किया कि उन्हें बलि का बकरा बनाया जा रहा है और सप्लिमेंट्री चार्जशीट में उनके खिलाफ एक भी सबूत नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ जांच प्रैक्टिकली पूरी हो चुकी है। क्राइम ब्रांच ने हाल ही में कुंद्रा और तीन अन्य के खिलाफ अश्लील फिल्में बनाने को लेकर पूरक आरोप पत्र दायर किया था।

शशि थरूर बोले- कांग्रेस को स्थायी अध्यक्ष की जरूरत
कांग्रेस के सीनियर नेता और सांसद शशि थरूर ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी को एक स्थायी अध्यक्ष की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उनके जैसे नेताओं को लगता है कि ऐसा जल्द ही हो जाएगा। थरूर ने कहा कि सोनिया गांधी ने कई साल तक पार्टी का पूरी तरह से नेतृत्व किया और इसे मजबूत किया, लेकिन अब जब से उन्होंने उन्हें जिम्मेदारी से मुक्त करने के लिए कहा, पार्टी को एक नया अध्यक्ष खोजना होगा।

तेजस्वी यादव 2 दिन के दौरे पर रांची पहुंचे
RJD नेता तेजस्वी यादव अपने 2 दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे। उन्होंने कहा कि झारखंड में काफी खनिज पदार्थ हैं। झारखंड जो देश को देता है और जिस प्रकार देश की सेवा करता है, वैसे केंद्र सरकार राज्य को लौटाती नहीं है। हम लोग यहां अपनी पार्टी को मजबूत करने के लिए यहां आए हैं।

आज से चारधाम और हेमकुण्ड साहिब की यात्रा शुरू
उत्तराखंड में आज से चारधाम और हेमकुण्ड साहिब यात्रा श्रद्धालुओं के लिए शुरू कर दी है। हेमकुण्ड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के उपाध्यक्ष ने बताया कि अभी रोज 1,000 यात्रियों को इजाजत दी है। चारधाम और हेमकुण्ड साहिब की यात्रा राज्य की आर्थिक मदद में रीढ़ की हड्डी है।

बाबुल सुप्रियो तृणमूल कांग्रेस में शामिल

पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व भाजपा सांसद बाबुल सुप्रियो शनिवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हो गए। बाबुल को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी और पार्टी सांसद डेरेक ओब्रायन ने TMC की सदस्यता दिलाई। 48 दिन पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल में हुए फेरबदल के बाद सुप्रियो ने BJP छोड़ दी थी। TMC में शामिल होने के बाद बाबुल ने कहा कि ये सब पिछले 4 दिन में हुआ है। ममता पर बंगाल की जनता को भरोसा है। मैं काम करने के लिए TMC से जुड़ा हूं। उन्होंने कहा कि आज का दिन मेरे लिए बहुत बड़ा है। मुझे जनता की सेवा करने का मौका मिला है। मुझे अपने इस फैसले पर गर्व है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

PM किसान योजना के तहत मिलने वाला पैसा हो सकता है दोगुना
केंद्र सरकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान सम्मान निधि योजना (PM किसान योजना) के तहत मिलने वाली आर्थिक मदद को दोगुना करने पर विचार कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार लाभार्थी किसानों को 2000 रुपए की जगह 4000 रुपए की किश्त मिल सकती है। अगर ऐसा होता है तो किसानों को हर साल 6 हजार की जगह 12 हजार रुपए तीन किश्तों में मिलेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार केंद्र सरकार जल्द लाभार्थी किसानों को ये तोहफा दे सकती है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

नालंदा में प्रतिमा विसर्जन के दौरान 5 बच्चियां नदी में डूबीं
बिहार के नालंदा में विश्वकर्मा पूजा के बाद शनिवार सुबह गौरा गौरी की प्रतिमा विसर्जन करने गई 5 बच्चियां नदी में डूब गईं। घटना परवलपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी बीघा गांव की है। यहां 5 बच्चियां नदी में प्रतिमा विसर्जन के लिए गहरे पानी में चले जाने के कारण डूबने लगीं। उन्हें डूबता देख ग्रामीणों ने नदी में छलांग लगाया। जहां 5 में से 2 बच्चियों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। 3 की तलाश अब भी जारी है। पूरी खबर यहां पढ़ें...
उमा भारती ने कहा- जागरूकता से नहीं, लट्‌ठ से होगी शराबबंदी

मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने राज्य में शराबबंदी का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि गंगा जी की मेरी यात्रा 15 जनवरी को पूरी होगी। इसके बाद मैं शराबबंदी की मुहिम चलाऊंगी। उमा भारती ने कहा कि BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और CM शिवराज सिंह ने कहा है कि नशाबंदी और शराबबंदी जागरूकता अभियान से खत्म हो सकती है,लेकिन मेरा मानना है कि शराबबंदी जागरूकता से नहीं, लट्‌ठ से होगी।

हरिद्वार में मंदिर में मृत मिला पुजारी
उत्तराखंड में हरिद्वार के नसीरपुर गांव में मंदिर परिसर में एक पुजारी मृत पाया गया। SP परमिंदर सिंह डोभाल ने बताया कि पिछले 1.5 महीने से मंदिर में रह रहे पुजारी की हत्या कर दी गई। हम सभी एंगल से जांच कर रहे हैं और कार्रवाई भी की जी रही है।

भारत को इस महीने कोवीशील्ड की 20 करोड़ खुराक मिलेगी
भारत को इस महीने कोवीशील्ड की करीब 20 करोड़ खुराक और कोवैक्सिन की 3.5 करोड़ खुराक मिलेगी। साथ ही हर महीने 25 करोड़ से ज्यादा खुराक जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है।

IT का दावा- सोनू सूद ने 20 करोड़ की टैक्स चोरी की

बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद के खिलाफ छापेमारी को लेकर आयकर विभाग ने बड़ा खुलासा किया है। विभाग का कहना है कि सोनू सूद 20 करोड़ रुपए से ज्यादा की टैक्स चोरी में शामिल हैं। सूद ने विदेशी डोनर्स से 2.1 करोड़ का नॉन-प्रॉफिट जुटाया, जोकि इस तरह के लेनदेन को नियंत्रित करने वाले कानून का उल्लंघन है। अब तक की जांच में 20 ऐसी एंट्री का पता चला, जिन्हें देने वालों ने फर्जीवाड़े की बात स्वीकार की।

CBDT के मुताबिक मुंबई, लखनऊ, कानपुर, जयपुर, दिल्ली और गुरुग्राम समेत कुल 28 परिसरों पर छापेमारी की गई। सोनू सूद ने 2020 में अपना NGO शुरू किया था, जिसे 1 अप्रैल 2021 से अभी तक 18.94 करोड़ का डोनेशन मिला है। इसमें से अभी तक 1.9 करोड़ अलग-अलग कार्यों में खर्च हुए हैं, जबकि बची हुई 17 करोड़ की रकम अभी भी अकाउंट में मौजूद है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

सोपोर अस्पताल में डिजिटल स्कैनिंग मशीन का उद्घाटन
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि आज सोपोर अस्पताल में एक डिजिटल स्कैनिंग मशीन का उद्घाटन किया गया। इससे यहां के लोगों को मदद मिलेगी। यहां पर एक जन औषधि स्टोर का भी उद्घाटन किया गया। इस स्टोर पर सस्ती और अच्छी मेडिसिन मिलती है। इससे मरीजों को काफी फायदा होगा।

अमेरिका में पढ़ाई के बाद नौकरी पाना फिर हुआ आसान
जो स्टूडेंट अमेरिका में पढ़ाई पूरी करने के बाद शुरुआती नौकरी वहीं करना चाहते हैं, उनके लिए अच्छी खबर है। ट्रंप सरकार ने नौकरी के लिए H-1B वीजा पाने के नियमों में बदलाव करने का जो प्रस्ताव दिया था, उसे अमेरिका की एक अदालत ने खारिज कर दिया है। अदालत के इस फैसले से भारत सहित कई देशों के फ्रेश ग्रेजुएट्स को अमेरिका में नौकरी पाने में आसानी होगी। पूरी खबर यहां पढ़ें...

काबुल में IED ब्लास्ट, 2 लोग घायल
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के PD13 इलाके में शनिवार को IED ब्लास्ट हुआ। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस विस्फोट में दो लोग घायल हुए हैं। धमाके की आवाज सुनते ही लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। इस ब्लास्ट की जिम्मेदारी अभी तक किसी ने नहीं ली है।

जबलपुर पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जबलपुर में वीर बलिदानी राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह की प्रतिमा पर फूल चढ़ाए। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मौजूद रहे। शाह और चौहान ने जबलपुर में जनजातीय नायकों के जीवन पर केंद्रित चित्र प्रदर्शनी का भी जायजा लिया।

ग्रेटर नोएडा में बस पलटी, महिला कर्मचारी की मौत
ग्रेटर नोएडा में शनिवार सुबह बस के पलटने से एक महिला की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। बस एक निजी कंपनी की 25 से 30 महिला कर्मचारियों को ले जा रही थी, सुबह साढ़े पांच बजे सूरजपुर इलाके में तिलपट्टा चौराहे के पास यह घटना हुई। ड्राइवर ने अचानक नियंत्रण खो दिया और गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद वह सड़क पर पलट गई।

जम्मू-कश्मीर में 4.3 तीव्रता का भूकंप जम्मू-कश्मीर में शनिवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.3 मांपी गई, जिसका केंद्र पाकिस्तान में रहा। अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।

पैन कार्ड को आधार से लिंक करने की डेडलाइन 31 मार्च 2022 हुई
केंद्र सरकार ने पैन कार्ड से आधार को लिंक करने की आखिरी तारीख एक बार फिर बढ़ा दी है। इससे पहले आधार से पैन को लिंक करने की आखिरी तारीख 30 सितंबर थी, जिसे बढ़ाकर 31 मार्च 2022 कर दी गई है। वित्त मंत्रालय की तरफ से यह जानकारी दी गई है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

PM मोदी का विपक्ष पर निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गोवा के स्वास्थ्य कर्मियों और कोविड वैक्सीनेशन प्रोग्राम का फायदा लेने वाले लोगों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि वैक्सीन लगने पर बुखार आता है, ये तो सुना है लेकिन कल 2.50 करोड़ वैक्सीन लगने का रिकॉर्ड बनने पर एक राजनीतिक पार्टी को बुखार आ गया। गोवा में 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लग गई है। इसके लिए PM ने उन्हें बधाई देने और इसी गति से वैक्सीनेशन जारी रखने को प्रेरित करने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बात की।

पटना में जिम ट्रेनर को मारी गोली
पटना में अपराधी की किस कदर बेखौफ हो गए हैं, इसकी बानगी एक बार फिर देखने को मिली। शनिवार सुबह अपराधियों ने एक जिम ट्रेनर को गोलियों से भून डाला। उसे 5 गोली मारी गई है। ट्रेनर का नाम विक्रम सिंह है। हालत गंभीर है। वारदात कदमकुआं थाना के तहत बुद्ध मूर्ति इलाके की है। वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी मच गई। पूरी खबर यहां पढ़ें...

राज्यसभा उपचुनाव के लिए सर्बानंद सोनोवाल उम्मीदवार
BJP ने केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल को असम से राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, राज्य मंत्री (MoS) एल मुरुगन को मध्य प्रदेश से प्रत्याशी बनाया गया है। मुरुगन का जीतना तय माना जा रहा है। क्योंकि, कांग्रेस ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार खड़ा न करने का फैसला किया है।

बेंगलुरु में एक ही परिवार के 5 लोगों के शव मिले
बेंगलुरु के ब्यादराहल्ली इलाके में एक ही परिवार के पांच लोगों की डेडबॉडी मिली है। इसमें 9 माह का बच्चा भी शामिल है। चार लोगों की बॉडी घर में छत से लटकती मिली, जबकि शिशु की मृत्यु भूख से तड़पने से हुई। परिवार में दो साल की बच्ची भी है, जो तीन दिन अपने घरवालों की लाश के साथ रही। उसे पुलिस ने सुरक्षित निकाला।

पुलिस को घर में दो साल की बच्ची भी मिली है, जो करीब तीन दिन मृत परिजनों के बीच रही।
पुलिस को घर में दो साल की बच्ची भी मिली है, जो करीब तीन दिन मृत परिजनों के बीच रही।

मामले की तहकीकात कर रही बेंगलुरु पुलिस ने बताया कि एच शंकर नाम का शख्स पांच दिन पहले अपने परिवार से झगड़कर घर छोड़कर चला गया था। जब वह लौटा तो पत्नी (50 साल), बेटे (27 साल) और दो बेटियों (30 से 40 वर्ष के बीच उम्र) ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। उनके शव सड़ने लगे थे।

गडकरी बोले- यूट्यूब से हर महीने 4 लाख मिल रहे
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि उन्हें यूट्यूब से हर महीने रॉयल्टी के तौर पर 4 लाख रुपए मिलते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान यूट्यूब पर पोस्ट किए गए उनके लेक्चर वीडियो की व्यूअरशिप काफी बढ़ी है। गडकरी ने बताया कि मैं एक शेफ बन गया और घर पर खाना बनाना शुरू किया। साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए लेक्चर देने लगा। मैंने 950 से ज्यादा लेक्चर ऑनलाइन दिए।

महाराष्ट्र ATS ने मुंबई से पकड़ा एक और संदिग्ध

महाराष्ट्र ATS और मुंबई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हिरासत में लिए गए जाकिर से महाराष्ट्र ATS के मुंबई स्थित ऑफिस में पूछताछ जारी है।
महाराष्ट्र ATS और मुंबई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हिरासत में लिए गए जाकिर से महाराष्ट्र ATS के मुंबई स्थित ऑफिस में पूछताछ जारी है।

देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए महाराष्ट्र ATS ने जाकिर नाम के एक शख्स को मुंबई से पकड़ा है। जाकिर मुंबई के जोगेश्वरी इलाके का रहने वाला है। जांच में सामने आया है कि जाकिर का दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए 6 आतंकियों से संबंध था। जाकिर से पहले दिल्ली पुलिस ने मुंबई के रहने वाले जान मोहम्मद नाम के एक संदिग्ध आतंकी को कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था। पूरी खबर यहां पढ़ें..

अफगानिस्तान में शुरू हुआ लड़कों का स्कूल, लड़कियों के बारे में कोई चर्चा नहीं

तालिबानी सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने अफगानिस्तान के सभी सेकेंडरी स्कूलों को आदेश दिए हैं कि शनिवार से स्कूल खोले जाएं। हालांकि अभी स्कूल सिर्फ लड़कों के लिए खोले गए हैं। आदेश में इस बात का कोई जिक्र नहीं है कि लड़कियों के स्कूल कब खुलेंगे। तालिबान के नए शिक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि प्राइमरी और सेकेंडरी लेवल पर सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आधिकारिक मदरसा धार्मिक स्कूल शनिवार से खुलेंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें...

जापान में चांथू तूफान के चलते 49 फ्लाइट कैंसिल

जापान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में शिकोकू और क्यूशु नाम के द्वीप पर चांथू तूफान के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। तूफान में 5 लोग घायल हुए हैं और 49 फ्लाइट्स कैंसिल की गई हैं। फिलहाल चांथू तूफान जापान के पूर्वी भाग की तरफ जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Top Cities