• Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates | Modi Birthday | Virat Kohli T 20 Captaincy | Rajasthan Delhi MP Uttar Pradesh Maharashtra Mumbai News | Coronavirus Vaccine Today Latest

भास्कर अपडेट्स:पंजाब में अलगाववादी संगठन सिख फॉर जस्टिस के मॉड्यूल का भंडाफोड़, 3 खालिस्तान समर्थक गिरफ्तार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
खालिस्तान समर्थकों से बरामद साहित्य और अन्य समान। - Dainik Bhaskar
खालिस्तान समर्थकों से बरामद साहित्य और अन्य समान।

पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को खन्ना जिले के एक गांव में छापा मारकर अलगाववादी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। मामले में तीन खालिस्तान समर्थक गिरफ्तार किए गए हैं। डीजीपी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने गिरफ्तार लोगों से कुछ पर्ची भी बरामद की है। इन पर 'रेफरेंडम 2020' लिखा हुआ है। पुलिस ने इसे अलगाववादी साहित्य बताया। गिरफ्तार लोगों की पहचान खन्ना के गुरविंदर सिंह, जगविंदर सिंह और सुखदेव सिंह के रूप में हुई है, दोनों रोपड़ के मोरिंडा के निवासी हैं। पुलिस ने अमेरिका में रहने वाले गुरपतवंत सिंह पन्नू, हरप्रीत सिंह, बिक्रमजीत सिंह और गुरसहाय माखू और खन्ना के जगजीत सिंह मंगत के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच में पता चला कि गुरविंदर सिंह नाम का आरोपी यूएस मीडिया इंटरनेशनल नाम के एक यूट्यूब चैनल की भड़काऊ सामग्री देखकर कट्टरता की राह पर चला था। इस चैनल को जेएस धारीवाल नाम का आदमी चलाता था। उसी ने गुरविंदर को गुरपतवंत पुन्नू नाम के आदमी से मिलवाया था।

तेलंगाना में अमित शाह बोले- भाजपा मजलिस से नहीं डरती, हम तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करते

गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को हैदराबाद मुक्ति दिवस के अवसर पर निर्मल जिले में जनसभा को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता मजलिस से नहीं डरते। जो डरते हैं वो डरें, भाजपा मजलिस वालों से नहीं डरती है..हम नहीं डरते हैं। भाजपा तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करती है। शाह ने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनाव में जुट जाने की आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव के साथ ही तेलंगाना में भी भाजपा 2024 में जीत दर्ज करेगी। केंद्र समेत राज्य में भी हमारी सरकार बनेगी। शाह ने कहा कि कांग्रेस का पूरे देश में पतन हो रहा है और कांग्रेस सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) का तेलंगाना में विकल्प नहीं हो सकती है, केवल भाजपा ही विकल्प हो सकती है।

मुंबई के 86% से ज्यादा लोगों में कोरोना एंटीबॉडी, महिलाओं में सबसे ज्यादा; 5वें सीरो-सर्वे से खुलासा
ग्रेटर मुंबई इलाके में 86.64% लोगों में कोरोना एंटीबॉडी मौजूद है। वहीं, कोविड वैक्सीन की एक या दो डोज लगवा चुके 90.26% लोगों में एंटीबॉडी पाई गई। जबकि वैक्सीनेशन नहीं करवाने वाले 79.86% लोगों में एंटीबॉडी मिली। इसका मतलब है कि ये लोग कम से कम एक बार कोरोना वायरस से संक्रमित होकर रिकवर हो चुके हैं। सीरो-सर्वे के दौरान पुरुषों में एंटीबॉडी 85.07%, जबकि महिलाओं में 88.29% पाई गई।

तीसरी लहर की आशंका के बीच 12 अगस्त से 9 सितंबर के बीच यह सीरो-सर्वे किया गया। मुंबई सिविक बॉडी की ओर से किया गया यह पांचवां सर्वे है। शहर के सभी 24 वार्डों से लिए गए 8,674 सैंपल्स की जांच की गई। वैज्ञानिकों ने फेस मास्क और हैंड सैनिटाइजर के इस्तेमाल पर जोर दिया है। साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग के पालन की जरूरत बताई है।

आज की अन्य बड़ी खबरें...

कुलगाम में आतंकवादियों की फायरिंग में रेल पुलिसकर्मी की मौत
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों ने एक रेल पुलिसकर्मी को गोली मार कर हत्या कर दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि वानपोह के स्टेनफोर्ड स्कूल के सामने आतंकियों ने रेलवे में कांस्टेबल बंटू शर्मा के ऊपर फायरिंग की। गोली लगने के बाद घायल अवस्था में बंटू को अस्पतला ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। अंनतनाग के जीएमसी डॉक्टर कबाल सोफी ने बताया कि अस्पताल लाए जाने से पहले ही शर्मा की मौत हो चुकी थी।

2 लाख रुपए का इनामी वांटेड अपराधी दिल्ली से गिरफ्तार
हरियाणा पुलिस ने 2 लाख रुपए के इनामी वांटेड अपराधी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी HSSC की ओर से आयोजित कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में हुई है। राज्य पुलिस ने एक बयान में कहा कि पुलिस ने अब तक कुल 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

PM के बर्थ डे पर स्वास्थ्य विभाग ने बांटा पैसा
PM के बर्थ डे पर बिहार में स्वास्थ्य विभाग ने खूब पैसा बांटा है। 150 रुपए के लंच के साथ हाथ में 100 रुपए का नोट दिया गया है। यह पीएम की बर्थ डे की खुशी का उपहार नहीं, बल्कि छुट्‌टी के दिन विशेष टीकाकरण के लिए काम करने का बोनस था। सभी 38 जिलों में वैक्सीनेशन में लगाए गए पदाधिकारियों, कर्मचारियों और वाहन चालकों को राज्य स्वास्थ्य समिति के आदेश पर 150 रुपए का लंच और चालकों को 100-100 रुपए नकद दिया गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

महबूबा मुफ्ती बोलीं- 370 और 35A कानूनी तरीके से नहीं गया

PDP अध्यक्षा महबूबा मुफ्ती ने शुक्रवार को कहा कि 370 और 35A कानूनी तरीके से नहीं गया। जायज तरीके से नहीं गया, बल्कि नाजायज तरीके से गया। डाकू जो चीज लूटकर ले जाता है, वो उसकी नहीं होती, उसे वापस लाना होता है। दुनिया में कोई चीज़ नामुमकिन नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार नौकरी देने की बजाय लोगों को नौकरी से निकाल रही है। यहां बहुत ज्यादा बेरोजगारी है। सड़कों की हालत खराब है, रिश्वतखोरी ज्यादा है, भ्रष्टाचार है। बिजली, पानी सहित हर चीज की दिक्कत है। पेंशन में हेराफेरी होती है। पहले 10% भ्रष्टाचार था, वो आज 50% हो गया है।

शेयर बाजार लाल निशान में बंद
हफ्ते के आखिरी दिन यानी शुक्रवार को बाजार में ऊपरी स्तर से जमकर मुनाफा वसूली देखने को मिली। सेंसेक्स ऊपरी स्तरों से 700 पॉइंट और निफ्टी 200 पॉइंट से ज्यादा टूटा। सेंसेक्स 125 अंक गिरकर 59,015 पर और निफ्टी 44 अंक गिरकर 17,585 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 59,737 और निफ्टी ने 17,792 का रिकॉर्ड स्तर छुआ। इससे पहले सेंसेक्स 59,400 और निफ्टी 17,700 के पार खुला था। पूरी खबर यहां पढ़ें...

PM मोदी के जन्मदिन पर केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने उन्हें भगवान का दूसरा रूप बताया
केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के नेता पशुपति कुमार पारस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर भगवान का दूसरा रूप बताया। पारस ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद PM मोदी सरकार के सबसे सफल मुखिया हैं। पारस ने कहा कि वह भगवान के दूसरे रूप हैं। किसी ने भगवान को नहीं देखा है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी हमारे बीच हैं जिन्हें भगवान माना जाता है और वह देश का भाग्य भी तय करते हैं। आज संयोग से विश्वकर्मा पूजा भी है।

राघव चड्ढा ने सिद्धू को पंजाब की राजनीति का राखी सावंत बताया
AAP नेता राघव चड्ढा ने शुक्रवार को पंजाब कांग्रेस के प्रमुख नवजोत सिद्धू पर निशाना साधा। उन्होंने सिध्दू को राज्य की राजनीति का राखी सावंत बताया। चढ्ढा के इस बयान को सेक्सिस्ट बताकर सोशल मीडिया पर आलोचना हो रही है। दरअसल, सिद्धू ने वीडियो शेयर करके दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा था। साथ ही उन पर किसानों का शोषण करने का आरोप लगाया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए चढ्ढा ने यह बयान दिया। पूरी खबर यहां पढ़ें...

PM मोदी बोले- अफगानिस्तान के घटनाक्रम का सबसे ज्यादा प्रभाव पड़ोसी देशों पर होगा

अफगानिस्तान की स्थिति पर SCO और CSTO की विशेष बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अफगानिस्तान में हाल के घटनाक्रम का सबसे अधिक प्रभाव हम जैसे पड़ोसी देशों पर होगा। इसलिए, इस मुद्दे पर क्षेत्रीय फोकस और क्षेत्रिय सहयोग बहुत आवश्यक है। इस संदर्भ में हमें 4 विषयों पर ध्यान देना होगा। पहला मुद्दा है कि अफगानिस्तान में सत्ता परिवर्तन इंक्लूजिव नहीं है और बिना नेगोशिएशन के हुआ है। इससे नई व्यवस्था की स्वीकार्यता पर सवाल उठते हैं। महिलाओं, अल्पसंख्यकों सहित अफगान समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व महत्वपूर्ण है। पढ़ें पूरी खबर..

भारत में अपनी जड़ें जमाने की कोशिश कर रहा IS
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आतंकी हमलों, साजिश और फंडिंग के 37 मामलों की जांच की है, जो IS (इस्लामिक स्टेट) की विचारधारा से प्रेरित हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि IS लगातार ऑनलाइन दुष्प्रचार के जरिए भारत में अपनी जड़ें जमाने की कोशिश कर रहा है। ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना दी जानी चाहिए।

NIA ने सोशल मीडिया पर ISIS की विचारधारा का प्रचार करने वाले या युवाओं को कट्टरपंथी बनाने की कोशिश करने वाले लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने के लिए हॉटलाइन नंबर -011-24368800- जारी किया है। NIA ने 16 सितंबर को तमिलनाडु में तलाशी ली और मदुरै हिज्ब-उत-तहरीर मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जांच से पता चला कि आरोपी ने हिज्ब-उत-तहरीर के नाम पर दूसरे लोगों के साथ मिलकर इस्लामिक स्टेट को फिर से स्थापित करने और भारत सहित विश्व स्तर पर शरिया लागू करने की साजिश रची।

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान का दौरा रद्द किया

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पाकिस्तान का दौरा रद्द कर दिया है। कीवी क्रिकेट बोर्ड ने रावलपिंडी में पहला वनडे शुरू होने से 30 मिनट पहले ही यह फैसला लिया। इस दौरे पर 3 वनडे और 5 टी-20 मैच खेले जाने थे। न्यूजीलैंड को टीम की सुरक्षा को जुड़ा इंटेलिजेंस अलर्ट मिला था। अब टीम को जल्द से जल्द पाकिस्तान से निकालने की तैयारी हो रही है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

अमरोहा में बाबा साहब आंबेडकर की प्रतिमा तोड़ी
2022 के विधानसभा चुनाव से पहले शरारती तत्वों अमरोहा में माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया है। बुधवार देर रात थाना रहरा के फूलपुर गाँव में बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को तोड़ दिया गया। गांव के लोग सुबह जब उठे तो इस घटना का पता चला। जाटव समुदाय के लोगों के साथ-साथ गांव के तमाम लोग नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे। आरोपियों को पकड़ने की मांग पर अड़ गए। पूरी खबर यहां पढ़ें...

दिल्ली पुलिस ने 5 बांग्लादेशी समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया
दिल्ली पुलिस ने 5 बांग्लादेशी नागरिकों सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास भारतीय पासपोर्ट हैं। 11 सितंबर को 3 को IGI एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया था। धोखाधड़ी, जालसाजी और पासपोर्ट अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। DCP विक्रम पोरवाल ने कहा कि आगे की जांच के दौरान 3 सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया। सभी 6 आरोपी पुलिस हिरासत में हैं। कुल 27 पासपोर्ट, विभिन्न देशों के 15 टिकट और दूसरे दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जांच चल रही है।

मुजफ्फरपुर में पेंशनर के खाते में आए 52 करोड़
बिहार में खगड़िया के एक युवक और कटिहार के दो स्टूडेंट्स के खाते में अचानक रुपए आने का मामला अभी खत्म भी नहीं हुआ है कि मुजफ्फरपुर में भी एक बुजुर्ग के खाते में 52 करोड़ रुपए आ गए हैं। कटरा थाना क्षेत्र का यह मामला आग की तरह गांव में फैला तो अन्य लोग भी अपने अकाउंट चेक करने बैंक और CSP सेंटर पहुंचने लगे हैं। वहीं, बैंक अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें...

सुसाइड के लिए उकसाने के आरोप में साहिल खान पर केस दर्ज
बॉलीवुड एक्टर साहिल खान मॉडल और बॉडी बिल्डर मनोज पाटिल के सुसाइड की कोशिश केस में अपना नाम आने के बाद कानूनी परेशानी का सामना कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई पुलिस ने पुष्टि की है कि मनोज पाटिल को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में साहिल खान और तीन अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

दिल्ली में CBI की बिल्डिंग में आग लगी

दिल्ली में लोधी रोड इलाके में CGO कॉम्प्लेक्स स्थित CBI बिल्डिंग के बेसमेंट में शुक्रवार को आग लग गई। इमारत के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया है। दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। आग पर काबू पा लिया गया है। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देखमुख की मुश्किलें बढ़ीं
प्रवर्तन निदेशालय (ED) और CBI के बाद अब इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने शुक्रवार को देशमुख के मुंबई और नागपुर के कुछ ठिकानों पर छापा मारा। यह कार्रवाई सुबह 11.30 बजे शुरू हुई। नागपुर में अनिल देशमुख के कटोल स्थित आवास, मुंबई में ज्ञानेश्वरी आवास और एनआईटी कॉलेज में सर्चिंग जारी है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

कांग्रेस ने UP चुनावों के लिए स्क्रीनिंग कमेटी बनाई
कांग्रेस ने आगामी UP विधानसभा चुनावों के लिए स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया है। जितेंद्र सिंह को कमेटी का अध्यक्ष, दीपेंद्र एस हुड्डा और वर्षा गायकवाड़ को इसका मेंबर बनाया गया है। महासचिव प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी के UP प्रमुख अजय लल्लू, CLP नेता आराधना मिश्रा मोना भी इसके सदस्य होंगे।

गढ़चिरौली में जानवरों के हमले में 2 की मौत
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में जानवरों के हमले की अलग-अलग घटनाओं में एक बुजुर्ग और सात साल के बच्चे की मौत हो गई। तेंदुए और बाघ के हमले में इन दोनों की जान गई। इन घटनाओं के बाद इलाके दहशत फैल गई है। बाहर निकलते समय लोगों को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है।

भारतीय रेलवे ने कौशल विकास योजना शुरू की
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय रेलवे ने कौशल विकास योजना शुरू की है। इस योजना के तहत 50 हजार बच्चों को रिमोट एरिया में अलग-अलग स्किल की ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्होंने बताया कि दूर-दराज के इलाकों में अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए हम मोबाइल स्किल ट्रेनिंग यूनिट्स भी बनाएंगे।

सौर मिशन के 2022 की तीसरी तिमाही में लॉन्च होने की संभावना

भारत के पहले सौर मिशन के 2022 की तीसरी तिमाही में लॉन्च होने की संभावना है। इससे पहले कोरोना महामारी के कारण इसकी लॉन्चिंग टाल दी गई थी। साथ ही देश की दूसरी स्पेस ऑब्जर्वेटरी एक्सोसैट भी लॉन्च होगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के सीनियर अधिकारियों ने बताया कि इससे खगोलविदों को पल्सर और सुपरनोवा जैसे ब्रह्मांडीय स्रोतों का अध्ययन करने में मदद मिलेगी।

त्रिपुरा के चीफ जस्टिस को राजस्थान का CJ बनाने की सिफारिश
सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस एनवी रमना के नेतृत्व वाले कॉलेजियम ने त्रिपुरा के मुख्य न्यायधीन ए.ए. कुरैशी को राजस्थान का CJ बनाने की सिफारिश की है। कॉलेजियम ने इसके अलावा भी अलग-अलग हाई कोर्ट्स में नए मुख्य न्यायधीशों की नियुक्ति की भी सिफारिश की है।

TMC की महासचिव बनाई गईं अर्पिता घोष
पश्चिम बंगाल में अर्पिता घोष को तत्काल प्रभाव से तृणमूल कांग्रेस का महासचिव बनाया गया है। घोष ने 15 सितंबर को राज्यसभा सांसद के पद से इस्तीफा दे दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक, घोष के प्रदर्शन से TMC नाखुश थी और आलाकमान ने ही उन्हें इस्तीफा देने को कहा था। वह मार्च 2020 में राज्यसभा के लिए चुनी गई थीं। 2019 के लोकसभा चुनाव में बलुरघाट से उनकी हार के बाद TMC ने उन्हें उच्च सदन भेजा था।

दिल्ली पुलिस ने अकाली दल के नेताओं को हिरासत में लिया
दिल्ली पुलिस ने बताया है कि शिरोमणि अकाली दल के नेताओं को हिरासत में लिया गया है और उन्हें संसद मार्ग पुलिस स्टेशन ले जाया जा रहा है। अकाली नेता केंद्र के तीन कृषि कानूनों के एक साल पूरे होने पर नई दिल्ली में विरोध मार्च निकाल रहे थे। शिअद नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि कई किसान मारे गए हैं और कई अभी भी राज्य की सीमाओं पर बैठे हैं, लेकिन यह सरकार उदासीन है। तीन कृषि कानूनों को निरस्त होने तक हम अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

पाकिस्तान में जनाजे में चलीं गोलियां, 8 की मौत
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में जनाजे के दौरान गोलीबारी में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 घायल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दो गुटों के लोगों के बीच जमीन विवाद को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद गोलियां चलीं। घायल हुए सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इनमें से 10 की हालत गंभीर है।

मुंबई में फ्लाईओवर का हिस्सा गिरा, 14 घायल

महाराष्ट्र के मुंबई में बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में सुबह करीब 4:40 बजे निर्माणाधीन फ्लाईओवर का एक हिस्सा गिर गया। हादसे वाली जगह से 21 लोगों को निकाला गया। 14 घायलों को सांताक्रूज के वीएम देसाई अस्पताल में भर्ती किया गया है। कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की भी आशंका है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

चारधाम यात्रा 18 सितंबर से शुरू होगी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा 18 सितंबर से शुरू होगी। तीर्थयात्रा पर से प्रतिबंध हटाने के नैनीताल हाईकोर्ट के फैसले के बाद राज्य सरकार ने यात्रा की तैयारी शुरू कर दी है। कोरोना के चलते 28 जून को इस पर हाईकोर्ट ने रोक लगाई थी। चारधाम यात्रा आने वाले यात्रियों को 72 घंटे पहले की कोविड-निगेटिव रिपोर्ट लाना जरूरी होगा। श्रद्धालुओं को देहरादून स्मार्ट सिटी पोर्टल और देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा।

100 करोड़ की वसूली मामले में ED की चार्जशीट
महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख ने API (अब बर्खास्त) सचिन वाजे को अपने निजी सहायक कुंदन शिंदे को 4.6 करोड़ रुपए कैश से भरे 16 बैग सौंपने का निर्देश दिया था। इस बात का खुलासा प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा हाल ही में एक विशेष PMLA कोर्ट में दायर चार्जशीट में हुआ है। देशमुख के कहने कहने पर वझे ने यह पैसे शहर के कई बार मालिकों से वसूले थे। पूरी खबर यहां पढ़ें...

राहुल गांधी ने PM मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के 71वें जन्मदिन के मौके पर उन्हें बधाई दी है। राहुल ने सिर्फ चार शब्दों में उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ट्वीट किया- हैप्पी बर्थडे, मोदी जी।

24 घंटों में कोरोना के 34,403 नए मामले आए
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 34,403 नए मामले आए और 320 मौतें हुईं, जिसमें केरल में कल आए कोरोना वायरस के 22,182 मामले और 178 मौतें शामिल हैं। देश में कोरोना वायरस के सक्रिय मामले कुल मामलों के 1.02% हैं। दैनिक पॉजिटिविटी रेट 2.25% है जो कि पिछले 18 दिनों से 3% से कम है।

खबरें और भी हैं...

Top Cities