देश भर में बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है। ऐसे में कुछ बीजेपी नेताओं के महंगाई पर अजीबोगरीब बयान सामने आ रहे हैं। अभी कुछ दिनों पहले ही शिवराज सिंह चौहान सरकार में ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने कहा था कि पेट्रोल डीजल का पैसा नेताओं के घर नहीं जा रहा बल्कि गरीबों के लिए इस्तेमाल हो रहा है। और अब मध्य प्रदेश सरकार के ही मंत्री विश्वास सारंग से कहा कि जवाहरलाल नेहरू ने 15 अगस्त 1947 को जो भाषण दिया था उसी कारण देश की अर्थव्यवस्था बिगड़ी है। इन्हीं घटनाक्रमों पर यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है।

उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए एक ट्वीट में नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए लिखा कि गंधीर नेहरू के लोकतंत्र में तथाकथित चाय बेचने वाला भी पीएम बन गया लेकिन मोदी के लोकतंत्र में लोकतंत्र ही नहीं बचा है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘गांधी-नेहरू के बनाए मजबूत लोकतंत्र की ही खूबी थी कि एक तथाकथित ‘चाय बेचने वाले’ और दशकों तक ‘भिक्षा मांगकर’ खाने वाले व्यक्ति को देश का प्रधानमंत्री बनने का मौका मिला। मोदी के लोकतंत्र में तो दो वक्त की रोटी ही मिल जाए तो खुशनसीबी है, लोकतंत्र बचा ही कहां है..।’

 

 

उनके इस ट्वीट पर ट्विटर यूजर्स की भी ढेरों प्रतिक्रिया सामने आई हैं। आदि भारतीय नाम के यूजर ने कांग्रेस नेता को जवाब दिया, ‘लोकतंत्र का निर्माण लोगों ने किया है किसी नेता ने नहीं। कांग्रेस हमेशा राष्ट्र निर्माण का श्रेय लेती है। नेहरू और गांधी, लोग उन्हें बहुत सम्मान भी देते हैं। विंस्टन चर्चिल ने कहा कि ‘गांधी आधे नग्न फकीर हैं’ तो गांधी सम्मान कम हो गया?’

सनी सिंह नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘चाचा नेहरू जिंदाबाद, मनमोहन सिंह जिंदाबाद, नरेंद्र मोदी जिंदाबाद चलो सब खुश? कि राहुल बाबा का भी जिंदाबाद करना पड़ेगा? बाकी गली-नाली, बाढ़, सुखाड़, आवास, पीने का पानी, गरीबी, कुपोषण, शिक्षा, अस्पताल, अच्छी सड़क, पेट्रोल-डीजल, सरसों तेल, दूध, रसोई गैस, इसके लिए तो मुर्दाबाद होगा ही।’

 

वहीं नीरज बरोलिया नाम के एक यूजर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए श्रीनिवास को जवाब दिया, ‘वही लोकतंत्र अपनी पार्टी का उदाहरण देकर भी समझाओ न एक बार, कि कैसे चाय वाला या सब्जी वाला भी कांग्रेस का अध्यक्ष बन जाता है।’ के आरिफ नाम के एक यूजर लिखते हैं, ‘लोकतंत्र की बात तो अब पुरानी हो गई। अपने पापों से देश को गुमराह करने के लिए असम, मिजोरम को लड़ा कर देश की अखंडता को भी तहस-नहस करना शुरू कर दिया है।’

डीके प्रजापति नाम के यूजर ने बीजेपी नेता के नेहरू पर दिए गए बयान को लेकर लिखा, ‘मध्य प्रदेश में आजकल होती बयानबाजी को देखकर लगता है सरकार को नशामुक्ति अभियान युद्धस्तर पर चलाना चाहिए।’