वीरेंद्र सहवाग ने संन्यास लेने से पहले क्रिकेट के मैदान पर गेंदबाजों की जमकर बखिया उधेड़ी। अब संन्यास लेने के बाद वह सोशल मीडिया पर अपने जुमलों से लोगों को चौंकाते हैं। हाल ही में उनका ऐसा ही कमेंट सोशल मीडिया पर वायरल है।

लोग उनके कमेंट को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर कटाक्ष करने के रूप में देख रहे हैं। कुछ लोग कांग्रेस और भाजपा के शासनकाल की तुलना भी करने लगे हैं। वीरेंद्र सहवाग ने 30 जुलाई 2021 की रात इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की। इसमें वह राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली, सचिन तेंदुलकर और युवराज सिंह के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।

देखने में यह तस्वीर तो बहुत साधारण लग रही है, क्योंकि द्रविड़, सहवाग, गांगुली, तेंदुलकर और युवराज सिंह की साथ-साथ कई मर्तबा तस्वीरें लोगों के सामने आ चुकी हैं। दरअसल, इस तस्वीर को दिए कैप्शन में इसे चर्चा में ला दिया है। सहवाग ने कैप्शन में लिखा, अच्छे दिन थे! इसके बाद उन्होंने तस्वीर को सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, युवराज सिंह और राहुल द्रविड़ को टैग किया।

सहवाग की यह पोस्ट थोड़ी ही देर में वायरल हो गई। उनकी इस तस्वीर को अब तक 3 लाख 30 हजरा से ज्यादा लाइक्स मिल चुके थे। वहीं, इस पर 1700 से ज्यादा कमेंट्स आ चुके थे। कमेंट्स करने वालों में अपने समय के स्टार स्पिनर रहे प्रज्ञान ओझा भी शामिल हैं। प्रज्ञान ने लिखा, ‘हमारे लिए… हमेशा रहेगा… वह स्वर्णिम काल था!’ हालांकि, उनके अलावा बहुत से लोगों ने इस कमेंट को मोदी सरकार और कांग्रेस से जोड़ा।

subbu6433 ने लिखा, ‘तब मोदी सरकार नहीं थी, इसलिए अच्छे दिन थे।’ egoistic_narcissist ने लिखा, ‘इस कैप्शन (चित्र परिचय) में कटाक्ष अपने चरम पर है।’ fitness_singh_official ने लिखा, ‘फिलहाल तो देश के अच्छे दिन नहीं चल रहे!’ shivendram60 ने लिखा, ‘वह भी बिना मोदी जी के आए। अच्छे दिन।’ im_jinks27 ने लिखा, ‘अच्छे दिन वह भी कांग्रेस सरकार में?’ namratha_shastry ने लिखा,  ‘बहुत अच्छे दिन थे!!!’

sinhmarfca ने लिखा, ‘…और फिर मोदी जी आ गए।’ इन यूजर ने रिप्लाई के बाद हंसने वाली इमोजी भी पोस्ट की। _krishnamandal ने लिखा, ‘अच्छे दिन अब नहीं हैं।’ yasinpatel1091 ने लिखा, ‘मोदी के राज में बुरे दिन हैं पाजी??’ कुछ लोगों ने इसे क्रिकेट के स्वर्णिम काल से भी जोड़ा। biswajit_2609 ने लिखा, ‘अच्छे नहीं सर… बहुत अच्छे दिन थे, मेरी बचपन वाली ड्रीम टीम के आप लोग हीरो थे।’