सुपरस्टार राजेश खन्ना ने 70 के दशक में एक से बढ़कर एक धमाकेदार फिल्मों में काम किया। इस दौरान राजेश खन्ना और मुमताज की जोड़ी को आइकॉनिक जोड़ी कहा जाने लगा था। दोनों ने मिलकर कई फिल्मों में साथ स्क्रीन शेयर की। प्रेम बंधन, अपना देश, सच्चा झूठा, दो रास्ते, आपकी कसम और रोटी जैसी फिल्म में मुमताज और राजेश खन्ना ने जबरदस्त काम किया।

ऐसे ही एक फिल्म की शूटिंग के दौरान राजेश खन्ना को काफी स्ट्रगल करना पड़ा। इस फिल्म की शूटिंग बर्फ में होनी थी। चारों तरफ बर्फ से ढकी पहाड़ियां थीं जिसके बीचों-बीच राजेश खन्ना और मुमताज को शूटिंग करनी थी। फिल्म का नाम था- रोटी। इस फिल्म का क्लाइमेक्स सीन शूट होना था। फाइनल शॉट में राजेश खन्ना को मुमताज को अपने कंधे में उठा कर ले जाना था। ऐसे में राजेश खन्ना और मुमताज को इस सीन को परफेक्ट दिखाने के लिए काफी प्रैक्टिस करनी पड़ी।

राजेश खन्ना ने उस वक्त इस सीन को शूट करने से पहले तय किया कि वह रोज इसकी प्रैक्टिस करेंगे। ऐसे में 8 दिनों तक राजेश खन्ना ने मुमताज को घुटने तक की बर्फ में चलते हुए अपने कंधे पर बैठाया। मुमताज ने एक इंटरव्यू में खुद बताया था कि उस वक्त ऐसा करने की वजह से उनके शरीर पर लाल निशान पड़ गए थे।

मुमताज ने कहा था- ‘हम मनमोहन देसाई की रोटी शूट कर रहे थे। उस फिल्म का क्लाइमेक्स जो कि बर्फ में शूट होना था। उन्हें (राजेश खन्ना) मुझे अपने कंधे पर उठा कर चलना था। ऐसे में हम हर सुबह उस सीन को प्रैक्टिस किया करते थे। हमने ये प्रैक्टिस लगातार 8 दिनों तक की। बाद में पता चला कि उनके कंधे पर लाल निशान बन गए हैं।’

बता दें, राजेश खन्ना बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार थे। उनका रिकॉर्ड आज तक कोई नहीं तोड़ सका है। राजेश खन्ना ने एक साथ 15 हिट फिल्में दी थीं इसके बाद उनके नाम के साथ हमेशा हमेशा के लिए सुपरस्टार जुड़ गया था।