अवसान:दिग्गज एक्टर चंद्रशेखर का 97 साल की उम्र में निधन, घर पर नींद में ली आखिरी सांस; उन्हें नहीं थी कोई भी बीमारी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

बीते जमाने के दिग्गज बॉलीवुड एक्टर चंद्रशेखर का आज (बुधवार को) निधन हो गया है। वे 97 साल के थे। उन्हें टेलीविजन सीरीज 'रामायण' में आर्य सुमंत की भूमिका निभाने के लिए भी जाना जाता था। CINTAA के अनिल गायकवाड़ ने चंद्रशेखर के निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आज सुबह 7 बजे उनका निधन हो गया है। उनका अंतिम संस्कार आज ही किया जाएगा।

पापा का नींद में हुआ निधन
चंद्रशेखर के बेटे अशोक ने बताया, "पापा का नींद में निधन हो गया। उन्हें अपने स्वास्थ्य के साथ कोई समस्या नहीं थी। वे पिछले गुरुवार को एक दिन के लिए अस्पताल में थे। हम उन्हें घर वापस लाए और ऑक्सीजन सहित सभी सुविधाएं भी लेकर आए थे, ताकी जरुरत पड़ने पर कोई परेशानी ना हो। वे कल रात भी ठीक थे। उनका अंत शांतिपूर्ण रहा। हम आज शाम 4 बजे विले पार्ले के पवन हंस में उनका अंतिम संस्कार करने की योजना बना रहे हैं।" चंद्रशेखर टीवी एक्टर शक्ति अरोड़ा के दादा थे। 2019 में शक्ति ने उनके साथ एक फोटो शेयर की थी। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा था, "मेरे दादाजी की सबसे अच्छी मुस्कान।"

11 साल CINTAA के अध्यक्ष रहे थे चंद्रशेखर
CINTAA के संयुक्त सचिव अमित बहल ने कहा, "यह एक बड़ा नुकसान है। चंद्रशेखर सर, आशा पारेख, मिथुन दा, अमरीश पुरी, अमजद खान और राम मोहन ने ही हमारे ऑफिस की नई बिल्डिंग के लिए सरकार से जगह ली थी, जो अब बनने वाली है। हम उद्घाटन में उनकी उपस्थिति के लिए बहुत उत्सुक थे, लेकिन भाग्य की अन्य योजनाएं थीं।" चंद्रशेखर ने 1985 से 1996 तक सिने आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) के अध्यक्ष के रूप में भी काम किया था।

चंद्रशेखर ने लगभग 250 फिल्मों में किया था काम
सीनियर एक्टर चंद्रशेखर ने अपने करियर में लगभग 250 फिल्मों में काम किया था। हीरो के रूप में उनकी पहली फिल्म 'सूरंग' थी, जो 1953 में रिलीज हुई थी। उन्होंने 'गेटवे ऑफ इंडिया', 'फैशन' (1957), 'बरसात की रात' (1960) और अन्य कई फिल्मों में सहायक एक्टर के तौर पर काम किया था और वे काफी लोकप्रिय भी हो गए थे। उन्होंने अपनी हिट म्यूजिकल फिल्म 'चा चा चा' (1964) में लीड रोल प्ले किया था। इस फिल्म को उन्होंने खुद डायरेक्ट और प्रोड्यूस भी किया था। उनकी इस फिल्म में हेलेन ने भी मुख्य भूमिका निभाई थी। हेलेन की यह डेब्यू फिल्म भी थी।

    Top Cities