दक्षिण फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री और आजकल ‘नेशनल क्रश’ कही जाने वाली रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) आईपीएल की टीम रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर की फैन है। हालांकि, उन्होंने एक खुलासा करते हुए आरसीबी (RCB) के फैंस का दिल तोड़ दिया कि टीम के कप्तान विराट कोहली की वो बड़ी फैन नहीं है। रश्मिका ने बताया उन्हें भारतीय क्रिकेट टीम के महानतम कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पसंद हैं।

2016 में फिल्मी करियर शुरू करने वाली रश्मिका के फैन सिर्फ दक्षिण भारत में ही नहीं बल्कि पूरे देश में हैं। उन्हें इस कारण नेशनल क्रश (national crush) कहा जाता है। रश्मिका ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर लाइव आकर फैंस से बात की थी। इसमें उन्होंने क्रिकेट के प्रति अपने प्यार को भी बताया था। एक फैन ने उनसे फेवरेट आईपीएल टीम के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा- ई साला कप नमदे। इसका मतलब है इस साल कप हमारा होगा। यह लाइन फैंस आरसीबी के लिए इस्तेमाल करते हैं। वे समझ गए रश्मिका आरसीबी की फैन है।

लाइव सेशन के दौरान रश्मिका से दूसरे फैन ने उनके फेवरेट क्रिकेटर के बारे में पूछा। इस पर उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी का नाम लिया। रश्मिका ने कहा, ‘‘धोनी की बल्लेबाजी, कप्तानी और विकेट कीपिंग शानदार है। वे मास्टर क्लास खिलाड़ी हैं। धोनी मेरे हीरो हैं।’’ धोनी सबसे ज्यादा तीन आईपीएल जीतने वाले दूसरे कप्तान हैं। रोहित शर्मा ने 5 बार जीते हैं। धोनी ने अपनी कप्तानी में भारत को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप, वनडे वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जिताया था। उनके रहते टीम इंडिया पहली बार टेस्ट में नंबर-1 बनी थी।

रश्मिका अब तक 12 फिल्मों में काम कर चुकी हैं। इनमें 5 कन्नड़, 6 तेलुगू और एक तमिल फिल्म है। पिछले साल आई उनकी फिल्म ‘गीता’ कन्नड़ और तेलुगू दोनों भाषाओं में आई थी। मशहूर एक्टर विजय देवरकोंडा के साथ 2019 में आई  ‘डियर कॉमरेड’ फिल्म को पूरे भारत में पसंद किया गया था। रश्मिका अब तक 10 अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट हो चुकी हैं। इनमें 6 बार उन्हें विजेता घोषित किया गया है।

रश्मिका आरसीबी को काफी पसंद करती है। उनकी टीम के प्रदर्शन की बात करें तो कोरोनावायरस के कारण आईपीएल 2021 के टलने तक कोहली की टीम ने 7 में से 5 मैच जीत लिए थे। उसे दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर थी। आरसीबी को इस सीजन में चेन्नई सुपरकिंग्स और पंजाब किंग्स ने ही हराया था। कोहली की टीम ने मुंबई इंडियंस, सनराइजर्स हैदराबाद, कोलकाता नाइटराइडर्स, राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स को हराया था।