• Hindi News
  • National
  • Lockdown: Coronavirus Outbreak India Cases, Vaccination LIVE Update | Maharashtra Pune Madhya Pradesh Bhopal Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today, Mumbai Delhi Coronavirus News

कोरोना देश में:24 घंटे में 3.26 लाख नए केस आए, इनमें एक लाख से ज्यादा कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में

नई दिल्ली3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

देश में कोरोना के मरीज लगातार घट रहे हैं। हालांकि अब संक्रमण का ज्यादा फैलाव साउथ के राज्यों में दिखाई दे रहा है। देश के उत्तरी और मध्य इलाके में केस कम हो रहे हैं। शुक्रवार को देशभर में 3.26 लाख नए केस आए। इनमें सबसे ज्यादा कर्नाटक में 41,779, महाराष्ट्र में 39,923, केरल में 34,694 और तमिलनाडु में 31,892 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। पांचवें नंबर पर बंगाल रहा, जहां एक दिन में अब तक के रिकॉर्ड 20,846 केस मिले।

मध्यप्रदेश में 10वीं बोर्ड की परीक्षा रद्द
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मध्यप्रदेश में 10वीं बोर्ड की परीक्षा रद्द कर दी गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को बताया कि 10वीं की बोर्ड परीक्षा नहीं होगी। मूल्यांकन के आधार पर मार्कशीट जारी की जाएगी। अगर स्टूडेंट ज्यादा मार्क्स चाहते हैं, वे आने वाले समय में परीक्षा के लिए बैठ सकते हैं। 12वीं की परीक्षा भी अभी स्थगित कर दी गई है। हालात सुधरने पर इसके पेपर लिए जाएंगे।

केरल में लॉकडाउन 23 मई तक बढ़ा
केरल में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने 23 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने शुक्रवार को बताया कि तिरुअनंतपुरम, एर्नाकुलम, त्रिशूर और मलप्पुरम में ट्रिपल लॉकडाउन लगाया जाएगा। यहां पॉजिटिविटी रेट काफी ज्यादा है। विजयन ने बताया कि राज्य में बीते 24 घंटों में 34,694 नए मामले सामने आए हैं। 93 मौतें भी हुईं। राज्य में पॉजिटिविटी रेट काफी ज्यादा बनी हुई है। इसलिए सरकार ने टोटल लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला लिया है।

दिल्ली में 10 अप्रैल के बाद सबसे कम केस
दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना के 8,506 नए केस मिले। ये 10 अप्रैल के बाद एक दिन में मिले मरीजों की सबसे कम संख्या है। यहां पॉजिटिविटी रेट भी गिरकर 12.40% पर आ गया है। इस दौरान 289 मौतें भी हुई हैं। गुरुवार को यहां 10489 केस मिले थे। 17 अप्रैल से 2 मई तक यहां लगातार 20 से 25 हजार केस मिल रहे थे। इसके बाद से नए मामलों में गिरावट आ रही है।

24 घंटे में देश में करीब 3.26 लाख मरीज मिले
बीते 24 घंटे में देश में 3 लाख 26 हजार 014 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई, जबकि 3 लाख 52 हजार 850 ठीक हो गए और 3,876 मरीजों की मौत हो गई। इस महीने ऐसा चौथी बार हुआ जब नए मरीजों से ज्यादा ठीक हुए हैं। कोरोना की दूसरी लहर में सबसे ज्यादा एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 9 मई को 37.41 लाख थी, जो अब घटकर 36 लाख हो गई है। देश में ठीक हो चुके कोरोना मरीजों की संख्या 2.04 करोड़ से ज्यादा हो गई है।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 3.26 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,876
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3,52,850
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.43 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 2.04 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 2.66 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 36 लाख

18 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 18 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

14 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

कोरोना अपडेट्स

  • देश में गुरुवार को 18 लाख 75 हजार 515 कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट आई। अब तक 31.13 करोड़ सैम्पल्स की जांच की जा चुकी है। सबसे ज्यादा 4.40 करोड़ टेस्टिंग उत्तर प्रदेश में की गई हैं। 3 करोड़ जांचों के साथ महाराष्ट्र दूसरे नंबर पर है।
  • ओडिशा के भुवनेश्वर की जेल में 120 कैदियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से 2 की मौत भी हो गई है। DIG शुभाकांत मिश्रा ने बताया कि कोरोना के गंभीर मरीजों को अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। साथ ही 449 कैदियों को 90 दिन की पैरोल पर छोड़ दिया है। पटनागढ़ और बहरामपुर जेल को कोविड केयर सेंटर के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।
  • कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किसानों से अपना आंदोलन रद्द करने की अपील की है। हरियाणा बॉर्डर पर किसान काफी दिनों से कृषि कानूनों के खिलाफ धरने पर बैठे हैं।
  • उत्तराखंड में लॉकडाउन जैसी सख्ती के बीच सरकार ने 18 मई तक 3 घंटे दुकान खोलने की इजाजत दे दी है। सरकार के नए आदेश के मुताबिक अब राज्य में दुकानदार सुबह 7 से लेकर 10 बजे तक दुकानें खोल सकेंगे। सरकार ने यह फैसला जनता की परेशानी कम करने के उद्देश्य से लिया है।

प्रमुख राज्यों के हाल
1. महाराष्ट्र
यहां शुक्रवार को 39,923 लोग संक्रमित पाए गए। 53,249 लोग ठीक हुए और 695 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 53.09 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 47.07 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 79,552 लोगों की मौत हो गई। 5.19 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश
यहां शुक्रवार को 15,747 लोग संक्रमित पाए गए। 26,179 लोग ठीक हुए और 312 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 15.96 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 13.85 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 16,957 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 1.93 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली
दिल्ली में शुक्रवार को 8,506 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 14,140 लोग ठीक हुए और 289 की मौत हो गई। अब तक 13.80 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 12.88 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 20,907 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 71,794 का इलाज चल रहा है।

4. छत्तीसगढ़
यहां शुक्रवार को 7,594 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 10,444 लोग ठीक हुए और 172 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 8.99 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.72 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 11,461 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1.15 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

5. गुजरात
राज्य में शुक्रवार को 9,995 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 15,365 लोग ठीक हुए और 104 की मौत हो गई। अब तक 7.35 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6.09 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,944 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 1.17 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।

6. मध्यप्रदेश
राज्य में शुक्रवार को 8,087 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 11,671 लोग ठीक हुए और 88 की मौत हो गई। अब तक 7.16 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6.05 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 6,841 लोगों की मौत हो चुकी है। 1.04 लाख मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

खबरें और भी हैं...

Top Cities