• Hindi News
  • National
  • Prime Minister Narendra Modi । Speaks To CMs Of 15 State । On COVID Situation

मोदी की 4 राज्यों के CM से चर्चा:मोदी ने पंजाब, कर्नाटक, बिहार और उत्तराखंड में जाना कोरोना का हाल, 4 दिन में 15 मुख्यमंत्रियों से बात की

नई दिल्ली3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जम्मू के एक अस्पताल में अस्पताल के बाहर ऑक्सीजन सपोर्ट पर बैठा एक कोरोना मरीज। - Dainik Bhaskar
जम्मू के एक अस्पताल में अस्पताल के बाहर ऑक्सीजन सपोर्ट पर बैठा एक कोरोना मरीज।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पंजाब, कर्नाटक, बिहार और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों से बात की और उनके राज्य में कोरोना के हालात जाने। मुख्यमंत्रियों ने कोरोना से निपटने को लेकर उठाए गए कदमों की भी जानकारी दी। मोदी 4 दिन में 15 राज्यों के मुख्यमंत्री और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल से फोन पर बात कर चुके हैं।

उन्होंने सबसे पहले 6 मई को को आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों से बात की थी। इस दिन ही मोदी ने जम्मू कश्मीर और पुडुचेरी के उपराज्यपाल को भी फोन किया था। 7 मई को मणिपुर, सिक्किम और त्रिपुरा के CM से कोरोना की स्थिति जानी। मोदी ने 8 मई को महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियों से राज्यों के हालात जाने थे।

मोदी ने उद्धव ठाकरे की तारीफ की थी
मोदी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बात करने के बाद उनकी तारीफ की थी। पीएम ने CM ठाकरे से कहा था कि महाराष्ट्र दूसरी लहर के खिलाफ अच्छी लड़ाई लड़ रहा है। महाराष्ट्र को केंद्र सरकार शुरू से ही मार्गदर्शन दे रही है, राज्य सरकार भी केंद्र के मार्गदर्शन के अनुरूप अच्छा काम कर रही है। उद्धव ने भी पीएम को धन्यवाद कहा था।

सोरेन के ट्वीट पर हुआ था विवाद
प्रधानमंत्री मोदी से बात करने के बाद झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने एक ट्वीट किया था। ट्वीट में सोरेन ने कहा था कि प्रधानमंत्री ने सिर्फ अपने मन की बात की। बेहतर होता यदि वे काम की बात करते और काम की बात सुनते। उनके ट्वीट के 24 घंटे बाद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने सोरेन को नसीहत दी थी। रेड्डी ने कहा था कि कोरोना के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। इससे देश कमजोर होगा। ये दूसरों पर उंगली उठाने का नहीं, बल्कि एकजुट होकर कोरोना से लड़ने का समय है। इस लड़ाई में हमें अपने प्रधानमंत्री के हाथ मजबूत करने चाहिए।

देश में 24 घंटे में 4 लाख से ज्यादा लोग कोरोना पॉजिटिव
देश में पिछले 24 घंटे में 4 लाख 3 हजार 626 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। यह लगातार चौथा दिन था, जब 24 घंटे में 4 लाख से ज्यादा केस आए हैं। नए संक्रमितों के साथ मौतों का बढ़ता आंकड़ा भी चिंता का सबब बन रहा है। शनिवार को देश में 4,091 लोगों की कोरोना की वजह से जान गई। हालांकि राहत की बात रही कि पिछले 24 घंटे में 3 लाख 86 हजार 207 लोगों ने कोरोना को मात दी। यह एक दिन में ठीक होने वालों का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 4.03 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 4,091
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.86 लाख
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.22 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 1.83 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 2.42 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 37.32 लाख

Top Cities