Reliance Foundation की बड़ी पहल, कोविड मरीजों के लिए की 875 बेड के संचालन की घोषणा
Reliance Foundation ने देश की औद्योगिक राजधानी मुंबई में कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मुहैया कराने की अपनी मुहिम तेज कर दी है। फाउंडेशन मुंबई में 875 कोविड बेड्स का संचालन अपने हाथों में ले लिया है।
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। Reliance Foundation ने भारत की औद्योगिक राजधानी मुंबई में कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए कोविड मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मुहैया कराने की अपनी मुहिम तेज कर दी है। फाउंडेशन ने मुंबई में 875 कोविड बेड्स का संचालन अपने हाथों में ले लिया है। मुंबई में वर्ली स्थित नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इडिया में कोविड मरीजों के लिए बनाई गई 550 बिस्तरों वाली कोविड यूनिट को सर एच एन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल 1 मई से संभाल लेगा। यहां 100 बिस्तरों वाला आईसीयू भी तैयार किया जा रहा है।
फाउंडेशन की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि 15 मई से यहां गंभीर मरीजों को दाखिला मिलने लगेगा। इसके अलावा एसिंप्टोमैटिक (जिन्हें कोई लक्षण नहीं हैं) कोविड मरीजों के लिए 100 बेड मुंबई के बीकेसी स्थित ट्रायडेंट होटल में तैयार किए जा रहे हैं।
देश का पहला कोविड अस्पताल भी रिलायंस फाउंडेशन के डॉक्टर्स ने मुंबई के सेवन हिल्स अस्पताल में तैयार किया था। यहां 100 बेड का पर मरीजों की देखरेख फाउंडेशन कर रहा था। इसकी क्षमता में भी इजाफा किया जा रहा है। 45 आईसीयू बेड समेत अब यहां कुल 125 मरीजों का इलाज रिलायंस फाउंडेशन के जिम्मे होगा।
इस रिलीज के मुताबिक नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इडिया और सेवन हिल्स अस्पताल में कोरोना के सभी मरीजों का मुफ्त इलाज किया जा रहा है। नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इडिया में मौजूद फैसिलिटी में इलाज में काम आने वाली सभी चीजों, जैसे कि आई सी यू बेड, मॉनीटर, वेंटिलेटर सहित अन्य चिकित्सा संबंधित मशीनों और 650 बेड का पूरा खर्च रिलायंस फाउंडेशन उठाएगी। डॉक्टरों और नर्सों सहित फ्रंटलाइन स्टाफ के 500 से ज्यादा सदस्य चौबीसों घंटे मरीजों की सहायता के लिए तैनात रहेंगे।
रिलायंस फाउंडेशन ने कोविड मरीजों के इलाज के लिए जो नए कदम उठाए हैं इनके बारे में संस्था की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने कहा, “रिलायंस फाउंडेशन हमेशा देश की सेवा में सबसे आगे रहा है और यह हमारा कर्तव्य है कि महामारी के खिलाफ इस लड़ाई में हम भारत का साथ दें। मरीजों को बेहतरीन चिकित्सा सेवा प्रदान करके, हमारे डॉक्टरों और फ्रंटलाइन स्टाफ ने अपने अथक प्रयासों से अनेकों मरीजों की जान बचाने में मदद की है। सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल मुंबई शहर में कोविड मरीजों के लिए कुल 875 बिस्तरों का प्रबंधन करेगा।”