सपा का UP में सत्ता वापसी का दावा:झांसी में अखिलेश यादव बोले- चुनाव में 350 सीट जीतेंगे, EVM व्यवस्था को खत्म करने का चलाएंगे अभियान

झांसी3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
झांसी में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव। - Dainik Bhaskar
झांसी में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।
  • गुरुवार को अखिलेश यादव ने झांसी में प्रेस कांफ्रेंस कर योगी सरकार पर साधा निशाना
  • बोले- मुख्यमंत्री की भाषा अलोकतांत्रिक, यह सत्ता से बेदखली का संकेत

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को झांसी में थे। यहां उन्होंने दावा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में 350 सीट हासिल करेगी। सत्ता में आने के बाद EVM की व्यवस्था को खत्म करने का अभियान चलाएंगे। अखिलेश ने पुष्पेंद्र यादव एनकाउंटर केस का जिक्र भी किया। कहा कि सरकार आज तक एनकाउंटर की थ्योरी को साफ नहीं कर पाई है। ये कोई एक घटना नहीं थी। इसके अलावा भी कई घटना हुई हैं। रामराज्य का सपना दिखाने वालों की पुलिस भ्रष्टाचार में फंसी हुई है।

दरअसल, अक्टूबर 2019 में झांसी की पुलिस ने कथित रेत माफिया पुष्पेंद्र यादव का एनकाउंटर कर दिया था। पुलिस का कहना था कि मोंठ थाना प्रभारी ने उसका अवैध बालू से लदा ट्रक पकड़ा था, जिसके बाद उसने उन पर हमला किया था। मुठभेड़ में पुष्पेंद्र मारा गया। वहीं, पुष्पेंद्र के परिजनों ने पुलिस पर घूस न देने पर हत्या करने का आरोप लगाया था। इस मामले में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उप्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे।

लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है सरकार

अखिलेश यादव ने कहा कि हाथरस घटना में सरकार ने परिवार की नहीं सुनी और अपने मन की की। हाल में ही एक बार फिर घटना घट गई। भारतीय जनता पार्टी की भाषा बदल गई है। लोकतंत्र में ठोक दो की और पटक-पटक कर मारा जाएगा ये भाषा नहीं हो सकती है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है।

किसानों को मजदूर बनकर रहना पड़ेगा

अखिलेश यादव ने कृषि कानूनों का जिक्र करते हुए कहा कि जब किसान ही कानूनों को नहीं चाहता है तो उसे लागू क्यों सरकार करना चाहती है। किसानों को अपनी ही जमीन पर मजदूर बनकर रहना पड़ेगा। ये सरकार गैस, पेट्रोल और डीजल से मुनाफा कमाना चाहती है। बुंदेलखंड में डिफेंस कॉरिडोर के नाम पर किसानों की जमीन ले ली गई। लेकिन, आज पूरे चार साल बाद भी काम शुरू नहीं हुआ है। कर्ज की वजह से किसान आत्म हत्या कर रहा है तो किसानों की कर्ज माफी की योजना का क्या हुआ?

बुंदेलखंड में सपा के कामों को गिनाया

अखिलेश ने अपने कार्यकाल में बुंदेलखंड में कराए गए कामों को गिनाते हुए कहा कि झांसी सैनिक स्कूल को जितना समाजवादी पार्टी ने बनवाया उतना ही बना रह गया। सीपरी ओवरब्रिज जो पहले ही बन जाना चाहिए था वो अभी तक नहीं बना। पाता नहीं ये सरकार क्या करना चाह रही है। मॉनिटाइजेशन के नाम पर रेलवे और पेट्रोल पंप बिक रहे हैं। CM अर्थ व्यवस्था पर बात नहीं करना चाहते हैं। वे छात्रों को लैपटॉप नहीं देना चाहते हैं, क्योंकि उन्हें खुद चलाना नहीं आता है।

खबरें और भी हैं...

Top Cities