10:29 PM, 08-Feb-2021
राज्य के आपदा मोचन बल की डीआईजी रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि आपदा के बाद लापता हुए लोग अब वापस आकर अपनी उपस्थिति की सूचना दे रहे हैं। लापता 202 लोगों में से आज पांच लोगों ने स्वयं की उपस्थिति रिपोर्ट दर्ज की । अब कुल लापता लोगों की संख्या हुई 197 हो गई है। इनकी तलाश की जा रही है।
09:19 PM, 08-Feb-2021
सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने तपोवन में देर शाम आईजी, डीआईजी, डीएम, एसपी, आर्मी, आईटीबीपी, बीआरओ के वरिष्ठ अधिकारियों और एनटीपीसी के प्रोजेक्ट अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। साथ ही डीएम को समय-समय पर मीडिया को ब्रीफिंग करने के निर्देश दिए जिससे भ्रामक और गलत खबरें न फैले।
08:23 PM, 08-Feb-2021
उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार के अनुसार, चमोली आपदा में अब तक अलग-अलग स्थानों से 26 लोगों के शव बरामद किए गए हैं।
07:58 PM, 08-Feb-2021
आपदा प्रभावित क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों के लिए शासन ने सोमवार को एसडीआरएफ मद से चमोली जिलाधिकारी को 20 करोड़ रुपये जारी किए। इस धनराशि से जानमाल के नुकसान की भरपाई होगी।
06:55 PM, 08-Feb-2021
उत्तराखंड पुलिस के अनुसार, चमोली आपदा में अब तक अलग-अलग स्थानों से 24 लोगों के शव बरामद किए गए हैं।
06:13 PM, 08-Feb-2021
सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आपदा प्रभावित जोशीमठ का फिर से दौरा किया। देर शाम वे जोशीमठ पहुंचे और अधिकारियों से बात की। अब वे आपदा को लेकर समीक्षा बैठक भी करेंगे।
05:42 PM, 08-Feb-2021
दोबारा शुरू होगा तपोवन परियोजना का काम
चमोली पहुंचे केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने सोमवार को आपदा प्रभावित क्षेत्र तपोवन का दौरा कर स्थानीय लोगों से आपदा के बारे में जारकारी ली। उन्होंने एनटीपीसी के अधिकारियों से परियोजना के बारे में जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि तपोवन और ऋषि गंगा परियोजनाओं को लगभग 15 सौ करोड़ की क्षति हुई है। वर्ष 2023 तक 520 मेगावाट की तपोवन-विष्णुगाड़ जल विद्युत परियोजना का कार्य पूर्ण होना था। लेकिन परियोजना बैराज, टनल में मलबा पसरा है। इसे हटाने में समय लगेगा। इसके बाद परियोजना निर्माण कार्य दोबारा चालू किया जाएगा।
05:12 PM, 08-Feb-2021
पीएम मोदी ने उत्तराखंड के सांसदों से की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह ने आपदा को लेकर उत्तराखंड के सभी सांसदों के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने आपदा के बाद राहत बचाव कार्यों और भविष्य के लिए क्या किया जाए इसे लेकर चर्चा की।
04:34 PM, 08-Feb-2021
चमोली में ग्लेशियर फटने के कारण उत्तराखंड में फंसे झारखंड के लोगों के लिए झारखंड सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। हेल्प लाइन नंबर...
04:15 PM, 08-Feb-2021
केंद्रीय मंत्री आरके सिंह जोशीमठ पहुंचे
हालात का जायजा लेने के लिए केंद्रीय मंत्री आरके सिंह जोशीमठ पहुंचे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी आज फिर आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा करेंगे। वह रविवार को भी यहां पहुंचे थे।