• Hindi News
  • National
  • Mumbai Delhi Coronavirus News | Coronavirus Outbreak India Cases LIVE Updates; Maharashtra Pune Madhya Pradesh Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today Amit Shh Tested Positive

कोरोना देश में:24 घंटे में 56 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले, देश में ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा 13 लाख के पार; अब तक 19.63 लाख केस

नई दिल्ली4 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फोटो बंगाल की राजधानी कोलकाता की है। युवक ने खुद को तेज बारिश और कोरोना से बचाने के लिए मास्क भी पहन रखा है और पॉलिथीन भी थाम रखी है। यहां अब तक 83,800 लोग संक्रमित हो चुके हैं। - Dainik Bhaskar
फोटो बंगाल की राजधानी कोलकाता की है। युवक ने खुद को तेज बारिश और कोरोना से बचाने के लिए मास्क भी पहन रखा है और पॉलिथीन भी थाम रखी है। यहां अब तक 83,800 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
  • बुधवार को 45 हजार से ज्यादा लोगों को अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया, 919 लोगों ने जान गंवाई
  • महाराष्ट्र में 10,309 और आंध्र प्रदेश में 10,128 नए मरीज मिले, सबसे ज्यादा 334 मौतें महाराष्ट्र में हुईं

देश में संक्रमितों का आंकड़ा 19 लाख 63 हजार 239 पहुंच गया है। 24 घंटे में 56 हजार 626 नए केस मिले। अच्छी बात है कि संक्रमण से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी 13 लाख के पार हो गई। अब तक 13 लाख 27 हजार 200 लोग ठीक हो चुके हैं। बुधवार को 45 हजार 540 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। संक्रमण के चलते बीते 24 घंटे में 919 लोगों ने जान गंवा दी।

रिकवरी रेट में 2% का इजाफा

पिछले एक दिन में रिकवरी रेट 2% की बढ़ोतरी के साथ 67% पर पहुंच गया। दूसरी राहत की खबर है कि मृत्यु दर में .1% की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मृत्यु दर 2.10% बताई थी जो कि अब 2.09% हो चुकी है।

उधर, महाराष्ट्र में संक्रमण की रफ्तार लगातार तेज हो रही है। अब तक राज्य में 4.57 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 10 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। बड़ी संख्या में डॉक्टर्स भी संक्रमित हो चुके हैं।

UPDATES :

  • महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री का निधन : बुधवार को महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता शिवाजीराव पाटिल निलांगेकर का संक्रमण के चलते निधन हो गया। पाटिल 89 वर्ष के थे। हाल ही में वे संक्रमित हो गए थे। इलाज के बाद वह ठीक हो गए थे। अस्पताल से उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था। पाटिल जून 1985 से मार्च 1986 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे।
  • बंगाल में संक्रमण के 2816 नए मामले, 61 की मौत : पश्चिम बंगाल में बुधवार को कोरोना के 2816 नए मामले सामने आए। इसी के साथ यहां संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 83,600 हो गया है। पिछले 24 घंटे में यहां 61 लोगों की मौत हो गई। राज्य में अब तक कोरोना के कारण 1,846 लोगों की मौत हो गई।
  • गोवा में 348 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई : गोवा में बुधवार को कोरोना के 348 नए मामले सामने आए। इसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 7423 हो गई है। इनमें 2072 लोगों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 5287 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में अब तक 64 लोगों की मौत हो चुकी है।
  • राजस्थान में कोरोना के 1166 नए मामले, 13 की मौत : राजस्थान में पिछले 23 घंटे में कोरोना के 1166 नए मामले सामने आए और 13 लोगों की मौत हो गई। 1017 लोग ठीक भी हुए। राज्य में अब संक्रमितों की संख्या 47,845 हो गई है। इनमें 33,849 लोग ठीक हो चुके हैं। 13251 लोगों का अभी इलाज चल रहा है। अब तक 745 लोगों की मौत हो चुकी है।
  • मध्यप्रदेश में 652 नए मामले, 17 लोगों की मौत : मध्यप्रदेश में बुधवार को संक्रमण के 652 नए मामले सामने आए और 17 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों की संख्या अब 35,734 हो गई है। अब तक 929 लोगों की मौत हो चुकी है।
  • तृणमूल कांग्रेस के पार्षद की कोरोना से मौत : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बिधान नगर नगर निगम के तृणमूल कांग्रेस पार्षद सुभाष बोस की बुधवार को संक्रमण के चलते मौत हो गई।
  • बिहार में कोरोना के 2701 नए मामले, 20 की मौत : बिहार में बुधवार को कोरोना के 2701 नए मामले सामने आए और 20 मरीजों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या अब 369 हो गई। राज्य में अब तक 64732 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है।
  • गुजरात में कोरोना के मामले 66 हजार के पार : गुजरात में बुधवार को 1073 नए मरीजों की पुष्टि हुई। इसके बाद कुल मामले 66 हजार के पार चले गए। संक्रमण के चलते 23 लोगों ने दम तोड़ दिया है। अब मृतकों की संख्या 2,557 हो गई है।
  • आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 10128 नए मामले : आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 10,128 नए मामले सामने आए। यहां कुल मामलों की संख्या 1,86,461 हो गई है, जिसमें 1,04,354 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 1,681 लोगों की मौत हो चुकी हे। 80,426 लोगों का अभी इलाज चल रहा है।
  • आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को बुधवार को रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) के पेइंग वार्ड से हटाकर रिम्स के निदेशक बंगले में शिफ्ट कर दिया गया है। पिछले दिनों जेल में लालू प्रसाद के सेवादार को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। इसके अलावा लालू को इलाज के लिए जिस पेइंग वार्ड में रखा गया था, वहां नीचे के फ्लोर पर कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए कोविड वार्ड बनाया गया था।

5 राज्यों का हाल

मध्यप्रदेश: राज्य में बुधवार को कोरोना के 652 नए मामले सामने आए और 17 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों की कुल संख्या 35,734 हो गई है। इनमें 26,064 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 929 मरीजों की मौत हो गई।

उधर, राजधानी में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए गांधी मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग में 120 बेड रिजर्व किए गए हैं। ये जानकारी प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बुधवार को दी। उन्होंने कहा कि कोरोना की किसी भी इमरजेंसी से निपटने के लिए नई बिल्डिंग में 120 बेड रिज़र्व किए गए हैं। बता दें कि भोपाल में कोविड के 7 अस्पतालों में 2128 बेड हैं, जिसमें 1486 पर मरीज भर्ती हैं। इसमें 222 मरीज वेंटिलेटर पर हैं।

विश्वास सारंग ने कहा कि हमीदिया अस्पताल में 100 बिस्तर की कोविड यूनिट से शुरू होकर आज 275 बेड उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी इमरजेंसी से निपटने के लिए नई बिल्डिंग में 120 बिस्तर रिजर्व किए गए हैं और हम जल्दी ही बेड की संख्या बढ़ाकर 540 करेंगे। मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन पॉइंट लगाने का काम भी 90% पूरा हो चुका है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोरोना की रिकवरी रेट बढ़कर 72.9 प्रतिशत हो गई है। सभी तरह के जटिल ऑपरेशन एवं डायलिसिस की सुविधा भी इन केन्द्रों में उपलब्ध है।

राजस्थान:

राज्य में बुधवार को कोरोना के 1166 केस सामने आए। इनमें जोधपुर में 192, जयपुर में 141, अलवर में 112, कोटा में 105, अजमेर में 64, झालावाड़ में 65, पाली में 55, धौलपुर में 54, बीकानेर में 54, जालौर में 49, उदयपुर में 39, नागौर में 37, बाड़मेर में 36, राजसमंद में 32, सवाई माधोपुर में 26, सीकर में 21, डूंगरपुर में 19 केस सामने आए। जिसके बाद कुल संक्रमितों का आंकड़ा 47703 पहुंच गया। वहीं, 13 लोगों की मौत भी हो गई।

उधर, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को अपने निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न कर्मचारी संगठनों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशभर से जुडे़ करीब 151 कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की चुनौती से निपटने में सरकारी और गैर-सरकारी कार्मिकों का तन-मन-धन से सहयोग सरकार को मिला। उसी का परिणाम है कि राजस्थान कोरोना की जंग में देश में सबसे आगे खड़ा है। उन्होंने कहा कि कोरोना से लड़ाई अभी लंबी चलेगी। आर्थिक गतिविधियों को पटरी पर लाना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट के इस समय में ‘राजस्थान सतर्क है। ‘कोई भूखा न सोए’ हमारा मूलमंत्र रहा है। करीब 6 माह से हमने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, उद्यमियों, धर्मगुरुओं सहित समाज के सभी वर्गों से लगातार संवाद कर जो फैसले लिए उससे कोरोना से लड़ने में बड़ी सहायता मिली है। राजधानी से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक इस लड़ाई में लोगों को जोड़ा है। पूरे देश ने कोरोना के खिलाफ हमारे प्रबंधन को सराहा है।

भरतपुर में जिला कलेक्टर नथमल डिडेल ने जिले में कोविड-19 संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए अग्रिम आदेश तक शनिवार एवं रविवार को पूर्ण लॉकडाउन के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सप्ताह के शेष दिनों में वाणिज्यिक गतिविधियों को जारी रखते हुए बाजार खुलने का समय प्रातः 10:00 से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।

बिहार:

बिहार में पिछले 24 घंटे में 51924 सैंपल की जांच की गई। ऐसा पहली बार हुआ है जब एक दिन में 50 हजार से अधिक संदिग्धों के सैंपल की जांच गई गई हो। जांच में कोरोना के 2701 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 64732 हो गई है।

पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1610 मरीज ठीक हुए हैं। इसके साथ ही स्वस्थ्य होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 42370 हो गई है। कोरोना मरीजों का रिकवरी प्रतिशत 65.45 है। एक्टिव मरीजों की संख्या 21992 है। पटना में सबसे अधिक नए रोगी मिले हैं। यहां के 478 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

महाराष्ट्र: राज्य में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 10,309 नए मामले सामने आए। इसी के साथ मरीजों की संख्या बढ़कर 4,68,265 हो गई। संक्रमण से 334 लोगों की मौत हो गई। राज्य में अब तक 16,476 लोग जान गंवा चुके हैं। बुधवार को 6,165 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। राज्य में अब तक 3,05,521 लोग ठीक हो चुके हैं। 1,45,961 लोगों का अभी इलाज चल रहा है।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री शिवाजीराव पाटिल निलंगेकर का बुधवार को पुणे में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। परिवार के सूत्रों ने बताया कि निलंगेकर का यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह हाल में कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए थे। बाद में स्वस्थ हो गए थे और जांच में संक्रमित न पाए जाने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता निलंगेकर मराठावाड़ा क्षेत्र के लातूर से राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वे जून 1985 से मार्च 1986 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। निलंगेकर ने अपनी बेटी और उसकी दोस्त की ‘मदद’के लिए 1985 में एमडी परीक्षा के नतीजों में कथित छेड़छाड़ के आरोप लगने के कारण मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

निलंगेकर को सांस लेने में तकलीफ के बाद जुलाई में उनका कोरोना टेस्ट कराया गया था। इसमें वह पॉजिटिव पाए गए थे। उन्हें पुणे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया था।

उत्तरप्रदेश:

राज्य में बुधवार को रिकॉर्ड 4154 नए मामले सामने आए, जबकि 40 मरीजों की मौत हुई है। इस तरह अब तक इस महामारी के कारण राज्य में जान गंवाने वालों की संख्या 1857 तक पहुंच गई है। संक्रमितों की संख्या 1 लाख 04 हजार 388 हो गई है। इनमें 41 हजार 973 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है जबकि 60 हजार 558 लोग ठीक हो चुके हैं।

राज्य के कानून मंत्री बृजेश पाठक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कुछ दिन पहले ही बृजेश की पत्नी नम्रता पाठक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद पूरा परिवार होम क्वारैंटाइन हो गया था। इसके पहले योगी सरकार के जल शक्ति मंत्री डॉक्टर महेंद्र सिंह कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। योगी सरकार के अब तक सात मंत्री कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं।

    Top Cities