Virat Kohli and Rohit Records: कोरोनावायरस के कारण क्रिकेट टूर्नामेंट्स नहीं हो पा रहे हैं। इस साल अक्टूबर नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में टी20 वर्ल्ड कप 2020 होना है, लेकिन उसे लेकर भी अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। हां, ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ सीरीज की तारीखों का जरूर ऐलान कर दिया है। भारत की ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत टी20 सीरीज से होगी। इस दौरे में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और सीमित फॉर्मेट में टीम इंडिया के उप कप्तान रोहित शर्मा के निशाने पर कई रिकॉर्ड होंगे।

चूंकि, दौरा टी20 सीरीज से शुरू होगा तो शुरुआत चौके-छक्के के रिकॉर्डों से करते हैं। भारतीय ओपनर रोहित शर्मा टी20 इंटरनेशनल में 4 शतक लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं। इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम दर्ज है। उन्होंने अब तक 127 छक्के लगाए हैं। वह टी20 इंटरनेशनल में 100 से ज्यादा छक्के लगाने वाले इकलौते भारतीय हैं।

हालांकि, अगर पिछले 4 साल (एक जनवरी 2016 से) की बात करें तो रोहित शर्मा सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में संयुक्त रूप से टॉप पर हैं। न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो और उनके दोनों ने पिछले 4 साल में 88 छक्के लगाए हैं। यानी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक छक्का लगाते ही रोहित मुनरो को पीछे छोड़ देंगे। वैसे पिछले 4 साल में रोहित ने 154 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 263 छक्के लगाए हैं। दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के कप्तान इयॉन मॉर्गन हैं। उनके नाम 110 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 141 छक्के ही हैं।

रोहित ने टी20 इंटरनेशनल में पिछले 4 साल में सबसे ज्यादा चौके (159) लगाए हैं। विराट कोहली 141 चौकों के साथ इस मामले में चौथे नंबर पर हैं। हालांकि, ओवरऑल वह टॉप पर हैं। उन्होंने पिछले 4 साल के दौरान क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में कुल 1048 चौके लगाए हैं।

पिछले साल के दौरान रोहित ने सबसे ज्यादा टी20 अंतरराष्ट्रीय रन (1766) बनाए हैं। विराट कोहली 1617 रनों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। वहीं, विराट कोहली वनडे इंटरनेशनल में नंबर वन पर हैं। उन्होंने पिछले 4 साल के दौरान 4778 वनडे रन बनाए हैं। रोहित शर्मा 4377 रनों के साथ दूसरे नंबर पर हैं।


इस दौरान सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रनों की बात करें तो विराट कोहली नंबर वन पर हैं। उन्होंने एक जनवरी 2016 से अब तक 164 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। इसमें उन्होंने 10603 रन बनाए है। इस मामले में दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के कप्तान जो रूट हैं। रूट के 8467 रन हैं। रोहित शर्मा 7388 रनों के साथ तीसरे नंबर पर हैं।