कोरोनावायरस के कारण पूरा देश 14 अप्रैल तक के लिए लॉकडाउन है। इस दौरान क्रिकेटर घरों में बंद हैं। वे फोटो, वीडियो और इंस्टग्राम लाइव के जरिए फैंस से जुड़ रहे हैं। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी लगभग 9 महीने से पेशेवर क्रिकेटर से दूर हैं। वे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से वापसी करने वाले थे, लेकिन कोरोनावायरस के कारण टूर्नामेंट को 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया गया है। लॉकडाउन के दौरान धोनी की पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

दरअसल, धोनी आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान हैं। फ्रेंचाइजी ने धोनी की इस तस्वीर को ट्विटर पर शेयर किया है। इसमें माही अपने गार्डन में घास काटते हुए नजर आ रहे हैं। वे ब्लू ट्रैक सूट पहले हुए हैं। टीम इंडिया की जर्सी भी ब्लू ही है। इस तस्वीर में जिस चीज ने सबका ध्यान दिल जीता है वह है धोनी का गैरेज। इसमें 10 बाइक दिखाई सामने की ओर रखी हुई है। सभी जानते हैं कि धोनी बाइक के शौकिन हैं।

धोनी उन चुनिंदा क्रिकेटरों में से हैं, जो सोशल मीडिया पर बहुत कम सक्रिय रहते हैं। हालांकि, उनकी पत्नी साक्षी धोनी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वह अक्सर अपने घर, धोनी और बेटी जीवा की तस्वीरें और वीडियो शेयर करती रहती हैं। साक्षी ने ही पहले धोनी की तस्वीर शेयर कर बताया था कि लॉकडाउन के दौरान धोनी क्या कर रहे हैं। इसके बाद चेन्नई सुपरकिंग्स ने इसे ट्वीट किया।

कोरोनावायरस के कारण दुनिया भर में 95 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। भारत में अब तक 6400 से ज्यादा लोग इस खतरनाक वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, मरने वालों की संख्या 199 पहुंच गई है। फिलहाल किसी भी तरह के टूर्नामेंट के होने की संभावना बहुत कम ही है। ऐसे में फैंस को धोनी को मैदान पर देखने के लिए और भी इंतजार करना पड़ेगा।