भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले दुनिया के बेहतरीन स्पिनरों में से एक हैं। वे टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज हैं। उन्होंने 132 टेस्ट में 619 विकेट अपने नाम किए थे। वनडे में उनके नाम 337 विकेट हैं। कुंबले ने पाकिस्तान के खिलाफ 1999 में दिल्ली टेस्ट की एक पारी में सभी 10 विकेट अपने नाम किए थे। पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर सकलैन मुश्ताक ने कुंबले को सबसे खतरनाक स्पिनर बताया है। उनके मुताबिक पूर्व भारतीय कप्तान किसी भी विकेट पर सफलता हासिल करने में सक्षम थे।

मुश्ताक ने कहा, ‘‘ कुंबले बहुत ही मुश्किल विपक्षी रहे हैं। रातों की नीदें उड़ा देते हैं। खासकर पाकिस्तान ने जब भी भारत के खिलाफ मैच खेला है तो सबने 10 मिनट जरूर कुंबले के बारे में बात की है। बल्लेबाज हमेशा ये कहते थे कि कुंबले को अगर तुमने हल कर लिया तो तुम्हारा पर्चा हल हो गया। अगर इसको पकड़ लिया तो इंडिया को पकड़ लिया। मुसीबत डाल देते थे। स्लो और लो पिच पर सबसे ज्यादा खतरनाक थे। स्पिनर को टर्न और बाउंस पसंद है। यहां पे तो वे खतरनाक थे ही। जो 10 विकेट उन्होंने एक पारी में लिए थे वो स्लो और लो ट्रैक था। मैंने भी वह मैच खेला था। दोनों पारियों में 5-5 विकेट लिए थे।’’

मुश्ताक ने आगे कहा, ‘‘स्लो और लो ट्रैक पर गेंद करने में बहुत दम लगता है। ऐसी पिचों पर कुंबले सबसे ज्यादा खतरनाक थे। यहां शेन वॉर्न और मुरलीधरन को भी दिक्कत होती थी। मुझे भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। किसी भी स्पिनर को अगर पकड़ना है तो स्लो और लो ट्रैक बना दो, लेकिन कुंबले को समस्या नहीं होती थी। वे गेंद को ज्यादा टर्न नहीं कराते थे, लेकिन पूरे मैच को टर्न जरूर कर देते थे। उनका अग्रेशन फास्ट बॉलर की तरह था।’’

पाकिस्तानी स्पिनर ने आगे कहा, ‘‘वे बहुत ही दिमाग वाले क्रिकेटर थे। अच्छे इंसान थे। उन्हें पता था कि क्रिकेट एक गेम है, लेकिन इंसानियत भी कोई चीज है। मैं चश्मों के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। मैंने उनसे पूछा- अनिल भैया, मुझे कोई अच्छा आंख का डॉक्टर नहीं मिल रहा। तब उन्होंने मेरी मदद की थी। उन्होंने डॉक्टर का नंबर और पता दिया था।’’ सकलैन ने 49 टेस्ट में 208 विकेट अपने नाम किए थे। 169 वनडे में उन्होंने 288 विकेट लिए थे।