Move to Jagran APP

coronavirusworld: स्पेन में चार हजार से ज्यादा की मौत, जानें दुनिया का हाल

कोरोना वायरस के कहर से यूरोप में इटली के बाद स्पेन सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। देश में बीते 24 घंटों में 655 और पीड़ितों ने दम तोड़ दिया।

By Arun Kumar SinghEdited By: Published: Thu, 26 Mar 2020 11:46 PM (IST)Updated: Fri, 27 Mar 2020 06:23 AM (IST)
coronavirusworld: स्पेन में चार हजार से ज्यादा की मौत, जानें दुनिया का हाल
coronavirusworld: स्पेन में चार हजार से ज्यादा की मौत, जानें दुनिया का हाल

मैड्रिड, एजेंसियां। कोरोना वायरस के कहर से यूरोप में इटली के बाद स्पेन सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। देश में बीते 24 घंटों में 655 और पीड़ितों ने दम तोड़ दिया। इससे मरने वालों का आंकड़ा चार हजार के पार पहुंच गया है। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने कहा है कि 1936 से 1939 तक चले गृहयुद्ध के बाद देश के लिए यह सबसे मुश्किल घड़ी है। पेड्रो की पत्नी भी कोरोना से पीड़ित पाई गई हैं।

loksabha election banner

इटली के बाद सबसे ज्‍यादा मौत स्‍पेन में

स्पेन की संसद से 12 अप्रैल तक इमरजेंसी बढ़ाने के प्रस्ताव पर मुहर लगने के बाद देश में गुरुवार को लॉकडाउन का दायरा भी बढ़ा दिया गया। आवश्यक कार्य को छोड़ लोगों को घरों में ही रहने की हिदायत दी गई है। स्पेन में 14 मार्च को 15 दिन के लिए इमरजेंसी का एलान किया गया था। यूरोप में इटली के बाद सबसे ज्यादा मौत स्पेन में हो रही हैं। इटली में जान गंवाने वालों की संख्या साढ़े सात हजार से ज्यादा हो चुकी है।

फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने किया जंग का एलान

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों इमैनुएल ने 'अदृश्य दुश्मन' के खिलाफ जंग का एलान किया है। मैक्रों ने कहा, 'हम जंग में हैं और महामारी का सामना कर रहे हैं। इसलिए मैंने सैन्य ऑपरेशन शुरू करने का निर्णय लिया है।' फ्रांस में अब तक कोरोना वायरस के 25 हजार से ज्यादा मामलों की पुष्टि हुई है और 1300 से ज्यादा की जान जा चुकी है।

ग्रीस में मुस्लिम आबादी वाले इलाके लॉकडाउन

ग्रीस के कई शहरों में मुस्लिम आबादी वाले इलाकों को लॉकडाउन कर दिया गया है। यह कदम इन इलाकों में कोरोना वायरस के कई मामले पाए जाने और एक मौत के बाद उठाया गया।

ईरान में शहरों के बीच आवाजाही पर रोक

कोरोना महामारी पर अंकुश लगाने के प्रयास में ईरान ने शहरों के बीच आवाजाही पर रोक लगा दी है। इसके अलावा सभी सरकारी और गैर सरकारी जमावड़ों पर रोक लगाने समेत कई सख्त कदमों का भी एलान किया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में 157 और लोगों की मौत हो गई और 2,389 नए मामले पाए गए।

चीन में आठ दिन में छठी बार नहीं आया नया मामला

चीन में गत आठ दिनों में छठी बार स्थानीय स्तर पर संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया। लेकिन छह पीडि़तों की मौत हुई। देश में 67 नए मामलों की पुष्टि हुई, लेकिन ये सभी विदेश से आए लोग हैं। कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित मध्य चीन के हुबेई प्रांत की सीमाएं खोल दी गई हैं। इस प्रांत की राजधानी वुहान से ही कोरोना वायरस फैला था।

सिंगापुर में तीन साल की भारतीय भी कोरोना की चपेट में

सिंगापुर में 73 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसमें तीन साल की भारतीय लड़की भी शामिल है। सिंगापुर में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 631 हो गई है। अब तक दो पीडि़तों की मौत हुई है।

मलेशिया के राजा-रानी क्वारंटाइन

मलेशिया के शाही महल के सात स्टाफ के कोरोना संक्रमित पाए जाने पर राजा सुल्तान अब्दुल्ला और रानी तंकू अजीजा का भी टेस्ट किया गया। दोनों के टेस्ट निगेटिव पाए गए। इसके बावजूद शाही जोड़े ने खुद को 14 दिन के लिए क्वारंटाइन कर लिया है। मलेशिया में 1,796 मामले पाए गए हैं और 21 की मौत हुई है।

वियतनाम में विदेश से आए हजारों लोग क्वारंटाइन कैंप में

वियतनाम ने यूरोप और अमेरिका से लौटे हजारों नागरिकों को सैन्य क्वारंटाइन कैंपों में रखा है। इस तरह के कैंप में रखे गए लोगों की संख्या करीब 45 हजार बताई जा रही है। दूसरे पड़ोसी देशों के मुकाबले वियतनाम में संक्रमित लोगों की संख्या कम है।

सर्वाधिक प्रभावित देश

देश        मौत                संक्रमित

इटली     7,503            74,386

स्पेन     4,089              56,188

चीन      3287              81,285

ईरान     2,234             29,406

फ्रांस      1,331             25,233

अमेरिका 1037             68,814

ब्रिटेन      465              9,529

जर्मनी     224              39,572

स्विट्जरलैंड 171         11,316

दक्षिण कोरिया  131      9,241


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.