पंजाब में कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान हुई इस हत्या से सनसनी फैल गई है। जानकारी के मुताबिक 32 साल के कांग्रेस नेता तरणपाल सिंह को सीने में गोली मारी गई।

जानकारी के मुताबिक बीते सोमवार को बठिंडा के थामनगढ़ गांव में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। तरणपाल सिंह ने ही इस टूर्नामेंट के आयोजन करवाया था। मैच के दौरान तरणपाल सिंह का चचेरा भाई गुरजीत सिंह अपने साथियों के साथ होंडा सिटी कार से वहां पहुंचा था।

इस दौरान अचानक उसने अपने भाई तरणपाल सिंह के सीने में गोली दाग दी। बताया जा रहा है कि तरणपाल सिंह की तरफ से भी फायरिंग की गई है। इस फायरिंग में उनके चचेरे भाई गुरजीत सिंह को भी हाथ में गोली लगी है। इस घटना के बाद गुरजीत सिंह वहां से फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि गुरजीत और तरणपाल के बीच जब फायरिंग शुरू हुई तो वहां अफरातफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने इन दोनों के बीच झगड़े को सुलझाने की कोशिश की लेकिन तब तक दोनों ने एक-दूसरे पर गोली चला दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों ने एक-दूसरे को सामने से गोली मारी और फिर तरणपाल वहीं ढेर हो गए।

कौन हैं तरणपाल सिंह?
2017 में कांग्रेस में शामिल तरुणपाल सिंह तृणमूल कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर 2017 का विधान सभा चुनाव लड़ रहे थे। लेकिन 31 जनवरी 2017 को कांग्रेस उम्मीदवार हरमंदिर सिंह जस्सी जनसभा को संबोधन कर रहे थे तो उसी समय तरुणपाल सिंह ने तृणमूल कांग्रेस को अलविदा कहकर कांग्रेस का हाथ थामा था।

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में भी इसी दिन समाजवादी पार्टी के नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनपर गोली मारने का आरोप भारतीय जनता पार्टी के नेता के एक बेटे पर लगा है। इस मामले में भी आरोपी फरार है और पुलिस का कहना है कि उसे पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।