Move to Jagran APP

दिल्ली में 'शून्य' पर प्रियंका गांधी वाड्रा ने जोड़ लिए हाथ, वाराणसी एयरपोर्ट पर हुआ जोरदार स्वागत

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आजमगढ़ के बिलरियागंज जाने के लिए बुधवार की सुबह करीब दस बजे वाराणसी से रवाना हुईं।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Published: Wed, 12 Feb 2020 10:21 AM (IST)Updated: Wed, 12 Feb 2020 03:12 PM (IST)
दिल्ली में 'शून्य' पर प्रियंका गांधी वाड्रा ने जोड़ लिए हाथ, वाराणसी एयरपोर्ट पर हुआ जोरदार स्वागत
दिल्ली में 'शून्य' पर प्रियंका गांधी वाड्रा ने जोड़ लिए हाथ, वाराणसी एयरपोर्ट पर हुआ जोरदार स्वागत

वाराणसी, जेएनएन। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार की सुबह करीब दस बजे वाराणसी पहुंचीं। एलबीएस एयरपोर्ट पर उनका स्‍वागत स्‍थानीय कांग्रेसजनों ने किया और कुछ ही देर में प्रियंका आजमगढ़ के लिए सड़क मार्ग से निकल गईं। वह बिलरियागंज में करीब डेढ़ घंटे रहेंगी। सीएए का विरोध करने वाली महिलाओं के बीच दोपहर एक से ढाई बजे तक रहने के बाद वाराणसी लौटेंगी। सुरक्षा के लिहाज से बिलरियागंज में फोर्स की ड्यूटी सुनिश्चित कर दी गई है।

loksabha election banner

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को 9.50 बजे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचीं। हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन के आगमन क्षेत्र में पूर्व सांसद राजेश मिश्रा‚ पूर्व विधायक अजय राय के साथ ही कांग्रेस के अन्य नेताओं ने उनकी अगवानी की। उसके बाद मुख्य टर्मिनल भवन से बाहर निकलने पर बाहर पहले से ही मौजूद कांग्रेस के अन्‍य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

इस दौरान वहां मौजूद मीडियाकर्मियों ने दिल्ली में आये चुनाव परिणाम से जुड़े कई प्रश्न किए, लेकिन प्रियंका जवाब दिए बगैर हाथ जोड़ते हुए सीधे गाड़ी में बैठ गईं। प्रियंका 10:05 बजे वाराणसी एयरपोर्ट से आजमगढ़ के लिए निकल गईं। प्रियंका के आगमन के दौरान के दौरान मुख्य टर्मिनल भवन के बाहर मौजूद कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में नारेबाजी भी किया।

आजमगढ़ जाते समय जौनपुर में प्रियंका वाड्रा का हुआ स्वागत

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व पूर्वांचल प्रभारी प्रियंका वाड्रा का आज़मगढ़ के बिलियारगंज जाते समय जगदीशपुर रेलवे क्रासिंग व जोगियापुर स्थित कांग्रेस के कैंप कार्यालय के समीप कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान वह आज़मगढ़ पहुंचने में देर होने की बात कहते हुए मीडिया से बात करने से बचती रहीं और आगे बढ़ गईं।

गिरफ्तारी के बाद से ही प्रतिरोध जारी

बिलरियागंज के मौलाना अली जौहर पार्क में पांच फरवरी को सीएए के विरोध में मुस्लिम महिलाओं के धरने के दौरान तड़के हंगामा, बवाल के बाद पुलिस ने आंसू गैस छोड़े गए थे। ओलमा कौंसिल के राष्ट्रीय सचिव समेत 20 लोगों की गिरफ्तारी के बाद से ही प्रतिरोध जारी है। कांग्रेस एवं सपा भी एक दूसरे को निशाने पर लिए हुईं हैं। जिले के सांसद एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश सिंह यादव पार्टी का प्रतिनिधिमंडल बिलरियागंज पहले ही भेज चुके हैं। कांग्रेस भी ऐसा कर चुकी है। राजनीतिक पार्टी के लोग जेल में निरुद्ध लोगों से मिल भी चुके हैं। 

प्रियंका की सुरक्षा को लेकर सख्त प्रबंध

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। प्रशासन ने बिलरियागंज कस्बा में स्थान निर्धारित कर लिया गया है, जहां कांग्रेस नेत्री महिलाओं से मुलाकात करेंगी। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने कस्बे के लोगों से मिलकर सुरक्षा के संबंध में वार्ता भी की। उनके आगमन से एक दिन पूर्व बिलरियागंज विकास खंड कार्यालय परिसर में पुलिस कर्मियों की ब्रीफिंग भी की गई। प्रियंका गांधी वाड्रा बिलरियागंज में बवाल के दिन सीएए के विरोध में धरने पर बैठी महिलाओं से मिलने व उनका दुख दर्द जानने पहुंच रहीं हैं। उनके आगमन की खबर से पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के माथे पर बल पड़ गया। अधिकारी उनकी सुरक्षा को लेकर ताना बाना बुनने लगे।

अयूब नगर मोहल्ला में महिलाओं से करेंगी मुलाकात

प्रियंका गांधी को महिलाओं से मिलाने के लिए स्थान निर्धारित कर लिया है। बिलरियागंज कस्बा के अयूब नगर मोहल्ला निवासी सलमान के हाता में महिलाओं से मुलाकात कराई जाएगी। लगभग 25 से 30 मुलाकात करने वाली महिलाओं की अभी तक सूची बनायी जा रही है। प्रशासन का प्रयास होगा कि मिलने वाली महिलाओं की पहले से जो सूची निर्धारित हो उसी से मुलाकात कराई जाए।

यह था मामला

बिलरियागंज कस्बा में पांच फरवरी को सीएए व एनआरसी के विरोध में मौलाना अली जौहर पार्क में धरना प्रदर्शन कर रही महिलाओं के धरने पर बैठने के दौरान बवाल हो गया था। उसी मामले में मौलाना ताहिर मदनी समेत बीस लोगों को गिरफ्तारी हुई थी। 35 नामजद व सैकड़ों अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। मुख्य आरोपित नुरुल हुदा, ओसामा व मिर्जा शाह आलम बेग की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इस मामले में पुलिसिया कार्रवाई को लेकर जिले का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया।

जिले में धारा 144 लागू

जिले में धारा 144 लागू है। धरना प्रदर्शन व जनसभा करने की अनुमति नहीं है। प्रियंका गांधी महिलाओं से मुलाकात के लिए आ रही हैं, इसलिए प्रशासन ने उन्हें सिर्फ मुलाकात करने की अनुमति दी है। उनके साथ डेलीगेट रहेगा या नहीं इसकी जानकारी नहीं है। प्रोटोकॉल में सिर्फ प्रियंका गांधी का नाम है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

-प्रो. त्रिवेणी सिंह, पुलिस अधीक्षक। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.