मनमोहन सिंह ने कहा- देश में लोकतंत्र की उदार संस्थाओं को मजबूत करने की जरूरत
किताब के लेखक और कांग्रेस नेता अश्विनी कुमार ने कहा कि अनंतकाल तक हमारा मकसद मानव सम्मान होना चाहिए।
नई दिल्ली, प्रेट्र। पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह ने सीएए के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बीच कहा कि भारत में लोकतंत्र की उदार संस्थाओं को मजबूत करने की जरूरत है। संविधान की रक्षा के लिए इन पर जोर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं ने हाल ही में देश को अहसास कराया है कि प्रबुद्ध नागरिकों की हिफाजत में देश की आजादी सुरक्षित है।
मनमोहन ने किया पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार की किताब का विमोचन
पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार की किताब 'ह्यूमन डिगनिटी-ए परपज इन परपेट्यूटी' के विमोचन पर मनमोहन सिंह ने कहा कि जब भी मूलभूत स्वतंत्रता के लिए खतरा महसूस हुआ है हमारे उदार और उदारवादी लोकतंत्र को कई अवसरों पर परीक्षा देनी पड़ी है। वर्षो से इन संस्थाओं को पोषित किया गया है। इन्हें और मजबूत करने की जरूरत है। संविधान को बचाने के लिए हम सब को और आग्रह करना चाहिए। पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि कानून के तहत समानता के आधार पर अगर नागरिक रहेंगे तभी हमारे जीवन में स्वतंत्रता के विचार को आकार दिया जा सकता है।
अनंतकाल तक हमारा मकसद मानव सम्मान होना चाहिए
मनमोहन सिंह ने ऐसे समय में यह वक्तव्य दिया है जब नागरिकता संशोधन कानून का विरोध हो रहा है और केरल सरकार ने नए कानून को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। इस पर किताब के लेखक और कांग्रेस नेता अश्विनी कुमार ने कहा कि अनंतकाल तक हमारा मकसद मानव सम्मान होना चाहिए।
गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल आज , यातायात पर प्रतिबंध
राजधानी में गणतंत्र दिवस के मौके पर होने वाली परेड की रिहर्सल 20 और 21 जनवरी को भी होगी। विजय चौक से इंडिया गेट होते हुए राजपथ पर सी-हैक्सागन तक आयोजित होने वाली रिहर्सल परेड के दौरान कई मार्गो पर वाहनों का प्रवेश बंद होगा और कई मार्गो पर डायवर्जन किया जाएगा। यातायात पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक राजपथ पर परेड की निर्बाध आवाजाही को सुगम बनाने के लिए रफी मार्ग, जनपथ और मान सिंह रोड पर सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक यातायात पर प्रतिबंध रहेगा।
राजपथ यातायात के लिए बंद रहेगा
विजय चौक से इंडिया गेट तक भी राजपथ यातायात के लिए बंद रहेगा। इस दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने, यातायात नियमों, सड़क अनुशासन का पालन करने और सभी चौराहों पर तैनात यातायात पुलिस कर्मियों के निर्देश को मानने की अपील की है।