दिल्ली की अनाजमंडी में रविवार (08 दिसंबर) को लगी आग के मामले में पुलिस ने इमारत के मालिक रेहान को हिरासत में ले लिया है। इस अग्निकांड में 43 लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने उसपर भारतीय दंड संहिता की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या) और धारा 285 (आग या ज्वलनशील पदार्थ के संदर्भ में लापरवाही) के तहत मामला दर्ज किया है। दल्ली सरकार ने आग लगने की घटना में मारे गए लोगों को 10 – 10 लाख रुपए और झुलसे लोगों को एक-एक लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली के अनाज मंडी क्षेत्र में आग की घटना में मारे गए लोगों के परिजन के लिए दो दो लाख रुपए मुआवजा राशि की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि प्रधानमंत्री ने आग में झुलसे लोगों को भी प्रति व्यक्ति 50,000 रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को दिल्ली के अनाज मंडी इलाके में लगी आग में 43 लोगों की मौत पर शोक जताया और राज्य के रहने वाले मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के अनाज मंडी क्षेत्र की एक फैक्ट्री में आग लगने की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। पुलिस ने बताया कि रानी झांसी रोड पर यहां रविवार सुबह अनाज मंडी क्षेत्र की एक फैक्ट्री में आग लग गई, जिसमें कम से कम 43 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि कई फंसे लोगों को बाहर निकाला गया है और उन्हें आरएमएल अस्पताल और हिंदू राव अस्पताल पहुंचाया गया है। राहुल गांधी ने इस घटना के बारे में ट्वीट किया, ‘दिल्ली के अनाज मंडी में, भीषण आग लगने से कई लोगों की मौत और अनेक लोगों के घायल होने की खबर से आहत हूं। मृतकों के परिवारों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’

दिल्ली में रानी झांसी रोड पर अनाज मंडी इलाके में भीषण आग लगने से 43 लोगों की मौत हो गई। जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए। करीब 50 लोगों को आग से बचा लिया गया है। मौके पर 30 फायर ब्रिगेड की गाड़िया मौजूद हैं। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि आग लगने की जानकारी रविवार (08 दिसंबर) सुबह पांच बजकर 22 मिनट पर मिली जिसके बाद दमकल की 30 गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि मकान में फंसे कई लोगों को बाहर निकालकर आरएमएल अस्पताल एवं हिंदू राव अस्पताल ले जाया गया है।

Live Blog

17:52 (IST)08 Dec 2019
‘आप’ ने भाजपा पर लगाया अनाज मंडी अग्निकांड पर राजनीति करने का आरोप

आम आदमी पार्टी ने अनाज मंडी में लगी भीषण आग के मामले पर भाजपा पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा शासित नगर निगम को घातक घटना के लिए जवाबदेह ठहराना चाहिए। ‘आप’ के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली नगर निगम की जिम्मेदारी है कि वह उस फैक्टरी को बंद करें जो अवैध रूप से चलाई जा रही है। ‘आप’ के प्रवक्ता राघव चड्ढा ने कहा कि यह ‘शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण’ है कि भाजपा आग लगने की घटना पर राजनीति कर रही है।

15:27 (IST)08 Dec 2019
दिल्ली अग्निकांड: दमकलकर्मी ने इमारत में फंसे 11 लोगों को बचाया

दिल्ली के अनाज मंडी इलाके में रविवार (08 दिसंबर) को जलती इमारत में सबसे पहले घुसने वाले दमकलर्किमयों में से एक राजेश शुक्ला ने 11 लोगों की जान बचाई। दिल्ली अग्निशमन सेवा के कर्मी शुक्ला को इस बचाव अभियान के दौरान पैर में चोट आई और उनका भी एलएनजेपी अस्पताल में इलाज चल रहा है। दिल्ली के गृह मंत्री सत्येंद्र जैन ने अस्पताल में शुक्ला से मुलाकात की।

14:45 (IST)08 Dec 2019
गहलोत ने दिल्ली में आग की घटना पर जताया दुख

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दिल्ली की अनाज मण्डी के पास स्थित एक फैक्ट्री में आग लगने की घटना में रविवार (08 दिसंबर) को कई लोगों के मारे जाने पर गहरा दु:ख व्यक्त किया। एक सरकारी बयान के अनुसार गहलोत ने इस दर्दनाक हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और अस्पताल में भर्ती घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

13:08 (IST)08 Dec 2019
दिल्ली में आग: दिल्ली पुलिस ने फैक्ट्री मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया

दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में रानी झांसी रोड पर अनाज मंडी स्थित फैक्ट्री में लगी आग के संबंध में फैक्ट्री मालिक के खिलाफ रविवार (08 दिसंबर) को मामला दर्ज किया। इस घटना में 43 श्रमिकों की मौत हो गई है। पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री मालिक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 304 (गैरइरादन हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

12:14 (IST)08 Dec 2019
दिल्ली में आग: सोनिया गांधी ने जताया दुख

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दिल्ली के अनाज मंडी क्षेत्र में रविवार (08 दिसंबर) को लगी आग की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए केन्द्र और राज्य सरकारों के अधिकारियों से पीड़ितों और मृतकों के परिवार को हर संभव मदद मुहैया कराने की अपील की। पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, ‘गांधी ने भयावह घटना में मारे गए लोगों के परिवार और उनके प्रियजन के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकतम लोगों का जीवन को बचाय जाने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की उम्मीद जाहिर की।’ उन्होंने केन्द्र और राज्य सरकारों से पीड़ितों और मृतकों के परिवार को हर संभव मदद मुहैया कराने की अपील भी की।

11:45 (IST)08 Dec 2019
घटना की होगी जांच, दोषियों के खिलाफ की जाएगी कड़ी कार्रवाई: मंत्री इमरान हुसैन

दिल्ली के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन ने अनाज मंडी क्षेत्र स्थित फैक्ट्री में लगी आग के मद्देनजर रविवार (08 दिसंबर) को कहा कि आग लगने की इस घटना की जांच की जाएगी और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘यह दुखद घटना है। घटना की जांच की जाएगी और इसके लिए जो भी जिम्मेदार होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी...।’

11:35 (IST)08 Dec 2019
दिल्ली सरकार ने दिया जांच का आदेश

दिल्ली सरकार ने अनाज मंडी क्षेत्र में लगी आग के मामले में जांच का आदेश दे दिया हैं। दिल्ली के राजस्व मंत्री कैलाश गहलोत ने बयान देते हुए कहा कि इस घटना की जांच होने के बाद रिपोर्ट सात दिन में पेश किया जाएगा।  

11:08 (IST)08 Dec 2019
दिल्ली आग: राहुल गांधी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के अनाज मंडी क्षेत्र की एक फैक्ट्री में आग लगने की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। पुलिस ने बताया कि रानी झांसी रोड पर यहां रविवार (08 दिसंबर) की सुबह अनाज मंडी क्षेत्र की एक फैक्ट्री में आग लग गई, जिसमें कम से कम 43 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि कई फंसे लोगों को बाहर निकाला गया है और उन्हें आरएमएल अस्पताल और हिंदू राव अस्पताल पहुंचाया गया है।

10:40 (IST)08 Dec 2019

प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली में आग की घटना पर दुख जताते हुए कहा, 'आग की घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं, आग में झुलसे लोगों के तेजी से ठीक होने की कामना करता हूं।' 

10:05 (IST)08 Dec 2019
हादसे पर अरविंद केजरीवाल ने जताया दुख

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के अनाज मंडी क्षेत्र में आग लगने की घटना पर बयान देते हुए कहा, 'आग लगने की खबर मिली है। बचाव कार्य जारी है और दमकलकर्मी लोगों को बचाने की सर्वश्रेष्ठ कोशिश कर रहे हैं।

10:01 (IST)08 Dec 2019
भीषण आग से 35 की मौत, 50 लोगों को बचाया गया

दिल्ली के फिल्मिस्तान इलाके में लगी भीषण आग में  कई लोगों के मरने की बात सामने आई है। इसमें  35 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ 50 से ज्यादा लोगों को बचाया भी गया है। 

09:48 (IST)08 Dec 2019
दिल्ली के एक मकान में लगी आग, 35 लोगों की मौत

राष्ट्रीय राजधानी में रानी झांसी रोड पर अनाज मंडी स्थित एक मकान में रविवार (08 दिसंबर) की सुबह आग लगने की घटना में 35 लोगों की मौत हो गई है। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि आग लगने की जानकारी सुबह पांच बजकर 22 मिनट पर मिली जिसके बाद दमकल की 30 गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया।